Tanya Mittal Controversy: 'गन' चलाना तान्या मित्तल को पड़ा भारी, शिकायत के बाद एक्शन में आई पुलिस
Tanya Mittal Controversy: 'बिग बॉस 19' की प्रतियोगी तान्या मित्तल इन दिनों एक गंभीर विवाद में घिर गई हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे कथित तौर पर पोटाश गन का इस्तेमाल करती नजर आ रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद तान्या के खिलाफ ग्वालियर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ग्वालियर के एक व्यक्ति ने तान्या मित्तल पर प्रतिबंधित हथियार के उपयोग का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। एएसपी अनु बेनीवाल ने 'आज तक' से बातचीत में बताया कि साइबर सेल को जांच के आदेश दे दिए गए हैं और वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि ग्वालियर प्रशासन ने हाल ही में दिवाली के दौरान आंखों में चोटों की घटनाओं को देखते हुए पोटाश गन के निर्माण, बिक्री और उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया था।
वीडियो की सच्चाई पर उठे सवाल
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जो वीडियो वायरल हुआ है, वह करीब दो साल पुराना बताया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या यह वीडियो प्रतिबंध से पहले का है। फिलहाल, इस विवाद पर तान्या मित्तल की टीम की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, सोशल मीडिया पर यह मामला काफी तेजी से ट्रेंड कर रहा है, जिससे शो के दर्शकों में भी हलचल मच गई है।
'बिग बॉस' हाउस में जारी ड्रामा
इस विवाद के बीच तान्या मित्तल शो के अंदर भी भावनात्मक उतार-चढ़ाव से गुजर रही हैं। बीते हफ्ते उनका नीलम गिरी से झगड़ा चर्चा का विषय बना रहा। फरहाना भट्ट से बातचीत को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद घरवालों ने तान्या की दोस्ती और वफादारी पर सवाल उठाए। झगड़े के दौरान तान्या पहले हंसती नजर आईं, लेकिन बाद में वे भावुक होकर रो पड़ीं।
सलमान खान ने लिया तान्या का पक्ष
वीकेंड का वार' एपिसोड में सलमान खान ने तान्या का बचाव किया और नीलम को फटकार लगाई। सलमान ने कहा कि नीलम ने खुद इस झगड़े को बढ़ाया क्योंकि वे हर किसी से अपनी शिकायत साझा कर रही थीं, लेकिन तान्या से सीधे बात नहीं की। उन्होंने कहा, "आपने तान्या को मौका नहीं दिया, इसलिए मामला इतना बढ़ गया।"












Click it and Unblock the Notifications