'द कश्मीर फाइल्स' के नाम एक बड़ी कामयाबी, अब इस देश में भी हुई रिलीज
नई दिल्ली, 28 अप्रैल: डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री की फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' ने दुनियाभर में खूब सुर्खियां बटोरीं। साथ ही बॉक्स ऑफिस पर जमकर कमाई की। इस फिल्म में 90 के दशक में कश्मीर में पंडितों पर हुए अत्याचार को दिखाया गया है। गुरुवार का दिन इस फिल्म के मेकर्स के लिए काफी खास रहा, क्योंकि इसे अब इजरायल में भी रिलीज कर दिया गया है।

अनुपम खेर ने कही ये बात
फिल्म के बारे में बात करते हुए एक्टर अनुपम खेर ने कहा कि इजरायल में मेरे दोस्तों को शालोम और नमस्ते। जैसा कि आप जानते हैं कि हमारी फिल्म द कश्मीर फाइल्स आपके देश में रिलीज हो रही है। ये हमारे समय की बहुत महत्वपूर्ण फिल्म है। ये 1990 में कश्मीर से कश्मीरी हिंदुओं के नरसंहार के बारे में है। दुनिया ने फिल्म को अपना प्यार दिया और हमें कुछ हद तक ठीक करने में मदद की है। अब इजराइल में फिल्म रिलीज हो रही, ऐसे में सभी इसे थिएटर में देखें और इसे अपना प्यार दें।

यूएई में भी हुई थी रिलीज
इस फिल्म का भारत समेत कई देशों में विरोध भी हुआ, जिस वजह से इसे संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में बैन कर दिया गया था, लेकिन बाद में मेकर्स की मेहनत रंग लाई और फिल्म को वहां पर रिलीज कर दिया गया। डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने इस महीने की शुरुआत में बताया था कि उनकी फिल्म को बिना कारण बताए प्रतिबंधित कर दिया गया था, लेकिन बाद में उसे वहां के सेंसर बोर्ड से 15+ सर्टिफिकेट मिल गया। ये फिल्म 7 मई से बिना किसी कट के वहां पर दिखाई जा रही है।

जल्द ही ओटीटी पर भी
आपको बता दें कि जल्द ही इस फिल्म का ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी प्रीमियर होगा। इसे हिंदी, तमिल, तेलुगु और कन्नड़ जैसी कई भाषाओं में दिखाया जाएगा। कश्मीरी पंडितों के पलायन और नरसंहार पर बनी इस फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, अनुपम खेर, दर्शन कुमार, पल्लवी जोशी, भाषा सुंबली और चिन्मय मंडलेकर हैं। मेकर्स के मुताबिक फिल्म को ZEE5 पर रिलीज किया जाएगा, 13 मई से आप इसको ओटीटी पर देख सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications