सुनील शेट्टी का बड़ा खुलासा, ठुकरा दिए 40 करोड़ रुपये के टीवी ऐड, वजह जान फैंस हो जाएंगे खुश
सुनील शेट्टी ने हाल ही में खुलासा किया कि उन्होंने करीब 40 करोड़ रुपये के तंबाकू विज्ञापन का प्रस्ताव ठुकरा दिया। उनका कहना है कि पैसे से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण उनके निजी मूल्य, स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी और एक पिता के रूप में बच्चों के लिए सही उदाहरण पेश करना है। शेट्टी के अनुसार, कुछ फैसले ऐसे होते हैं जिन पर कोई समझौता नहीं किया जा सकता।

ईमानदारी और परिवार पहली प्राथमिकता
एक इंटरव्यू में अभिनेता ने कहा कि उनके लिए ईमानदारी केवल शब्द नहीं, बल्कि जीवन जीने का तरीका है। उन्होंने साफ कहा कि वे अपने बच्चों अहान और अथिया के सामने ऐसी कोई छवि नहीं रखना चाहते, जो भविष्य में उनके लिए बोझ बने। उनके मुताबिक, कमाई मायने रखती है, लेकिन चरित्र उससे कहीं ऊपर होता है। तंबाकू विज्ञापन को लेकर सुनील शेट्टी ने दो टूक कहा, "कुछ करोड़ रुपये के लिए क्या मैं समझौता करूँगा? बिल्कुल नहीं।" उन्होंने बताया कि उनके लिए असली प्रासंगिकता सुर्खियों में बने रहना नहीं, बल्कि निरंतरता, अनुशासन और समाज के लिए सकारात्मक विरासत छोड़ना है।
पिता की बीमारी और करियर से दूरी
शेट्टी ने अपने जीवन के उस कठिन दौर का भी जिक्र किया जब उनके पिता 2014 से अस्वस्थ चल रहे थे और 2017 में उनका निधन हुआ। इस दौरान वे पूरी तरह परिवार में व्यस्त थे और मानसिक रूप से भी सहज नहीं थे। उन्होंने बताया कि इसी वजह से उन्होंने काम से दूरी बना ली थी।
दुख के बीच मिला नया रास्ता
पिता के निधन की सुबह ही उन्हें एक हेल्थ शो का प्रस्ताव मिला। शेट्टी ने इसे महज संयोग नहीं, बल्कि एक 'बुलावा' माना। उनका कहना है कि इस प्रस्ताव ने उन्हें गहरे भावनात्मक दौर से बाहर निकलने और दोबारा काम की ओर लौटने में मदद की।
लंबे ब्रेक के बाद वापसी की चुनौती
करीब 6-7 साल के अंतराल के बाद इंडस्ट्री में लौटना आसान नहीं था। शेट्टी ने स्वीकार किया कि उन्हें लगा जैसे वे अपनी कला भूल चुके हों और इंडस्ट्री पूरी तरह बदल गई हो। इस दौर में आत्मविश्वास दोबारा हासिल करना उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती रही।












Click it and Unblock the Notifications