TMKOC के 'सोढ़ी' गुरुचरण सिंह लापता मामले में बड़ा अपडेट, CCTV में नजर आया ये सब, एयरपोर्ट से किया लास्ट कॉल
TMKOC Sodhi Aka Gurucharan Singh: टीवी का फेमस शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के फैंस इस समय काफी परेशान नजर आ रहे हैं। खबर है कि शो में रोशन सिंह सोढ़ी का किरदार निभाने वाले गुरुचरण सिंह लापता हैं। वहीं पुलिस ने इस मामले में एक्टर को लेकर किडनैपिंग का केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने किडनैपिंग का केस दर्ज किया है
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पुलिस को एक सीसीटीव फुटेज मिला है, जिसके आधार पर पुलिस ने किडनैपिंग का केस दर्ज किया है। सिर्फ इतना ही नहीं पुलिस को गुरुचरण सिंह के फोन के कुछ ट्रांजैक्शन भी गड़बड़ लगे हैं। ऐसे में पुलिस ने आईपीसी की धारा 365 के तहत एफआईआर दर्ज की है।

पिछले चार दिनों से लापता हैं गुरुचरण सिंह
आपको बता दें कि 50 वर्षीय एक्टर गुरुचरण सिंह पिछले चार दिनों से लापता हैं। इसे लेकर एक्टर के पिता ने दिल्ली के पालम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने अभी तक जो जांच की है, उससे पता चला है कि गुरुचरण सिंह गत 22 अप्रैल 2024 की सुबह अपने घर से मुंबई जाने के लिए निकले थे। सुबह 8.30 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से उनकी मुंबई की फ्लाइट थी। लेकिन गुरुचरण सिंह ने न तो फ्लाइट पकड़ी और न ही मुंबई पहुंचे।
पुलिस को सीसीटीवी में दिखे गुरुचरण सिंह
खबर है कि पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसमें गुरुचरण सिंह दिल्ली एयरपोर्ट के बाहर नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि गत 24 अप्रैल 2024 तक एक्टर का फोन भी काम कर रहा था, लेकिन अब वह लगातार बंद आ रहा है। पुलिस अब ये जांच करने में लगी है कि गत 22 अप्रैल 2024 को लापता होने से पहले गुरुचरण सिंह ने फोन पर किससे बात की थी। एक्टर के कॉल रिकॉर्ड ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है।
दिल्ली एयरपोर्ट के अंदर नहीं गए थे गुरुचरण सिंह
वहीं न्यूज18 की खबर के मुताबिक गुरुचरण सिंह दिल्ली एयरपोर्ट के बाहर नजर आए थे लेकिन वह अंदर नहीं गए थे। अब पुलिस गुरुचरण सिंह के फोन और मैसेज के रिकॉर्ड तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, जिससे पता चल सके कि लापता होने से पहले गुरुचरण सिंह ने आखिरी बार किससे बात की थी।
परिवार को समय देने के लिए छोड़ा था शो
गुरुचरण सिंह ने साल 2020 में हमेशा के लिए तारक मेहता का उल्टा चश्मा शो छोड़ दिया था। साल 2021 में, एक्टर ने ईटाइम्स के साथ एक इंटरव्यू के दौरान बताया था कि उन्होंने क्यों 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' छोड़ दिया था। उन्होंने कहा था कि लगभग उसी समय उनके पिता की सर्जरी हुई थी और उन्हें भी अपनी जिंदगी में कुछ चीजों का ख्याल रखना था। वह खुद को अपने परिवार को समय देना चाहते थे।












Click it and Unblock the Notifications