Tanushree Dutta Video: 'मैं अपने ही घर में सुरक्षित नहीं हूं,' फूट-फूटकर रोईं तनुश्री दत्ता, मदद की लगाई गुहार
बॉलीवुड एक्ट्रेस तनुश्री दत्ता (Tanushree Dutta) मुश्किल वक्त से गुजर रही हैं। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में उन्हें फूट-फूटकर रोते हुए भी देखा जा सकता है। वीडियो में वह अपना दर्द बयां करते हुए कहती हैं कि उन्हें पिछले कई सालों से उनके ही घर में डर और उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है।
वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, 'मैं इस उत्पीड़न से तंग आ चुकी हूं! यह 2018 से चल रहा है। आज तंग आकर मैंने पुलिस को बुलाया है। कृपया कोई मेरी मदद करे।'

मुझे पिछले 4-5 सालों में बहुत परेशान किया गया
वीडियो में तनुश्री कहती हैं, मुझे मेरे ही घर में परेशान किया जा रहा है। मैंने अभी पुलिस को फोन किया है। वे आए थे और मुझे पुलिस स्टेशन आकर शिकायत दर्ज कराने को कहा। शायद मैं कल या परसों जाऊंगी। मेरी तबीयत ठीक नहीं है। मुझे पिछले 4-5 सालों में बहुत परेशान किया गया है।'
सेहत पर पड़ा मानसिक तनाव का असर
उन्होंने बताया कि इस मानसिक तनाव का असर उनकी सेहत पर भी पड़ा है। वीडियो में उन्होंने कहा कि, 'मेरी तबीयत बहुत खराब हो गई है। मैं काम नहीं कर पा रही हूं। मेरा घर गंदा हो गया है। मैं घरेलू कामों के लिए नौकरानी भी नहीं रख सकती, क्योंकि जिन महिलाओं को रखा गया, वे घर से सामान चुराकर ले गईं। अब मैं सारा काम खुद करती हूं। प्लीज कोई मेरी मदद करे।'
सोशल मीडिया पर जबरदस्त प्रतिक्रियाएं
तनुश्री की इस पोस्ट पर सोशल मीडिया पर जबरदस्त प्रतिक्रियाएं आई हैं। फैंस और नेटिजन्स ने चिंता जताते हुए उनके लिए दुआएं और सपोर्ट भेजा। एक यूजर ने लिखा, 'आप बहादुर हो, सब ठीक होगा।' वहीं दूसरे ने लिखा, 'आप अकेली नहीं हैं, हम सब आपके साथ हैं।'
छत और दरवाजे के पास से आती है तेज आवाज
तनुश्री ने बताया कि वह पिछले कुछ सालों से अपने घर की छत और दरवाजे के पास लगातार तेज आवाजों और धमाकों का सामना कर रही हैं। 2020 से लगभग हर दिन ये सब हो रहा है। मैंने कई बार बिल्डिंग मैनेजमेंट से शिकायत की, लेकिन अब थक गई हूं।'
तनाव से निपटने के लिए मंत्र सुनती हैं तनुश्री
उन्होंने बताया कि इस तनाव से निपटने के लिए वह हेडफोन लगाकर हिंदू मंत्र सुनती हैं और अब उन्हें क्रोनिक फटीग सिंड्रोम (Chronic Fatigue Syndrome) भी हो गया है। तनुश्री ने आगे कहा कि वह जल्द ही पुलिस में FIR दर्ज कराने की योजना बना रही हैं।
पुलिस ने थाने आकर बयान दर्ज कराने को कहा
एक्ट्रेस की शिकायत के बाद पुलिस करीब एक घंटे तक बिल्डिंग में रही और तनुश्री से बातचीत की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने तनुश्री को थाने आकर अपना बयान दर्ज कराने को कहा है।












Click it and Unblock the Notifications