जब अक्षय ने बनाया रितेश और विद्या को बेवकूफ, एक के फोन से दूसरे को भेजा आई लव यू का मैसेज
मुंबई, 1 अप्रैल: अप्रैल की पहली तारीख को दूसरों को मूर्ख बनाने यानी अप्रैल फूल मनाने का चलन कई सौ साल से चला आ रहा है। इस दिन कोई किसी को बेवकूफ बना दे तो उसका बुरा नहीं माना जाता। इस दिन तो बहुत से लोग किसी को बेवकूफ बनाते हैं लेकिन अक्षय कुमार बॉलीवुड के ऐसे एक्टर हैं, जो इसके लिए किसी खास दिन का इंतजार नहीं करते, कभी भी साथी कलाकारों के साथ मजाक कर देते हैं। एक बार तो उन्होंने रितेश के फोन से विद्या बालन को आई लव यू का मैसेज ही भेज दिया था।

खुद रितेश ने बताया था किस्सा
अक्षय कुमार और रितेश देशमुख ने कई फिल्मों में साथ काम किया है। बीते साल टीवी शो 'कपिल शर्मा शो' पर दोनों सितारे आए थे। इस दौरान रितेश ने फिल्म 'हे बेबी' की शूटिंग का किस्सा बताया था। जिसमें अक्षय और रितेश के साथ विद्या बालन हीरोइन थीं। रितेश देशमुख ने बताया फिल्म 'हे बेबी' की शूटिंग चल रही थी तो अक्षय कुमार ने उनका फोन चुपके से उठाया विद्या बालन को आई लव यू, मुआह' का मैसेज कर दिया।

विद्या का रिप्लाई देख चौंके रितेश
रितेश ने बताया कि उनको इस मैसेज का कोई अंदाजा नहीं था, उन्होंने देखा कि विद्या ने भी उनको उसी तरह का मैसेज कर दिया है। वो चौंके तो अक्षय कुमार पीछे बैठे हुए हंस पड़े। पता चला कि विद्या के फोन से भी अक्षय कुमार ने ही मैसेज किया था। जिस पर पूरी टीम अपनी हंसी नहीं रोक सकी।

अक्षय ने मौनी के साथ भी किया था मजाक
अक्षय कुमार ने फिल्म 'गोल्ड' के वक्त एक्ट्रेस मौनी रॉय के साथ भी एक मजाक किया था। फिल्म में अक्षय कुमार की पत्नी बनी मौनी के साथ सेट पर कुछ ऐसा हुआ था कि वो रोने लगी थीं। दरअसल फिल्म के सेट अक्षय कुमार ने मौनी के साथ एक प्रैंक किया था। अक्षय एक रिपोर्टर बनकर मौनी का इंटरव्यू लेते हैं,जब मौनी पूरा इंटरव्यू दे देती हैं तब उन्हें पता चलता है कि वो रिपोर्टर कोई और नहीं बल्कि अक्षय कुमार हैं। इसके बाद वो झेंप जाती हैं और रोने लगती हैं।












Click it and Unblock the Notifications