विवेक अग्निहोत्री का खुलासा- द कश्मीर फाइल्स के लिए गाना गाने को तैयार हो गई थीं लता दीदी, लेकिन...
नई दिल्ली, 23 मार्च: कश्मीरी पंडितों के ऊपर बनी फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' को लोग खूब पसंद कर रहे हैं। ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कमाई के रिकॉर्ड तोड़ रही, लेकिन बहुत कम ही लोग जानते हैं कि सुर कोकिला लता मंगेशकर इस फिल्म में अपनी आवाज देने वाली थीं। अब उनसे जुड़ा किस्सा फिल्म के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने साझा किया है।

लोक गीत किया था रिकॉर्ड
ईटाइम्स को दिए इंटरव्यू में विवेक ने कहा कि उन्होंने फिल्म में एक गीत गाने के लिए लता मंगेशकर से संपर्क किया। इसमें कोई गाना नहीं है, क्योंकि ये दुख की घटना पर आधारित है। ये फिल्म नरसंहार के पीड़ितों के लिए एक श्रद्धांजलि भी है। उन्होंने कहा कि मैंने वास्तव में एक कश्मीरी गायक का लोक गीत रिकॉर्ड किया था। वो चाहते थे कि लता दीदी उसे गाएं।

सपना नहीं हो सका साकार
विवेक के मुताबिक लता दीदी ने फिल्मों में गाना बंद कर दिया था, लेकिन उन्होंने उनसे अनुरोध किया। वो उनकी पत्नी पल्लवी की काफी करीबी थीं। उन्होंने कहा था कि कोविड खत्म होने के बाद वो एक गाना रिकॉर्ड करेंगी। इसके अलावा उनको स्टूडियो जाने की भी इजाजत नहीं थी, जिस वजह से वो घर पर ही सारी चीजें सेट कर वहां रिकॉर्ड करते। विवेक ने कहा कि उनका ये सपना साकार हो पाता उससे पहले लता मंगेशकर ने दुनिया को अलविदा कह दिया।

6 फरवरी को हुआ था निधन
आपको बता दें कि इस साल की शुरुआत में लता मंगेश्कर कोविड का शिकार हो गई थीं। उससे ठीक होने के बाद उनकी हालत नाजुक बनी रही। 6 फरवरी 2022 को उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में आखिरी सांस ली।

फिल्म में हैं कई बड़े कलाकार
आपको बता दें कि द कश्मीर फाइल्स 1990 में कश्मीरी पंडितों के नरसंहार पर आधारित है। इस फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, अनुपम खेर, दर्शन कुमार, पल्लवी जोशी, पुनीत इस्सर, मृणाल कुलकर्णी समेत कई बड़े कलाकार हैं। एक ओर बीजेपी और केंद्र सरकार इस फिल्म का समर्थन कर रही, तो दूसरी ओर विपक्षी दल इस पर सवाल उठा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications