'उस बच्चे के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है', आर्यन की ज्यूडिशियल कस्टडी पर बोलीं रवीना टंडन
मुंबई, अक्टूबर 08। ड्रग्स मामले में फंसे शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को बॉलीवुड जगत की कई बड़ी हस्तियों से सपोर्ट मिल चुका है। हालांकि इंडस्ट्री भी दो धड़ों में बंट चुकी है। एक धड़ा आर्यन के सपोर्ट में है तो दूसरा धड़ा आर्यन के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है। आर्यन खान फिलहाल 14 दिन की न्यायिक हिरासत में हैं। गुरुवार को ही कोर्ट ने आर्यन समेत सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा था। आर्यन को न्यायिक हिरासत में भेजने की खबर जैसे ही एक्ट्रेस रवीना टंडन ने सुनी तो उन्होंने इसे 'दिल तोड़ने वाली' खबर बताया और कहा कि उस बच्चे के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

आर्यन को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद रवीना का ट्वीट
आर्यन खान की गिरफ्तार और फिर न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद रवीना टंडन ने ट्वीट कर कहा, "अब इस मामले में शर्मनाक राजनीति खेली जा रही है। यह लोग एक बच्चे की जिंदगी और उसके भविष्य से खेल रहे हैं। दिल तोड़ने वाला।" हालांकि रवीना ने अपने ट्वीट में कहीं भी आर्यन या फिर शाहरुख खान का नाम नहीं लिया है।

आर्यन को मिला था ऋतिक रोशन का सपोर्ट
आपको बता दें कि गुरुवार को जब आर्यन को न्यायिक हिरासत में भेजने का फैसला अदालत का आया तो रवीना के अलावा कई सेलिब्रिटीज ने आर्यन के समर्थन में सोशल मीडिया पर कुछ ना कुछ लिखा। आर्यन का समर्थन करने वालों में ऋतिक रोशन का नाम भी शामिल है। ऋतिक ने कहा था कि इन चीजों से घबराना नहीं है, बल्कि उम्मीद खुद को शांत रखकर उम्मीदों की रोशनी पर भरोसा रखना है। ऋतिक ने अपनी पोस्ट में लिखा था, 'माय डियर आर्यन। जिंदगी बहुत ही अजीबोगरीब सफर है। यह इसलिए महान है क्योंकि जिंदगी में कुछ निश्चित नहीं है, कभी लाइफ में मुश्किल समय आता है तो कभी ईश्वर बहुत दयालु हो जाता है। ईश्वर हमेशा मजबूत इरादों के लोगों के सामने ही मुश्किल हालात पैदा करता है. जिसके लिए उसने तुम्हें चुना है, इसलिए इस खराब माहौल के बीच तुम खुद को संभाल सकते हो और मैं जानता हूं कि तुम ऐसा महसूस भी कर रहे होंगे।

ऋतिक को कंगना ने दिया था जवाब
आपको बता दें कि ऋतिक रोशन की पोस्ट पर आलिया भट्टी ने कमेंट सेक्शन में दिल की इमोजी को पोस्ट किया। वहीं ऋतिक की एक्स वाइफ सुजैन खान ने कमेंट कर कहा कि 'यह सच है'। वहीं ऋतिक की पोस्ट के जवाब में कंगना ने भी एक पोस्ट की थी और कहा था कि हमें अपनी या किसी की भी गलतियों का महिमामंडन नहीं करना चाहिए। कंगना रनौत ने पोस्ट में लिखा था, "अब सभी माफिया पप्पू आर्यन खान के सपोर्ट में उतर रहे हैं। हम गलतियां करते हैं, इसका मतलब यह नहीं कि हम उसे शान से बताएं। मुझे उम्मीद है कि मेरी इस बात से आर्यन को एक दिशा मिलेगी। साथ ही उन्हें अपनी करनी का भी अहसास होगा।" कंगना ने पोस्ट में आगे लिखा था कि मैं उम्मीद करती हूं कि जब आर्यन बाहर आएंगे तो एक बेहतर इंसान बनकर निकलेंगे।

2 अक्टूबर को हुई थी आर्यन की गिरफ्तारी
आपको बता दें कि गुरुवार को एडिशनल मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट आरएम नेर्लिकर ने आर्यन समेत सभी आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। खबर लिखे जाने के समय एनसीबी कोर्ट में आर्यन की अंतरिम जमानत याचिका पर सुनवाई हो रही है। बता दें कि एनसीबी ने 2 अक्टूबर को आर्यन खान और अन्य 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अभी तक इस मामले में 15 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications