4 दिन के भीतर फिल्म जगत से दूसरी बुरी खबर, दिग्गज फिल्म प्रोड्यूसर नारायण दास नारंग का निधन
हैदराबाद, 19 अप्रैल: साउथ इंडियन फिल्म इंडस्ट्री (Tollywood) के मशहूर प्रोड्यूसर नारायण दास नारंग (Narayan Das Narang) का 76 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन से साउथ इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। मंगलवार को हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में उम्र से संबंधित कई समस्या से जूझ रहे तेलुगु प्रोड्यूसर नारायण दास नारंग ने अंतिम सांस ली। उनकी कुछ हालिया फिल्मों में एक्टर नागा चैतन्या की 'लव स्टोरी' और नागा शौर्य की 'लक्ष्य' शामिल है। फेमस प्रोड्यूसर के अचानक ऐसे दुनिया को अलविदा कहने के बाद साउथ इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेताओं ने उनको अपने शब्दों में विदाई दी है।

600 से अधिक फिल्मों को फाइनेंस किया
नारायण दास ने 1980 के दशक में फाइनेंसर के रूप में अपना करियर शुरू किया, और 600 से अधिक फिल्मों को फाइनेंस किया। उनकी आने वाली कुछ फिल्मों में नागार्जुन की घोस्ट, धनुष की एसआईआर और शिवकार्तिकेयन की तेलुगु-तमिल भाषी अनटाइटल्ड फिल्म शामिल है। कई हस्तियों ने उनके निधन पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट डाला है, जिनमें महेश बाबू, रवि तेजा और चिरंजीवी सहित कई एक्टर शामिल हैं।

महेश बाबू ने लिखा ये पोस्ट
उनके निधन पर टॉलीवुड सुपरस्टार महेश बाबू ने अपने साथ उनकी फोटो पोस्ट करते हुए लिखा, "नारायणदास नारंग गारु (जी) के निधन से स्तब्ध और दुखी हूं। हमारी फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण शख्स...उनकी अनुपस्थिति को गहराई से महसूस किया जाएगा। उनको जानना और उनके साथ काम करना एक सौभाग्य रहा। सिनेमा के लिए उनका विजय और जुनून हम जैसे कई लोगों के लिए प्रेरणा हैं। उनके परिवार और प्रियजनों को सांत्वना।' दिग्गज स्टार चिरंजीवी ने तेलुगु में मैसेज पोस्ट करते हुए दुख व्यक्त किया।

एक्टर शिवकार्तिकेयन ने जताया दुख
वहीं टॉलीवुड एक्टर रवि तेजा ने लिखा, 'श्री नारायणदास नारंग के आकस्मिक निधन से गहरा दुख हुआ। वह वास्तव में एक गर्मजोशी और मिलनसार व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपने ज्यादा से ज्यादा प्रयासों से तेलुगु सिनेमा में उल्लेखनीय योगदान दिया। पूरे परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। रेस्ट इन पीस सर।' एक्टर शिवकार्तिकेयन ने लिखा, 'हमारे प्रिय निर्माता श्री नारायण दास नारंग सर के निधन के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। उनके परिवार के सदस्यों के प्रति मेरी संवेदनाएं। उनकी आत्मा को शांति मिले।'

एक्ट्रेस मंजू सिंह का 16 अप्रैल को निधन
फिल्म निर्माता नारायण दास नारंग के बैनर तले कई शानदार तेलुगु फिल्में बनी है, जिनको हिंदी डब में काफी पसंद किया गया है। हाल ही में आई उनकी पिछली सुपरहिट फिल्म नागा चैतन्या और साईं पल्लवी स्टारर 'लव स्टोरी' को हिंदी में भी काफी प्यार मिला था। बता दें कि फिल्म निर्माता नारायण दास नारंग के ऐसे जाना 4 दिन के भीतर फिल्म जगत को दूसरा झटका मिला है। इससे पहले 16 अप्रैल को फेमस टीवी प्रोड्यूसर और बॉलीवुड एक्ट्रेस मंजू सिंह के निधन की खबर सामने आई थी।












Click it and Unblock the Notifications