'मेरे तो पसीने छूट गए...', करीना कपूर संग रोमांटिक सीन शूट करने पर घबराए हुए थे विजय वर्मा
फिल्म जाने जां में पहली बार विजय वर्मा और करीना कपूर एकसाथ स्क्रीन शेयर करेंगे। इस बीच एक्टर ने बताया कि एक्ट्रेस के साथ रोमांटिक सीन शूट करना बेहद मुश्किल था।
Vijay Varma Kareena Kapoor: फिल्म 'जाने जां' जल्द ही ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली है। इस फिल्म से करीना कपूर ओटीटी डेब्यू करने वाली हैं। एक्ट्रेस के लिए ये फिल्म इसलिए भी खास है क्योंकि फिल्म 'जाने जां' उनके बर्थडे 21 सितंबर को रिलीज होने जा रही है। फिल्म में करीना कपूर के साथ पहली बार विजय वर्मा स्क्रीन शेयर करने वाले हैं। ऐसे में एक्टर ने अपना अनुभव साझा किया।
बॉलीवुड एक्टर विजय वर्मा अपनी आगामी फिल्म जाने जां के प्रमोशन में व्यस्त हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान एक्टर ने फिल्म की शूटिंग से जुड़े कुछ दिलचस्प खुलासे किए। उन्होंने बताया कि, जब वह करीना कपूर के साथ कुछ रोमांटिक सीन शूट कर रहे थे तो काफी घबराए हुए थे। एक्ट्रेस के साथ ये सीन शूट करना बेहद मुश्किल था।

शहनाज गिल के टॉक शो देसी वाइब्स में विजय वर्मा ने कहा, 'फिल्म में एक सीन है, जहां वह मुझे एक खास अंदाज में देख रही है और गा रही हैं। जैसे ही वो सीन आया, मेरे तो पसीने छूट गए थे। आप ये हैंडल नहीं कर सकते। जब शहनाज़ ने एक्ट्रेस को "हॉट" कहा, तो विजय ने कहा, "जब वह परफॉर्म करती है तो बहुत खूबसूरत लगती है। वह जानती है कि अदाएं हैं उनके पास।"
हाल ही में ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान करीना कपूर ने खुलासा किया था कि उनके पति सैफ अली खान ने फिल्म में काम करने से पहले एक्ट्रेस को नसीहत दी थी कि वह जयदीप और विजय वर्मा के सामने इस तरह का एटीट्यूड ना रखें। इस पर विजय वर्मा से जब शहनाज ने सवाल किया तो उन्होंने जवाब में कहा, "मुझे खुशी है कि सैफ आसपास थे क्योंकि करीना को नहीं पता होगा कि हम कौन हैं. जैसे, 'ये दोनों लड़के कौन हैं?'
विजय वर्मा ने आगे कहा, 'मैं सिर्फ मजाक कर रहा हूं। ये सच में करीना कपूर का बड़प्पन है वह जिस तरह से मेरे और जयदीप के बारे में बात करती हैं। दूसरा वह बहुत ही शानदार इंसान हैं। मैं करीना और सैफ दोनों से बेहद प्यार करता हूं और उनकी सराहना करता हूं।'
बता दें कि, फिल्म जानें जां 21 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। फिल्म में करीना कपूर, विजय वर्मा और जयदीप अहलावत लीड रोल में नजर आएंगे। करीना कपूर ने इसमें सिंगल मदर का किरदार निभाया है। इसके अलावा वह फिल्म में अपने पति की हत्या को छुपाने की कोशिश करती हैं। कुल मिलाकर एक्ट्रेस का रोल काफी दिलचस्प है। वह पहली बार इस फिल्म से ओटीटी में डेब्यू करने वाली हैं।












Click it and Unblock the Notifications