TMKOC: असित मोदी के खिलाफ जेनिफर मिस्त्री ने दर्ज करवाया अपना बयान, कहा- मैं 6 घंटे तक वहां.....
Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah: एक्ट्रेस जेनिफर मिस्त्री बंसीवाल ने शो के प्रोड्यूसर असित मोदी के खिलाफ पुलिस को अपना बयान दर्ज करवाया है। जेनिफर ने कहा कि वह 6 घंटे तक थाने में थीं और उन्होंने सब कुछ बता दिया है।

Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah: टीवी के फेमस सीरियल 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में श्रीमती रोशन सोढ़ी की भूमिका निभाने वाली एक्ट्रेस जेनिफर मिस्त्री बंसीवाल ने शो के प्रोड्यूसर असित कुमार मोदी पर यौन शोषण का आरोप लगाकर सभी को चौंका दिया था। अब इस मामले में एक्ट्रेस ने अपना बयान दर्ज कराया है। उसने हाल ही में एक ईटाइम्स से बात करते हुए इसका खुलासा किया और कहा कि कानून अपना काम करेगा, मुझे पूरा भरोसा है।
जेनिफर मिस्त्री ने दर्ज करवाया अपान बयान
जेनिफर मिस्त्री बंसीवाल ने कहा- मैं मुंबई वापस आ गई हूं और मुझे पवई पुलिस ने बुलाया था। मैं कल पवई पुलिस स्टेशन गई थी और अपना बयान दर्ज करवाया। मैं दोपहर 12 बजे के आसपास वहां पहुंची थी और वहां से शाम 6:15 बजे निकली। मैंने अपना पूरा बयान पुलिस को दे दिया है। मैं 6 घंटे तक थाने में थी। अब कानून अपना काम करेगा। उन्होंने आगे कहा- पुलिस ने मुझसे कहा कि अगर कुछ भी करने की जरूरत हुई या फिर मुझे फिर से थाने में जाने की ज़रूरत हुई तो वो मुझे बताएंगे। अभी के लिए मैंने अपना बयान दर्ज करवा दिया है।
असित मोदी पर लगाया था यौन शोषण का आरोप
इस महीने की शुरुआत में जेनिफर मिस्त्री बंसीवाल ने शो के प्रोड्यूसर असित कुमार मोदी, प्रोजेक्ट हेड सोहेल रमानी और कार्यकारी निर्माता जतिन बजाज के खिलाफ कार्यस्थल पर कथित तौर पर यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी। एएनआई से बात करते हुए जेनिफर ने बताया था- असित मोदी ने मुझे मौखिक रूप से कई बार परेशान किया है। उन्होंने मुझे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया है।
जेनिफर ने कहा था- मुझसे माफी मांगे
जेनिफर ने कहा था- शुरू में, मैंने काम खोने के डर से असित मोदी के सभी बयानों को नजरअंदाज कर दिया था लेकिन अब बहुत हो गया, अब मैं इसे और नहीं सहूंगी। जेनिफर ने बाद में असित मोदी से माफी मांगने की भी मांग की थी। जेनिफर ने कहा था- ये केवल सच्चाई और जीत के लिए है। उन्हें स्वीकार करना होगा कि उन्होंने मेरे साथ गलत किया है और हाथ जोड़कर माफी मांगनी होगी। ये मेरी गरिमा और स्वाभिमान का मामला है।
असित मोदी ने आरोपों को बताया था आधारहीन
बाद में शो के प्रोड्यूसर असित मोदी ने जेनिफर मिस्त्री बंसीवाल के आरोपों पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी और उन्हें आधारहीन बताया था। उन्होंने ये भी कहा था कि जेनिफर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे। असित मोदी ने अपने बयान में कहा था- हम कानूनी कार्रवाई करेंगे क्योंकि वह मुझे और शो दोनों को बदनाम करने की कोशिश कर रही है। दअसल हमने उन्हें काम करने से मना कर दिया है तो वह हम पर आधारहीन आरोप लगा रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications