शाहरुख खान की पत्नी गौरी खान को ED ने भेजा नोटिस, रियल एस्टेट कंपनी से है कनेक्शन, जानें क्या हुई बात
Gauri Khan ED: बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान की पत्नी गौरी खान को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। गौरी खान कानूनी मुश्किल में फंसती नजर आ रही हैं। खबर है कि उन्हें प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने नोटिस भेजा है। दरअसल गौरी खान रियल एस्टेट कंपनी तुलसियानी ग्रुप की ब्रांड एंबेसेडर हैं। वहीं इस कंपनी पर आरोप है कि इसने बैंक और निवेशकों के करीब 30 करोड़ रुपये हड़प लिए हैं और लोगों के साथ धोखाधड़ी की है। ऐसे में अब गौरी खान की भी जांच होगी और वह ईडी के रडार पर भी आ गई हैं।
गौरी खान को ईडी ने भेजा नोटिस
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शाहरुख खान की रियल लाइफ पत्नी मशहूर इंटीरियर डिजाइनर गौरी खान को साल 2015 में लखनऊ की रियल एस्टेट कंपनी तुलसियानी ग्रुप का ब्रांड एंबेसेडर बनाया गया था। वहीं तुलसियानी ग्रुप पर धोखाधड़ी के मामले में जो केस दर्ज किया गया है, उसमें गौरी खान को भी आरोपी बनाया गया है।

लखनऊ की रियल एस्टेट कंपनी से जुड़ा मामला
खबर है कि इस मामले में अब गौरी खान से ईडी पूछताछ करेगी। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो गौरी खान से पूछा जा सकता है कि इस कंपनी के साथ उनका क्या कॉन्ट्रैक्ट था और इसके लिए कितना भुगतान किया गया था।
तुलसियानी ग्रुप की ब्रांड एंबेसेडर हैं गौरी खान
आपको बता दें कि ये मामला पहली बार मार्च 2023 में सामने आया था और लखनऊ स्थित सुशांत गोल्फ सिटी के तुलसियानी ग्रुप के एक बड़े प्रोजेक्ट से जुड़ा हुआ है। इसी प्रोजेक्ट में मुंबई के रहने वाले एक शख्स ने साल 2015 में एक फ्लैट खरीदा था, जिसकी कीमत 85 लाख रुपये थी। उस शख्स का कहना है कि उसे ये फ्लैट पैसों का भुगतान करने के बाद भी आज तक नहीं मिला है।
गौरी खान के खिलाफ धोखाधड़ी का केस
इस मामले में उसी शख्स ने तुलसियानी ग्रुप और गौरी खान के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज करवाया था। शिकायतकर्ता ने कहा था- गौरी खान इस प्रोजेक्ट को एंडोर्स कर रही थीं, इसलिए उन्हीं को देखकर मैंने तुलसियानी ग्रुप के जरिए घर खरीदा था। शिकायतकर्ता ने आगे कहा है- मैंने पैसों का तो भुगतान कर दिया लेकिन मुझे आज तक घर नहीं मिला।












Click it and Unblock the Notifications