करवा चौथ को लेकर ये क्या बोल गईं काजोल, कहा- मेरी दो फिल्मों ने महिलाओं के लिए खराब कर दिया ये पर्व
Kajol On Karwa Chauth: बॉलीवुड एक्ट्रेस काजोल इन दिनों फिल्म 'लस्ट स्टोरीज 2' को लेकर सुर्खियों में छाई हुई हैं। इस फिल्म में काजोल की एक्टिंग की लोग जमकर चर्चा कर रहे हैं। काजोल ने एक प्रमोशनल इवेंट के दौरान करवा चौथ को लेकर एक बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा है कि किस तरह से उनकी फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' और 'कभी खुश कभी गम' ने करवा चौथ को खराब कर दिया है।
आपको बता दें कि काजोल की इन दोनों फिल्मों में करवा चौथ के व्रत को बड़े ही धूमधाम से मनाते हुए दिखाया गया है। फिल्मों में करवा चौथ पर महिलाएं दमदार ज्वैलरी और नए कपड़े पहनकर व्रत करती नजर आती हैं। साथ ही इस व्रत पर खूब गाना-बजाना भी किया जाता है। हालांकि काजोल को इस तरह करवा चौथ का व्रत मनाए जाने से काफी दिक्कत है।

काजोल ने करवा चौथ को लेकर दिया ये बयान
'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' में काजोल सिमरन के किरदार में नजर आई थीं। इस फिल्म में वह शाहरुख खान के किरदार राज के लिए करवा चौथ का व्रत रखती हैं। इसे सेलिब्रेट करने के लिए सभी महिलाएं सज-धजकर घर में एक जगह इकट्ठा होती हैं और सारी रस्में निभाई जाती हैं। करवा चौथ के मौके पर पूरे घर को भी सजाया जाता है और खूब गाना बजाना चलता है। उसी तरह 'कभी खुशी कभी गम' फिल्म में भी लंदन में करवा चौथ के व्रत को काफी धूमधाम से मनाया गया था।
'करवा चौथ एक बहुत बड़ा फंक्शन बन गया है'
काजोल ने इस बारे में ह्यूमंस ऑफ सिनेमा से बात करते हुए कहा- मेरी दोनों फिल्में 'कभी खुशी कभी गम' और 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' में जो करवा चौथ दिखाया गया था, उसने सभी पुरुषों और महिलाओं के लिए इस पर्व को खराब कर दिया है। अब महिलाओं को अच्छे कपड़े पहनने होते हैं। पहले ये काफी सिंपल सेरिमनी होती थी लेकिन अचानक ही करवा चौथ एक बहुत बड़ा फंक्शन बन गया है।
'अब करवा चौथ को बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है'
काजोल ने अपनी बातचीत में आगे कहा- इन दिनों करवा चौथ एक फैशन डील बन गया है, जहां हर किसी को तैयार होना पड़ता है। महिलाओं को भारी ज्वैलरी पहननी पड़ती है। पूरी दुकान बनकर बैठ जाओ बस। जब तक आप अच्छी दिख रही हैं, तब तक भूख भी नहीं लगेगी। काजोल ने कहा कि उन्हें कई ऐसी महिलाएं मिलीं है जिन्होंने उनसे आकर कहा है कि फिल्मों ने हमारे लिए करवा चौथ खराब कर दिया है। उन्होंने कहा- लोग जानना चाहते हैं कि सेलेब्रिटीज करवा चौथ कैसे मनाते हैं और अब तो पैपराजी भी सेलेब्स के घर के बाहर आ जाते हैं और पूछते हैं कि चांद देखा कि नहीं इस साल।
14 जुलाई को रिलीज होगी काजोल की वेब सीरीज
आपको बता दें कि बॉलीवुड एक्ट्रेस काजोल हाल ही में फिल्म 'लस्ट स्टोरीज 2' में नजर आई थीं। ये फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है। वहीं जल्द ही वह वेब सीरीज 'द ट्रायल' में भी नजर आने वाली हैं। काजोल की ये सीरीज आगामी 14 जुलाई 2023 को ओटीटी प्लेटफॉर्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज होगी।












Click it and Unblock the Notifications