बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार मुश्ताक मर्चेंट का निधन, फिल्म शोले में उन्होंने निभाए थे दो किरदार
मुंबई, दिसंबर 27। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मुश्ताक मर्चेंट का 67 साल की उम्र में निधन हो गया है। सोमवार को उन्होंने मुंबई के होली फैमिली अस्पताल में अंतिम सांस ली। आपको बता दें कि मुश्ताक मर्चेंट लंबे समय से डायबिटीज से ग्रस्त थे। इंडस्ट्री के अंदर मुश्ताक मर्चेंट बतौर कॉमेडियन बहुत ही फेमस थे। उनके निधन से उनके फैंस गहरे शोक में हैं।

फिल्म शोले में नजर आए थे मुश्ताक
आपको बता दें कि मुश्ताक मर्चेंट कई फेमस फिल्मों में नजर आए हैं, लेकिन उन्हें 'सीता और गीता', हाथ की सफाई, फिफ्टी-फिफ्टी और प्यार का साया जैसी फिल्मों से ज्यादा लोकप्रियता मिली। मुश्ताक मर्चेंट फिल्म शोले का भी हिस्सा थे, जिसमें धर्मेंद्र, अमिताभ बच्चन और हेमा मालिनी थी। शोले फिल्म में मुश्ताक मर्चेंट ने दो रोल किए थे। पहला रोल तो उन्होंने ट्रेन के इंजन के ड्राइवर का निभाया था तो वहीं दूसरी बार वो चर्च के पादरी के रूप में दिखे थे, जब जय-वीरू मोटरसाइकिल चुराते हैं और 'ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे' गाना आता है।

मुंबई के ऑल इंडिया इंटर कॉलेज से मिला था पुरस्कार
मुश्ताक मर्चेंट को बचपन से ही एक्टिंग का शौक था। उन्होंने स्कूल के दौरान 'हजामत' नाम के नाटक में डबल रोल किया था। ऐसे करते-करते उन्हें फिल्मों में रोल मिल गया। मुश्ताक मर्चेंट को मुंबई के ऑल इंडिया इंटर कॉलेज में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के पुरस्कार से भी नवाजा गया था।

एक्टिंग छोड़ सूफी बन गए थे मुश्ताक
मुश्ताक मर्चेंट ने करीब 16 साल पहले ही इंडस्ट्री में एक्टिंग को अलविदा कह दिया था। इसके बाद वो सूफी बन गए और सिर्फ धार्मिक गतिविधियों में खुद को व्यस्त रखा। अपने अभिनय करियर में उन्होंने एक मंच अभिनेता के रूप में भी काम किया था।












Click it and Unblock the Notifications