Sushant Singh Rajput: दिवंगत एक्टर के पालतू 'Fudge' की मौत, बहन ने शेयर की भावुक पोस्ट
Sushant Singh Rajput: फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के पालतू कुत्ते फज की मौत हो गई है। सुशांत की बहन प्रियंका ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट करके इसकी जानकारी दी है।

Sushant Singh Rajput: फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की तीन साल पहले मृत्यु हो गई थी। मुंबई स्थित अपने फ्लैट पर सुशांत सिंह राजपूत ने फांसी लगा ली थी। जिस तरह से अचानक सुशांत सिंह ने आत्महत्या कर ली उसके बाद हर कोई चौंक गया था। फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर थी, किसी को भी यह यकीन नहीं हो रहा था कि यह युवा एक्टर उनके बीच नहीं रहा। सुशांत सिंह की दुखद मौत के तीन साल बाद उनका पालतू कुत्ते की मौत हो गई है। सुशांत की बहन प्रियंका सिंह ने ट्विटर पर इस बात की जानकारी दी है।

बहन ने शेयर किया भावुक पोस्ट
प्रियंका सिंह ने सुशांत के पालतू कुत्ते की तस्वीर को शेयर करते हुए इस बात की जानकारी दी है। जो तस्वीर प्रियंका ने शेयर की है वह सुशांत सिंह राजपूत के साथ उनके पालतू कुत्ते की है। तस्वीर को शेयर करते हुए प्रियंका ने लिखा, कितना समय हो गया फज, तुम अब अपने दोस्त के पास पहुंच गए हो, स्वर्ग में। दिल टूट गया है। प्रियंका के इस ट्वीट पर सुशांत सिंह के तमाम फैंस ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए अपनी भावना को व्यक्त किया। एक यूजर ने लिखा, माफ करना दीदी, आपको ढेर सारा प्यार, यह दिल तोड़ने वाली खबर है।

लोग दे रहे श्रद्धांजलि
सोशल मीडिया पर दूसरे यूजर ने लिखा, वो स्वर्ग में फिर से मिल गए हैं, मुझे पता है कि अपने मालिक की मौत के बाद पालतू ज्यादा समय तक नहीं जिंदा रहते हैं। एक और यूजर ने लिखा, दीदी आपको बता नहीं सकता हूं कि मैं कितना टूट गया हूं। इस खबर ने एक बार फिर से लाखों दिलों को तोड़ दिया है। सुशांत से जुड़ी हर चीज मेरे दिल के काफी करीब है। मैं अपनी सोना दी से सिर्फ यही कह सकता हूं कि आप मजबूत रहिए। मैं कुछ भी बोलने के लायक नहीं हूं, दिल टूट गया है। तुम्हे बहुत याद करेंगे फज।

यूजर्स शेयर कर रहे तस्वीर-वीडियो
सोशल मीडिया पर सुशांत सिंह राजपूत के फैंस ने फज की कई तस्वीरें और वीडियो को शेयर किया है। एक यूजर ने सुशांत का पुराना वीडियो शेयर किया है, जिसमे देखा जा सकता है कि सुशांत अपने पालतू फज के साथ खेल रहे हैं। यूजर ने लिखा, कुछ कहने को नहीं बचा है, यह बहुत दिल तोड़ने वाली खबर है हम सभी के लिए। लेकिन फज सुशांत का सच्चा दोस्त है और वह अपने दोस्त के पास हमेशा खुशी से जीने के लिए चला गया। वह अब सुशांत के साथ हमेशा रहेगा। एक और यूजर ने लिखा स्वर्ग को एक और फरिश्ता मिल गया, ईश्वर उसकी आत्मा को शांति दे।

14 जून 2020 में सुशांत की हुई थी मौत
सुशांत सिंह राजपूत का हाल ही में जन्मदिन था। सुशांत के जन्मदिन के कुछ ही दिन बाद फज की मौत हो गई। सुशांत की 14 जून 2020 में मृत्यु हो गई थी। उनका मुंबई स्थित फ्लैट पर शव मिला था। सुशांत की मौत से पूरा देश स्तब्ध रह गया था। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई कि सुशांत ने आत्महत्या की है, लेकिन परिवार का दावा है कि इसमे कुछ गड़बड़ है। सुशांत की मौत की जांच मुंबई पुलिस ने की थी, इस केस को प्रवर्तन निदेशालय, एनसीबी, सीबीआई को भी ट्रांसफर किया गया था। सुशांत की मौत के बाद उनकी गर्लफ्रैंड रिया चक्रवर्ती को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।












Click it and Unblock the Notifications