'संजय कपूर की वसीयत Fake', 30,000 करोड़ की संपत्ति विवाद में नया मोड़, करिश्मा कपूर के बच्चों का बड़ा खुलासा
Sunjay Kapur Property Case: बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के एक्स-हसबैंड संजय कपूर के निधन के बाद अब उनकी संपत्ति को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। बताया जा रहा है कि संजय कपूर अपने पीछे करीब 30 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति छोड़ गए हैं, जिस पर उनके परिवार के सभी लोग अपना-अपना हक जता रहे हैं।
करिश्मा कपूर के बच्चों ने संपत्ति में मांगा हिस्सा
अब इस विवाद में एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के दोनों बच्चे, कियान और समायरा, भी शामिल हो गए हैं। उन्होंने अपने पिता संजय कपूर की संपत्ति में हिस्सा मांगते हुए वसीयत को फर्जी बताया है।

बच्चों का दावा- वसीयत असली नहीं, सब पहले से तय था
-संजय कपूर और करिश्मा कपूर के दोनों बच्चों ने इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। कोर्ट में हुई सुनवाई में उनके वकील ने अदालत में कहा है कि जो वसीयत कोर्ट में पेश की गई है, वह संदिग्ध और फर्जी है।
-वकील के मुताबिक वसीयत में संजय के बेटे का नाम और पता गलत लिखा गया है, जिससे ये साफ है कि इसे जल्दबाजी में और बिना जांचे-परखे तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि इस वसीयत का उद्देश्य करिश्मा कपूर के बच्चों को संपत्ति से वंचित करना है।
कोर्ट में वकील महेश जेठमलानी की दलील
-वरिष्ठ वकील महेश जेठमलानी ने अदालत में कहा है कि संजय कपूर की वसीयत बेहद लापरवाही से तैयार की गई है। इसमें संजय कपूर की संपत्तियों, गहनों, विदेशी निवेश, डिजिटल एसेट्स और क्रिप्टो होल्डिंग्स जैसी अहम जानकारियों का कोई स्पष्ट ब्यौरा नहीं दिया गया है।
-वरिष्ठ वकील महेश जेठमलानी ने ये भी बताया है कि वसीयत की कार्यपालक बताई जा रही श्रद्धा सूरी मारवाह को कभी इस जिम्मेदारी के बारे में सूचित ही नहीं किया गया था। इससे ये और भी स्पष्ट होता है कि दस्तावेज पर संदेह की गुंजाइश है।
संजय कपूर के परिवार में बढ़ता तनाव
-संजय कपूर के निधन के बाद से ही परिवार में संपत्ति को लेकर खींचतान जारी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक संजय कपूर की मां ने आरोप लगाया था कि उनकी बहू प्रिया सचदेव ने गैरकानूनी तरीके से बेटे की संपत्ति और बिजनेस पर कब्जा कर लिया है और उन्हें पूरी तरह से अलग कर दिया गया है।
-इसी बीच अब करिश्मा कपूर के दोनों बच्चों (कियान और समायरा) ने भी अपने पिता की संपत्ति में कानूनी अधिकार मांगा है। बच्चों ने कोई का भी सहारा लिया है ताकि मामले को जल्द से जल्द सुलझाया जा सके।
प्रिया सचदेव ने बंद लिफाफे में सौंपी वसीयत
-कोर्ट ने पहले ही प्रिया सचदेव को आदेश दिया था कि वह संजय कपूर की वसीयत पेश करें, लेकिन उन्होंने इसे सार्वजनिक करने से इनकार कर दिया था।
-प्रिया सचदेव ने कोर्ट में वसीयत को सील बंद लिफाफे में जमा किया है, जिससे संजय कपूर की संपत्ति और उसकी वास्तविक विभाजन प्रक्रिया पर और भी सवाल उठने लगे हैं।
कैसे हुआ संजय कपूर का निधन?
-जानकारी के अनुसार संजय कपूर का निधन 12 जून 2025 को इंग्लैंड में पोलो खेलते वक्त हुआ था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पोलो मैच के दौरान संजय कपूर ने गलती से एक मधुमक्खी निगल ली थी जिसने उनके गले में डंक मार दिया था। ऐसे में उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी थी और उनके कार्डियक अरेस्ट हो गया था।
-53 की उम्र में संजय कपूर की अचानक हुई मौत ने उनके पूरे परिवार और बॉलीवुड जगत को झकझोर कर रख दिया था। उनकी मौत के कुछ दिनों बाद से ही परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद शुरू हो गया। फिलहाल ये मामला दिल्ली हाईकोर्ट तक पहुंच गया है।
संपत्ति विवाद से परिवार में दरार
कोर्ट ने इस पूरे मामले में आगे की सुनवाई की तारीख तय कर दी है। अब देखना होगा कि क्या अदालत प्रिया सचदेव को वसीयत सार्वजनिक करने का आदेश देती है या नहीं। फिलहाल संजय कपूर की 30 हजार करोड़ की संपत्ति का ये विवाद कपूर परिवार में नई दरारें पैदा करता नजर आ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications