'मैं शोज करता हूं तो 10 बॉडीगार्ड ले जाता हूं क्योंकि....', सोनू निगम के मामले पर भड़के मीका सिंह
Mika Singh: मीका सिंह ने सोनू निगम के साथ एक तस्वीर शेयर की है और ट्वीट करते हुए लिखा है- सोनू निगम के साथ जो हुआ वह बहुत दुखद और चौंकाने वाला है।

Mika Singh: बॉलीवुड के फेमस सिंगर सोनू निगम इस समय सुर्खियों में छाए हुए हैं। सोनू निगम के साथ एक लाइव कंसर्ट के दौरान मारापीट और हाथापाई हुई थी जिसके बाद सभी सिंगर्स अपनी अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। इसी कड़ी में मशहूर सिंगर मीका सिंह ने भी अपनी बात सामने रखी है। मीका सिंह ने सिंगर सोनू निगम के सेल्फी मामले में हुई हाथापाई को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। मीका सिंह ने ट्विटर पर इस घटना को 'दुखद और चौंकाने वाला' बताया है। उन्होंने ये भी कहा कि उत्तर भारत में शो करते समय वह अपने साथ कम से कम 10 बॉडीगार्ड रखते हैं। हालांकि मीका सिंह के अनुसार मुंबई में शो करते समय उन्हें बॉडीगार्ड्स की जरूरत नहीं पड़ती है। वह मुंबई में काफी सेफ महसूस करते हैं।
मीका सिंह ने कहा- मैं 10 बॉडीगार्ड रखता हूं
मीका सिंह ने सोनू निगम के साथ एक तस्वीर शेयर की है और ट्वीट करते हुए लिखा है- सोनू निगम के साथ जो हुआ वह बहुत दुखद और चौंकाने वाला है कि सम्मानित सिंगर पर इस तरह का हमला किया गया, वह भी मुंबई में। जब भी मैं भारत के उत्तरी भाग में शो करता हूं तो मेरे साथ हमेशा कम से कम 10 बॉडीगार्ड होते हैं। लेकिन मुंबई में मेरे साथ बॉडीगार्ड नहीं होते क्योंकि यह भारत का सबसे खूबसूरत और सबसे सुरक्षित शहर है। मैं यहां सेफ फील करता हूं।

सोनू निगम के साथ हुई हाथापाई
पुलिस के अनुसार स्वप्निल को कथित तौर पर सोनू निगम और उनके दोस्तों के साथ मारपीट करने के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है। उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। आपको बता दें कि इस घटना में सोनू निगम के सहयोगी रब्बानी खान घायल हो गए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

ISRA ने की सोनू निगम के साथ हुई घटना की निंदा
हाल ही में इंडियन सिंगर्स राइट्स एसोसिएशन (ISRA) ने मुंबई के चेंबूर इलाके में सोनू निगम के लाइव कंसर्ट के दौरान हुई घटना की निंदा की है। सीईओ संजय टंडन ने एएनआई से बात करते हुए कहा है- घटना बिल्कुल निंदनीय है। जिस तरह से धक्का-मुक्की की गई, ये बिल्कुल गलत है। टीम के सदस्यों और परिवार के सदस्यों को चोटें आई हैं और सोनू निगम को भी चोट आई है। ऐसी घटनाओं से बचना चाहिए चाहे वह कोई भी हो। पुलिस ने पहले ही शिकायत दर्ज कर ली है। मामले की जांच हो रही है।

सेलिब्रेटी के साथ ऐसा घटना नहीं होनी चाहिए
सीईओ संजय टंडन ने आगे कहा- सोनू निगम सेलिब्रिटी हैं। हर इंसान उनके साथ एक तस्वीर खिंचवाना चाहता है लेकिन ऐसा करने का एक सही तरीका होना चाहिए। अगर वह इस तरह से सिंगर्स पर झपटते हैं, तो उनकी सुरक्षा दांव पर लग जाती है।

सिंगर्स के लिए सुरक्षा व्यवस्था होनी चाहिए
संजय टंडन ने आगे कहा- सिंगर थक सकता है या उसका फोटो क्लिक करवाने का मूड नहीं भी हो सकता है। ऐसे हालात में, अगर कोई सेलिब्रेटी किसी फैन से 'चले जाओ' कहता है, तो मीडिया उसे 'असभ्य' और 'घमंडी' के रूप में दिखाने लगती है। इसलिए मैं सभी राज्य सरकारों से सिंगर्स के लिए सुरक्षा व्यवस्था करने की अपील करता हूं।












Click it and Unblock the Notifications