कोर्ट में रोने लगी हनी सिंह की पत्नी, कहा- 'मैंने उनका साथ दिया और उन्होंने मुझे छोड़ दिया'
नई दिल्ली, 28 अगस्त: सिंगर रैपर यो-यो हनी सिंह की वाइफ शनिवार को उनके खिलाफ दायर घरेलू हिंसा के मामले में सुनवाई के दौरान दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट रूम में रो पड़ीं। अपनी शिकायत बताते हुए शालिनी तलवार टूट गईं और मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट तानिया सिंह के सामने रो दी। कोर्ट में उन्होंने बताया कि इसके अलावा मेरे पास कोई और ऑप्शन नहीं बचा था। शालिनी तलवार ने कहा कि उसने हनी सिंह को 10 साल दिए और हमेशा उनके साथ खड़ी रहीं, लेकिन उन्होंने उसे छोड़ दिया। बता दें कि शालिनी ने मुआवजे के तौर पर हनी सिंह से 20 करोड़ रुपए मांगे हैं।

जज ने पूछा- प्यार कहां खो गया ?
वहीं शालिनी की पीड़ा सुनने के बाद जज ने पूछा कि वह कोर्ट से क्या चाहती है? इस दौरान मजिस्ट्रेट ने उससे पूछा कि 'शादी किस पड़ाव पर है? प्यार कहां खो गया है? कोर्ट ने आगे कहा कि बेहतर होगा कि आपस में मामले को सुलझा लिया जाए। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक शालिनी और मजिस्ट्रेट तानिया सिंह के बीच बातचीत तब हुई, जब बाद में वह अपने वकील के साथ केस से जुड़े कुछ सबूत दिखाने गई थीं।

हनी सिंह को 3 सितंबर को पेश होने के निर्देश
इस बीच हनी सिंह के वकील ने उनकी पत्नी की ओर से 'घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम' के तहत दायर एक शिकायत मामले पर जवाब दाखिल किया। कोर्ट ने हनी सिंह की मेडिकल रिपोर्ट और इनकम टैक्स रिटर्न की डिटेल मांगी थी। सिंगर वकील ने अदालत को कहा कि इसे जल्द से जल्द दायर किया जाएगा। अदालत ने हनी सिंह की खिंचाई करते हुए कहा कि ऐसे बिहेवियर को दोहराया नहीं जाना चाहिए। अदालत ने कहा कि आपके बैंक डिटेल रिकॉर्ड में नहीं हैं। आपके आयकर रिटर्न रिकॉर्ड में हैं। आप बहस के लिए तैयार नहीं हैं। कोर्ट ने हनी सिंह को 3 सितंबर को पेश होने का निर्देश दिया है।

'पत्नी पहले ही सारा कीमती सामान ले चुकी'
हनी सिंह के वकील ने मेडिकल कारणों का हवाला देते हुए व्यक्तिगत पेशी से छूट की मांग करते हुए एक आवेदन दिया, जबकि उनकी पत्नी शालिनी तलवार सुनवाई के दौरान मौजूद थीं। सिंगर के वकील ने अदालत को बताया कि उनकी पत्नी पहले ही सारा कीमती सामान ले चुकी है। उन्होंने अदालत को यह भी आश्वासन दिया कि वे उसे अच्छे से एडजेस्ट करने के लिए तैयार हैं और वे 15 दिनों में एक फ्लैट बनवा रहे, जो उनको दे देंगे। वकील ने अदालत को हनी सिंह की चार करोड़ की दो संपत्तियों के बारे में भी बताया, जिनमें से एक संपत्ति में शालिनी और हनी सिंह का मालिकाना हक है।

मुआवजे के तौर पर ₹20 करोड़ की मांग
कोर्ट ने कहा कि अंतरिम आदेश सुनवाई की अगली तारीख तक जारी रहेगा। पिछली सुनवाई में अदालत ने शिकायतकर्ता यानी सिंगर की पत्नी के पक्ष में अंतरिम आदेश पारित किया था, जिसमें हनी सिंह को उसकी ज्वाइंट मालिकाना हक वाली प्रोपर्टी, उसकी पत्नी की स्त्रीधन आदि का निपटान करने से रोक दिया गया था। गौरतलब है कि हनी सिंह की पत्नी शालिनी तलवार ने उन पर गंभीर आरोप लगाते हुए हर्जाने के तौर पर 20 करोड़ रुपए की भारी भरकम रकम की डिमांड की है।












Click it and Unblock the Notifications