पति गोविंदा पर फिर भड़कीं सुनीता आहूजा, बोलीं- 'वो अच्छे पति नहीं'
बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा हाल ही में सोशल मीडिया पर तलाक की खबरों के कारण चर्चा में रहे। हालांकि, सुनीता ने इन अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनके और गोविंदा के अलग होने की खबरें पूरी तरह निराधार हैं। लेकिन इन चर्चाओं के बीच, सुनीता ने अपने वैवाहिक जीवन और गोविंदा के स्वभाव पर कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।

"गोविंदा अच्छे बेटे हैं, पर पति नहीं"
पिंकविला को दिए एक इंटरव्यू में सुनीता ने कहा, "गोविंदा एक अच्छे बेटे और भाई हैं, लेकिन पति के रूप में उतने अच्छे नहीं हैं।" उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि हर इंसान जवानी में गलतियां करता है। "गलतियां मैंने भी की हैं और गोविंदा ने भी। लेकिन जब उम्र बढ़ती है, तब ये गलतियां शोभा नहीं देतीं।" सुनीता ने कहा कि जब किसी के पास सुंदर परिवार, पत्नी और बच्चे हों, तो रिश्तों को संभालना और उनकी अहमियत समझना बहुत जरूरी है।
"हीरो की पत्नी बनना आसान नहीं होता"
सुनीता ने बॉलीवुड में एक स्टार की पत्नी होने की चुनौतियों पर भी बात की। उन्होंने कहा, "वो हीरो हैं, तो जाहिर है कि पत्नी से ज्यादा वक्त हिरोइनों के साथ गुजरता है। एक स्टार की पत्नी बनने के लिए दिल को पत्थर जैसा बनाना पड़ता है।" उन्होंने आगे बताया कि इन बातों को समझने में उन्हें 38 साल लग गए। जवानी में वह इन चीजों को गंभीरता से नहीं समझ पाईं।
"अगले जन्म में पति नहीं, बेटा बनकर आना"
अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए सुनीता ने कहा, "मैंने गोविंदा से साफ कह दिया है कि अगले जन्म में पति नहीं, बेटा बनकर आना। सात जन्म तो भूल जाओ, ये एक जन्म ही काफी है।" उन्होंने बताया कि उनके जीवन में अब उनकी प्राथमिकता उनके बच्चे हैं और वही उनके जीने की वजह हैं।
रिश्ते में मतभेद, पर अलगाव नहीं
हालांकि सुनीता ने यह जरूर माना कि उनके और गोविंदा के बीच सोच का अंतर है। लेकिन उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दोनों के बीच तलाक या अलगाव की कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा - "हमारा रिश्ता उतार-चढ़ाव भरा रहा है, पर हम अब भी परिवार के तौर पर साथ हैं।"












Click it and Unblock the Notifications