खुद से 5 साल छोटी चित्रानी के साथ कैसे शुरु हुई बप्पी दा की लव स्टोरी? जानिए
बप्पी लहरी ने खुद इस बारे में बताया था कि चित्रानी के साथ उनकी लव स्टोरी कैसे शुरू हुई।
नई दिल्ली, 16 फरवरी: जाने-माने म्यूजिक डायरेक्टर और प्लेबैक सिंगर बप्पी लहरी का लंबी बीमारी के बाद मंगलवार देर रात मुंबई के एक हॉस्पिटल में निधन हो गया। परिवार से जुड़े लोगों ने बताया कि बप्पी लहरी का अंतिम संस्कार गुरुवार को सुबह 10 बजे किया जाएगा। बप्पी लहरी के परिवार में उनकी पत्नी चित्रानी और दो बच्चे बप्पा और रेमा लहरी हैं। एक चैट शो के दौरान बप्पी लहरी ने बताया था कि जिस समय उनकी शादी हुई तो उनकी उम्र 23 साल और उनकी पत्नी चित्रानी की उम्र 18 साल थी। इसी चैट शो में बप्पी लहरी ने इस बात का भी खुलासा किया कि चित्रानी से उनकी मुलाकात कैसे हुई थी।

'प्यार मांगा है' गीत से है लव स्टोरी का कनेक्शन
चैट शो 'जीना इसी का नाम है' में अपनी लव स्टोरी का जिक्र करते हुए बप्पी लहरी ने बताया, 'हमारी कहानी 'प्यार मांगा है' गीत की रिकॉर्डिंग के दौरान शुरू हुई थी। मैं तारेदव के एक स्टूडियो में इस गाने की रिकॉर्डिंग के लिए गया था और चित्रानी भी वहां आईं थी। मैंने उस गीत 'प्यार मांगा है तुम्हीं से, ना इनकार करो, पास बैठो जरा आज तुम, इकरार करो' के बोल गाए और ये पूरा गीत एक तरह से चित्रानी के लिए ही था।'

'बस फिर क्या हुआ, पता नहीं'
शो के दौरान जब बप्पी लहरी से पूछा गया कि उनकी और चित्रानी की मुलाकात कैसे हुई तो उन्होंने मुस्कुराते हुए बताया, 'दरअसल, हम दोनों फैमिली फ्रेंड थे, बचपन से ही...बस फिर क्या हुआ, पता नहीं। इसके बाद हम दोनों ने जल्दी ही शादी कर ली। जिस वक्त हमारी शादी हुई, तो मेरी उम्र 23 साल थी और चित्रानी 18 साल की थीं। हमारी पहली मुलाकात कोलकाता में हुई थी और उस वक्त हम दोनों बहुत छोटे थे।'

'वो गाना हिट नहीं था, लेकिन मैंने पूरे मन से गाया'
बप्पी लहरी ने आगे बताया, 'मैं जब भी चित्रानी से मिलता था तो उनसे मुझे एक प्रेरणा मिलती थी। उसी दौरान मैंने 'प्रतिमा और पायल' फिल्म के एक गाने की रिकॉर्डिंग की और वो गाना बहुत हिट साबित नहीं हुआ। लेकिन, मैंने वो गाना अपने पूरे दिल से गाया, क्योंकि ये गीत चित्रानी से ही प्रेरित था। यही नहीं, इस गीत में चित्रानी का नाम भी था।' आपको बता दें कि बप्पी लहरी की पत्नी चित्रानी भी म्यूजिक से जुड़े परिवार से ही हैं।

कंपोज किए 12 सुपर हिट सिल्वर जुबली फिल्मों के गाने
बप्पी लहरी ने अपने म्यूजिक करियर में बेमिसाल उपलब्धियां हासिल की। 1983 से 1985 के दौरान उन्होंने लगातार 12 सुपर हिट सिल्वर जुबली फिल्मों के गाने कंपोज करने का एक रिकॉर्ड भी कायम किया। इन फिल्मों में लीड रोल अभिनेता जितेंद्र ने निभाया था। इसके अलावा फिल्म नमक हलाल में उनका सुपर हिट गाना 'पग घुंघरू बांध मीरा नाची थी' करीब 12 मिनट लंबा था। बप्पी लहरी खुद के लिए गोल्ड का लकी मानते थे और इसीलिए गले में सोने की 7-8 चेन पहनकर रहते थे।

किशोर कुमार से थे पारिवारिक संबंध
आपको बता दें कि महान संगीतकार किशोर कुमार से बप्पी लहरी के पारिवारिक संबंध थे। दरअसल किशोर कुमार रिश्ते में बप्पी लहरी के मामा लगते थे। पारिवारिक संबंधों के अलावा किशोर कुमार और बप्पी लहरी के बीच म्यूजिक की दुनिया में भी एक रिश्ता था और दोनों ने फिल्म चलते-चलते, शराबी, तोहफा, मोहब्बत जैसी कई फिल्मों के एक साथ रिकॉर्डिंग की।
ये भी पढ़ें- निधन के बाद अपने परिवार के लिए कितनी संपत्ति छोड़ गए हैं बप्पी लहरी?











Click it and Unblock the Notifications