Sushmita Sen के ऑनस्क्रीन पति की हुई ऐसी हालत? घर पर चला बुलडोजर, T-Shirt-हाफ पैंट पहन सड़क पर क्या करने लगे?
Chandrachur Singh: हरियाणा के गुरुग्राम में इन दिनों अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रशासन का बड़ा अभियान चर्चा में बना हुआ है। शहर के विभिन्न पॉश इलाकों में नियमों के उल्लंघन कर बनाए गए निर्माणों पर कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में डीएलएफ फेज-1 स्थित एक्टर चंद्रचूड़ सिंह के घर के बाहर बने कथित अवैध हिस्से को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया।
गुरुग्राम में अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त एक्शन
कार्रवाई के दौरान इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे ताकि अभियान शांतिपूर्ण ढंग से पूरा किया जा सके।

कार्रवाई के दौरान मौके पर पहुंचे चंद्रचूड़ सिंह
बुलडोजर कार्रवाई के दौरान चंद्रचूड़ सिंह खुद भी घटनास्थल पर पहुंचे थे। उन्होंने अधिकारियों से मुलाकात कर पूरी कार्रवाई की जानकारी ली और ये जानने की कोशिश की कि प्रशासन की कार्रवाई केवल बाहरी हिस्से तक सीमित रहेगी या मकान के अन्य हिस्सों पर भी असर पड़ेगा। सूत्रों के अनुसार अधिकारियों ने उन्हें स्पष्ट किया कि अभियान केवल उन हिस्सों तक सीमित है जिन्हें नियमों के खिलाफ बनाया माना गया है। प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई निर्धारित कानूनी प्रक्रिया और नियमों के तहत ही की जा रही है।
अधिकारियों से बातचीत का वीडियो हुआ वायरल
-इस कार्रवाई के दौरान का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में चंद्रचूड़ सिंह अधिकारियों से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में एक्टर बिल्कुल सिंपल घर के कपड़ों में नजर आ रहे हैं। उन्होंने टी-शर्ट और हाफ पैंट पहनी हुई है। बताया जा रहा है कि एक्टर ने पूरे मामले को समझने के बाद प्रशासनिक प्रक्रिया में सहयोग का रुख अपनाया।
-मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जिला नगर नियोजन विभाग (DTP) के अधिकारियों ने कार्रवाई से संबंधित जानकारी अभिनेता को पहले ही उपलब्ध करा दी थी, जिससे मौके पर किसी तरह का विवाद देखने को नहीं मिला।
डीएलएफ के कई फेज में चल रहा है बड़ा अभियान
-गुरुग्राम प्रशासन पिछले कुछ समय से डीएलएफ फेज-1 से लेकर फेज-5 तक बड़े स्तर पर अवैध निर्माणों की जांच और कार्रवाई में जुटा हुआ है। प्रशासन का फोकस उन निर्माणों पर है जो बिना आवश्यक मंजूरी के बनाए गए हैं या जिनमें निर्धारित भवन नियमों का पालन नहीं किया गया।
-अधिकारियों के अनुसार डीएलएफ एरिया में हजारों संपत्तियों की पहचान की गई है जहां नियमों के उल्लंघन की आशंका है। आने वाले दिनों में सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई और तेज हो सकती है। यही वजह है कि इस अभियान पर स्थानीय निवासियों और प्रॉपर्टी मालिकों की भी नजर बनी हुई है।
फिल्मों से लेकर वेब सीरीज तक छाप छोड़ चुके हैं छाप चंद्रचूड़ सिंह
-चंद्रचूड़ सिंह हिंदी सिनेमा का एक जाना-पहचाना नाम रहे हैं। उन्होंने अपने करियर में कई चर्चित फिल्मों में काम किया है और अपनी अभिनय क्षमता से दर्शकों का दिल जीता है। चंद्रचूड़ सिंह ने 'माचिस', 'तेरे मेरे सपने', 'जोश' और 'दाग: द फायर' जैसी फिल्मों में अहम भूमिकाएं निभाईं। हाल के सालों में उन्होंने पॉपुलर वेब सीरीज 'आर्या' (Aarya) में भी अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराई थी, जहां उनके अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों दोनों ने सराहा। इस वेब सीरीज में उनके साथ पूर्व मिस यूनिवर्स और बॉलीवुड एक्ट्रेस सुष्मिता सेन ने काम किया था।
-गुरुग्राम में अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है और अब इसकी आंच चर्चित हस्तियों तक भी पहुंचने लगी है। डीएलएफ फेज-1में चंद्रचूड़ सिंह के घर के बाहर की गई कार्रवाई ने इस अभियान को नई चर्चा दे दी है। फिलहाल प्रशासन का कहना है कि नियमों के उल्लंघन वाले निर्माणों पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications