OTT पर छाई शाहरुख खान की 'पठान', दिखाए जा रहे हैं डिलीटेड सीन्स, लोग बोले- ये तो आग लगा देते
Pathaan On OTT: शाहरुख खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म पठान को आज ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज कर दिया गया है। ओटीटी पर इस फिल्म में सारे डिलीट किए गए सीन्स जोड़ दिए गए हैं।

Pathaan On OTT: बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'पठान' ने बॉक्स ऑफिस पर धूम मचाने के बाद अब ओटीटी पर दस्तक दे दी है। आज यानी 22 मार्च से शाहरुख खान की सुपरहिट फिल्म पठान ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हो गई है। शाहरुख खान के फैंस लंबे समय से इस फिल्म के ओटीटी पर रिलीज होने का इंतजार कर रहे थे। आपको बता दें कि ओटीटी पर रिलीज होने के बाद फिल्म 'पठान' में वो सीन्स भी दिखाए गए हैं, जिन्हें थिएटर में रिलीज से पहले डिलीट कर दिया गया था। लोगों ने जब ओटीटी पर फिल्म 'पठान' के डिलीट किए गए सीन्स देखे तो उनके होश उड़ गए। फिलहाल लोग उन सीन्स के वीडियो क्लिप्स सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं और तरह तरह की बातें कर रहे हैं।

ओटीटी पर रिलीज हुई फिल्म 'पठान'
आपको बता दें कि शाहरुख खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'पठान' को आज ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज कर दिया गया है। बड़े पर्दे पर धूम मचाने के बाद अब ये फिल्म ओटीटी पर भी धमाल मचाने के लिए पूरी तरह से तैयार है। फिलहाल ये फिल्म सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रही है। इस फिल्म को लेकर कई तरह के ट्वीट्स वायरल हो रहे हैं। वहीं ट्विटर पर #Pathaan और #PathaanOnPrime भी ट्रेंड कर रहा है।

ट्विटर पर ट्रेंड कर रही है ये फिल्म
जानकारी के अनुसार फिल्म 'पठान' सिनेमाघरों में गत 25 जनवरी 2023 को रिलीज हुई थी। इस फिल्म के जरिए किंग खान यानी शाहरुख खान ने करीब 4 साल बाद बतौर हीरो धमाकेदार कमबैक किया था। रिलीज से पहले इस फिल्म को लेकर कई तरह का विवाद हुआ था जिसके बाद सेंसर बोर्ड ने फिल्म से कुछ सीन्स डिलीट करवा दिए थे। लेकिन अब ओटीटी पर इस फिल्म में सारे डिलीट किए गए सीन्स जोड़ दिए गए हैं।
ओटीटी पर दिखाए जा रहे हैं डिलीटेड सीन्स
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म 'पठान' के दो सीन्स की सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा हो रही है। यूजर्स की मानें तो अगर ये सीन्स थिएटर में दिखाए गए होते तो धूम मच जाती। शाहरुख खान के फैंस सिनेमाघरों में ही तहलका मचा देते।
लोगों ने फिल्म देखकर कही ये बात
आपको बता दें कि फिल्म 'पठान' जब थिएटर्स में रिलीज हुई थी, तो उसमें एक सीन था, जिसमें शाहरुख खान को कुर्सी से बांधकर टॉर्चर किया जाता था। इस सीन के वीडियो क्लिप को एक यूजर ने ट्विटर पर शेयर किया है और कहा है कि शाहरुख के टॉर्चर वाले सीन को थिएटर में छोटा दिखाया गया था जबकि ये सीन ओटीटी काफी बड़ा दिखाया गया है।
शाहरुख के एंट्री सीन ने मचाई तबाही
वहीं ट्विटर पर इस फिल्म के एक और सीन की चर्चा हो रही है जिसमें शाहरुख खान लिफ्ट से निकलकर ऑफिस एरिया में घुसते हैं। जिस अंदाज में वह एंट्री करते हैं, उसे देख हर कोई आंखे फाड़कर देखता रह जाता है। लोगों का कहना है कि अगर थिएटर में इस सीन को दिखाया गया होता तो आग ही लग जाती।

डायलॉग भी मचा रहे तहलका
शाहरुख खान के फैंस फिल्म 'पठान' के ओटीटी रिलीज को लेकर काफी खुश नजर आ रहे हैं। ऐसे में फिल्म के कई सीन्स ट्विटर पर शेयर किए जा रहे हैं। फैंस फिल्म को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। वहीं इस बात का भी दुख मनाया जा रहा है कि आखिर इन सीन्स को फिल्म से क्यों हटाया गया था। फिल्म 'पठान' के कुछ डायलॉग भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। लोग इन डायलॉग्स के वीडियो क्लिप्स बनाकर उन्हें सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं।

'पठान' ने की थी ब्लॉकबस्टर कमाई
जानकारी के अनुसार शाहरुख खान की फिल्म 'पठान' को आज यानी 22 मार्च को अमेजन प्राइम वीडियो पर हिंदी के अलावा तमिल और तेलुगू भाषा में भी रिलीज किया गया है। फिल्म में जॉन अब्राहम की एक्टिंग की भी जमकर तारीफ हो रही है। आपको बता दें कि फिल्म 'पठान' ने रिलीज होने के बाद 43 दिनों के अंदर ही भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 513.50 करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी। वहीं वर्ल्डवाइड इसने 1040.40 करोड़ रुपये का कुल कारोबार किया था।












Click it and Unblock the Notifications