तलाक की खबरों के बीच तृषा कृष्णन संग थलपति विजय का 'ऐसा' वीडियो हुआ वायरल, क्या सच में एक्टर ने की बेवफाई?
Thalapathy Vijay and Trisha Krishnan Viral Video: तमिल सिनेमा के सुपरस्टार थलपति विजय इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। उनकी पत्नी संगीता सोकनिंगम (Sangeeta Sornalingam) द्वारा तलाक की याचिका दायर किए जाने की खबरों के बीच थलपति विजय हाल ही में एक शादी के रिसेप्शन में दिखाई दिए।
थलपति विजय के साथ दिखाई दीं एक्ट्रेस तृषा कृष्णन
इस कार्यक्रम में थलपति विजय के साथ एक्ट्रेस तृषा कृष्णन (Trisha Krishnan) भी मौजूद थीं, जिसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों की तस्वीरें और वीडियोज तेजी से वायरल होने लगे हैं।

रिसेप्शन पार्टी का वीडियो हुआ वायरल
दरअसल चेन्नई में आयोजित निर्माता कलपथी सुरेश के बेटे के शादी समारोह के रिसेप्शन में थलपति विजय और तृषा कृष्णन की एक साथ मौजूदगी ने नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
थलपति विजय और तृषा कृष्णन ने एकसाथ की एंट्री
-रिसेप्शन में पहुंचे थलपति विजय और तृषा कृष्णन को कई वीडियोज और तस्वीरों में साथ देखा गया है। थलपति विजय के हाथ में फूलों का गुलदस्ता था जबकि तृषा कार्यक्रम में आए मेहमानों से गर्मजोशी से मिलती नजर आ रही थीं। दोनों शादीशुदा जोड़े को बधाई देने के लिए एकसाथ स्टेज तक भी गए और वहां तस्वीरें भी खिंचवाईं।
-कार्यक्रम खत्म होने के बाद थलपति विजय और तृषा कृष्णन को लगभग एक ही समय पर वेन्यू से बाहर निकलते हुए भी देखा गया था। तलाक की खबरों के बीच एक्टर की ये सार्वजनिक मौजूदगी सोशल मीडिया पर अब चर्चा का बड़ा विषय बन गई है।
मैचिंग आउटफिट ने खींचा लोगों का ध्यान
इस कार्यक्रम में थलपति विजय और तृषा कृष्णन के आउटफिट्स ने भी लोगों का ध्यान खींचा है। थलपति विजय ने बेज रंग की शर्ट के साथ मैचिंग धोती पहनी थी। वहीं तृषा कृष्णन ने बेज और गोल्डन रंग की साड़ी पहनी हुई थी जिसके साथ उन्होंने लाल रंग का ब्लाउज पेयर्ड किया था। दोनों के मैचिंग रंग के कपड़ों को देखकर भी फैंस के बीच चर्चा तेज हो गई है।
फैंस की नाराजगी भी आई सामने
-थलपति विजय और तृषा कृष्णन के वायरल हो रहे वीडियोज और तस्वीरों पर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ फैंस ने निराशा जाहिर करते हुए कमेंट किए हैं तो कुछ इसका सपोर्ट भी कर रहे हैं।
-एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा है- आपसे ये उम्मीद नहीं थी, आपने भरोसा तोड़ दिया। हालांकि कई लोग इसे सिर्फ एक सामाजिक कार्यक्रम में साथ दिखना भी बता रहे हैं।
पत्नी संगीता ने थलपति विजय पर लगाए बेवफाई के आरोप
-मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार संगीता सोरनलिंगम ने चेन्नई के चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट में तलाक की याचिका दायर की है। याचिका में उन्होंने आरोप लगाया है कि अप्रैल 2021 में उन्हें पता चला था कि उनके पति एक्टर थलपति विजय का एक एक्ट्रेस के साथ कथित तौर पर अवैध संबंध था।
-याचिका के मुताबिक इस वजह से संगीता सोरनलिंगम को गहरा मानसिक आघात पहुंचा था और उनके वैवाहिक रिश्ते में विश्वास टूट गया था। तलाक की याचिका में ये भी कहा गया है कि एक्टर उस अभिनेत्री के साथ सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होते रहे और विदेश यात्राएं भी करते रहे।
-संगीता सोरनलिंगम का आरोप है कि उस एक्ट्रेस ने कई बार अपनी मुलाकातों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट कीं, जिनका थलपति विजय ने कभी खंडन भी नहीं किया।
-याचिका के अनुसार साल 2021 के बाद से थलपति विजय भावनात्मक रूप से परिवार से दूर हो गए थे और पत्नी संगीता को अलग घर में रहने के लिए मजबूर होना पड़ा था।
थलपति विजय और संगीता सोरनलिंगम की शादी
थलपति विजय और संगीता सोरनलिंगम की पहली मुलाकात साल 1996 में हुई थी। संगीता मूल रूप से श्रीलंका से हैं लेकिन उनका पालन-पोषण ब्रिटेन में हुआ है। दोनों ने साल 1998 में ब्रिटेन में अपनी शादी रजिस्टर करवाई थी और 25 अगस्त 1999 को चेन्नई में पारंपरिक शादी की थी। उनके दो बच्चे, बेटा जेसन और बेटी दिव्या हैं।
थलपति विजय और तृषा कृष्णन की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री
तृषा कृष्णन और थलपति विजय तमिल सिनेमा की पॉपुलर ऑन-स्क्रीन जोड़ियों में से एक रहे हैं। दोनों ने 'घिल्ली' और 'लियो' जैसी फिल्मों में साथ काम किया है। फिलहाल तृषा कई फिल्मों की शूटिंग में बिजी चल रही हैं। वह आने वाले समय में भी कई नए प्रोजेक्ट्स में नजर आएंगी।
राजनीति में कदम रखने वाले हैं थलपति विजय
-वहीं दूसरी तरफ एक्टर थलपति विजय ने फिल्मी दुनिया से दूर होने का फैसला कर लिया है। फिल्मी करियर के बाद थलपति विजय अब राजनीति में सक्रिय होने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने अपनी राजनीतिक पार्टी Tamilaga Vettri Kazhagam (TVK) की घोषणा की है और साल 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में उतरने का इरादा भी बनाया है।
-फिल्मों की बात करें तो थलपति विजय की आखिरी फिल्म 'जन नायकन' (Jana Nayagan) मानी जा रही है जिसकी रिलीज को लेकर फिलहाल जबरदस्त विवाद चल रहा है। इस फिल्म के रिलीज होने के बाद थलपति विजय ग्लैमर वर्ल्ड को छोड़कर पूरी तरह से राजनीति पर ध्यान देंगे।












Click it and Unblock the Notifications