'हीरो नहीं गद्दार है', शाहरुख खान पर क्यों आगबबूला हुए आचार्य रामभद्राचार्य? धर्मगुरुओं ने भी जताई नाराजगी
Ram bhadra Acharya angry on Shah Rukh Khan: मार्च 2026 में होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से पहले बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान बुरे फंस गए हैं। इसकी वजह है, कि उनकी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्ताफिजुर रहमान खरीदा है। बांग्लादेश के साथ भारत के बीच चल रही तनातनी के बीच शाहरुख खान द्वारा बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्ताफिजुर रहमान को खरीदे जाने पर भारत के धर्मगुरु और नेता आगबबूला हो गए हैं।
राजनीतिक नेताओं से लेकर धर्मगुरुओं तक, कई वर्गों ने शाहरुख खान पर तीखे बयान दिए हैं और इतना ही नहीं जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य ने सुपरस्टार शाहरुख खान को 'गद्दार' तक कह दिया है। रामभद्राचार्य ने शाहरुख खान पर निशाना साधते हुए कहा, 'वह (शाहरुख खान) हीरो नहीं हैं। शाहरुख खान का कोई चरित्र नहीं है। उनके काम गद्दार जैसे रहे हैं।'

शाहरुख ने रहमान को कितने में खरीदा?
बता दें तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को आईपीएल के मिनी ऑक्शन में ₹9.20 करोड़ में शाहरुख खान ने खरीदा था, और वह नीलामी में बिकने वाले एकमात्र बांग्लादेशी खिलाड़ी थे। इतने विवाद के बाद भी रहमान के इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलने की संभावना अभी बनी हुई है।
रहमान को खरीदकर घिरे शाहरुख
रहमान को खरीदने के बाद KKR राजनीतिक नेताओं और धर्मगुरुओं की तीखी आलोचना का सामना भी करना पड़ रहा है। इस मुद्दें पर जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य के अलावा पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, देवकीनंदन ठाकुर ने भी बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्ताफिजुर रहमान को लेकर पहले चेतावनी दी थी।
देवकीनंदन ठाकुर ने शाहरुख खान से पूछा ये सवाल?
धर्मगुरु देवकीनंदन ठाकुर ने शाहरुख पर कटाक्ष करते हुए पूछा था, 'जिस देश ने तुम्हें हीरो बनाया, सुपरस्टार बनाया, इतना सामर्थ्य दिया कि तुम एक क्रिकेट टीम खरीद सको, तो क्या बांग्लादेशी क्रिकेटर को लाकर हमारी छाती पर खिलाकर उसका ऋण चुकाओगे।'
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने क्या कहा?
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बांग्लादेश में हिंदुत्व विरोधी घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए वहां के खिलाड़ियों से हिंदुओं की रक्षा के लिए आवाज उठाने की अपील की। उन्होंने वहां हो रही हिंदुत्व विरोधी घटनाओं पर चिंता जताई और कहा, 'वहां के खिलाड़ियों को आवाज उठानी चाहिए, ताकि हिंदुओं की रक्षा हो सके और वहां के लोग तथा बीसीसीआई इस मुद्दे को समझें।'
देवकीनंदन का मुस्लिम नेता ने किया समर्थन
देवकीनंदन ठाकुर के बयान का महाराष्ट्र राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष प्यारे खान ने भी समर्थन किया। प्यारे खान ने शाहरुख खान से अपील की कि यदि किसी अन्य देश में भारतीयों के साथ अन्याय हो रहा है, तो उन देशों के खिलाड़ियों पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए, ताकि एक कड़ा संदेश जाए। उन्होंने कहा, 'जिस देश में अल्पसंख्यक सुरक्षित नहीं हैं, वह कभी तरक्की नहीं कर सकता।' खान ने घोषणा की कि वह अल्पसंख्यक मंत्री किरेन रिजिजू को पत्र लिखकर वहां अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग करेंगे।
पूर्व विधायक ने शाहरुख खान को गद्दार कहा
वहीं सरधना के पूर्व विधायक संगीत सोम ने शाहरुख खान को 'गद्दार' बताते हुए मुस्ताफिजुर रहमान को खरीदने पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा, 'वो रहमान (मुस्ताफिजुर) यहां कैसे आ सकता है। शाहरुख खान जैसे गद्दार देश में उन्हें खरीद कर साढ़े नौ करोड़ रुपए देने का काम करेंगे वो बिल्कुल नहीं चलेगा और भारत की जनता इसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी।'












Click it and Unblock the Notifications