Tiger Shroff Firing Case: आरे कॉलोनी के जंगल में शूटर्स ने की थी फायरिंग की प्रैक्टिस, 10 आरोपी गिरफ्तार
Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। मामले में अब तक तीन कथित शूटर्स समेत 10 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इसी बीच जांच से जुड़े सूत्रों के हवाले से एक अहम जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपियों ऋतिक, रेहान अंसारी और फूल सिंह ने पूछताछ के दौरान वारदात से पहले फायरिंग की प्रैक्टिस करने की बात स्वीकार की है। सूत्रों के मुताबिक तीनों ने मुंबई की आरे कॉलोनी के घने जंगलों में कई दिनों तक शूटिंग की प्रैक्टिस की थी।
टाइगर श्रॉफ मामले में नया अपडेट
जांच से जुड़े दावों के अनुसार आरोपियों ने फायरिंग की तैयारी के लिए तीन से चार दिन तक रोजाना करीब दो से ढाई घंटे बिताए। रेहान को छोड़कर ऋतिक और फूल सिंह को पहले पिस्टल चलाने का अनुभव नहीं था। पुलिस अब ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उन्हें हथियार चलाने का प्रशिक्षण किसने दिया और इस पूरी साजिश में अन्य लोगों की क्या भूमिका थी।

आरे कॉलोनी के जंगल में कई दिनों तक की फायरिंग की प्रैक्टिस
-सूत्रों के मुताबिक आरोपियों ने शुरुआत में एयरगन से निशाना लगाने का अभ्यास किया था। इसके बाद असली पिस्टल का इस्तेमाल करते हुए भी फायरिंग की गई। बताया जा रहा है कि अभ्यास के दौरान एक आरोपी ने दो राउंड और दूसरे ने एक राउंड गोली चलाई थी।
-जांच में सामने आई जानकारी के अनुसार 17 अक्टूबर 2026 को होटल में असली हथियार मिलने के बाद उसी शाम तीनों आरोपी आरे कॉलोनी के एक सुनसान इलाके में पहुंचे थे। वहां उन्होंने फायरिंग का अभ्यास किया। पुलिस इस जानकारी की पुष्टि के लिए दूसरे साक्ष्य जुटा रही है और ये पता लगाने में लगी है कि जंगल में हथियारों का इस्तेमाल किन परिस्थितियों में किया गया था।
-क्राइम ब्रांच के लिए ये जानना भी अहम है कि आरोपियों ने फायरिंग की प्रैक्टिस के लिए इसी इलाके को क्यों चुना और क्या उन्हें किसी व्यक्ति ने यहां पहुंचने या हथियार चलाने में मदद की थी।
6 रास्तों के CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
-आरे कॉलोनी के जंगलों तक पहुंचने वाले रास्तों की जांच भी तेज कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार पुलिस की नजर ऐसे 6 रास्तों पर है, जो जंगल के अंदरूनी हिस्सों तक जाते हैं। इन रास्तों पर आमतौर पर लोगों की आवाजाही कम रहती है। कुछ रास्तों पर सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण जांचकर्ताओं को आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाने में चुनौती आ रही है।
-ऐसे में पुलिस मुख्य सड़कों पर लगे कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ स्थानीय निवासियों से भी पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां ये पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि वारदात से पहले किन लोगों की इलाके में आवाजाही हुई थी। इसके साथ ही कथित शूटर्स को फायरिंग की ट्रेनिंग देने वाले व्यक्ति की तलाश भी जारी है।
'डेड लेटर बॉक्स' तरीके से मुंबई पहुंचाए गए हथियार?
-जांच में हथियारों की सप्लाई से जुड़ा एक कथित नेटवर्क भी सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक हथियार अमृतसर से मुंबई तक पहुंचाने के लिए 'डेड लेटर बॉक्स' तरीके का इस्तेमाल किया गया था। इस तरीके में हथियार या दूसरी चीजें किसी तय स्थान पर रखी जाती हैं, जहां से दूसरा व्यक्ति उन्हें उठाकर आगे पहुंचाता है।
-मामले की जांच में गिरफ्तार आरोपी राधा और बबीता के नाम भी सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि अनिल पंडित के कहने पर जतिन ने हथियारों को मुंबई पहुंचाने की व्यवस्था की थी। जतिन के साथ समीर और अंकित के भी अमृतसर जाने का दावा किया जा रहा है। ये तीनों हरियाणा के गोहाना स्थित बरौदा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं और आपस में दोस्त हैं।
-जांच से जुड़े दावों के अनुसार, समीर ने राधा और बबीता के माध्यम से हथियार मुंबई भिजवाए थे। इसके बाद कथित तौर पर एक नाबालिग की मदद से इन्हें अंधेरी स्थित आरआर रेसिडेंसी होटल तक पहुंचाया गया। पुलिस अब हथियारों की सप्लाई की पूरी कड़ी जोड़ने और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट करने में जुटी है।
-हथियारों की फॉरेंसिक और बैलिस्टिक जांच भी मामले का अहम हिस्सा है। जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि बरामद हथियारों का इस्तेमाल फायरिंग की घटना में हुआ था या नहीं। इसके लिए संबंधित हथियारों और उपलब्ध साक्ष्यों का मिलान किया जा रहा है।
अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' को धमकी वाला ईमेल भी जांच के दायरे में
-इसी बीच बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित बंगले 'जलसा' को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की खबर ने भी चिंता बढ़ा दी। गतशुक्रवार को सामने आए एक संदिग्ध ईमेल में 31 अक्टूबर 2026 को बंगले पर ग्रेनेड हमले की धमकी दिए जाने का दावा किया गया। ईमेल में कथित तौर पर खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा जैसे संगठनों का नाम भी शामिल था।
-मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ये ईमेल BMC की मेयर ऋतु तावड़े के कार्यालय को मिला था। हालांकि मुंबई पुलिस ने धमकी को हॉक्स यानी झूठी या भ्रामक धमकी बताया है। जोन-1 के डीसीपी मनीष कलवनिया के मुताबिक ईमेल मिलने के बाद जांच की गई लेकिन शुरुआती पड़ताल में कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई।
-इसके बावजूद साइबर सेल, तकनीकी टीम और महाराष्ट्र साइबर पुलिस ईमेल की जांच कर रही हैं। जांच एजेंसियां ये पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि संदेश किसने भेजा और इसके पीछे किसी संगठित नेटवर्क की भूमिका है या नहीं। फिलहाल इस ईमेल और टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले के बीच किसी सीधे संबंध की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
अनिल पंडित पर साजिश रचने का आरोप, कई पहलुओं की जांच
-टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में अनिल पंडित का नाम भी जांच के दौरान सामने आया है। उस पर विदेश में रहकर कथित तौर पर साजिश रचने का आरोप है और मुंबई पुलिस उसे वांछित आरोपी के तौर पर तलाश रही है। जांच एजेंसियां ये पता लगाने में जुटी हैं कि हथियारों की व्यवस्था कथित शूटर्स की तैयारी और वारदात को अंजाम देने के बीच क्या संबंध था।
-इस मामले में पुलिस को आरोपियों के बयानों के अलावा डिजिटल साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और हथियारों की जांच से भी अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। हालांकि साजिश के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े दावों की पुष्टि जांच पूरी होने और ठोस साक्ष्य सामने आने के बाद ही हो सकेगी।
बॉलीवुड स्टार्स को धमकियों का सिलसिला बना चिंता का विषय
-पिछले कुछ सालों में बॉलीवुड की कई हस्तियों को धमकियां मिलने और कुछ मामलों में उनके घरों या वाहनों पर हमले की घटनाएं सामने आई हैं। सलमान खान, रोहित शेट्टी, आयुष शर्मा, दिशा पाटनी, कपिल शर्मा और सलीम खान जैसे नाम भी अलग-अलग धमकी या सुरक्षा से जुड़े मामलों में चर्चा में रहे हैं।
-जांच एजेंसियों को आशंका है कि कुछ गैंगस्टर और उनके कथित सहयोगी फिल्मी हस्तियों को निशाना बनाकर दहशत फैलाने, अपनी पहचान मजबूत करने या फिरौती वसूलने की कोशिश कर सकते हैं। हालांकि हर मामले में आरोपियों और घटनाओं के बीच संबंध की अलग-अलग जांच जरूरी है।
-धमकी भरे ईमेल में दिलजीत दोसांझ के 27 नवंबर 2026 को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में प्रस्तावित कॉन्सर्ट का भी जिक्र होने का दावा किया गया है। जांच एजेंसियां इस पहलू की भी पड़ताल कर रही हैं। अनिल पंडित के अलावा रणदीप मलिक, हरमन संधू और हैरी बॉक्सर जैसे नामों को लेकर भी कथित नेटवर्क की भूमिका जांच के दायरे में होने की बात कही जा रही है।


Click it and Unblock the Notifications
