निकिता रावल से नौकर ने लूटे लाखों रुपए, गर्दन पर चाकू रखकर दी धमकी, पुलिस ने दो लोगों को किया गिरफ्तार
Nikita Rawal: बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस निकिता रावल को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खबर है कि निकिता रावल के साथ एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है। 'गरम मसाला' और 'ब्लैक एंड वाइट' जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी निकिता से बंदूक की नोक पर कई लाख रुपए लूट लिए गए हैं। सिर्फ इतना ही नहीं जब निकिता ने उन लुटेरों को रोकने की कोशिश की तो उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई है। एक्ट्रेस ने इस हादसे को लेकर मुंबई पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाई है जिसके बाद पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
निकिता रावल से लाखों रुपये की लूट
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो निकिता रावल ने मुंबई के मलाड बांगुर नगर पुलिस थाने में इस घटना के बाद एफआईआर दर्ज करवाई है। दैनिक भास्कर से बातचीत में एक्ट्रेस ने बताया कि वह इस घटना के बाद से सदमे में हैं। निकिता रावल ने घटना के बारे में बात करते हुए कहा- मुझे यकीन नहीं हो रहा कि मेरे ही नौकर ने मेरे साथ ऐसा किया है। आप असहाय महसूस करते हैं, जब कुछ गुंडे आपको बंदूक की नोक पर रखते हैं। आपकी गर्दन पर चाकू रख देते और कहते हैं कि अगर पैसे नहीं दिए तो जान से मार देंगे।

निकिता रावल ने नौकर पर लगाया आरोप
निकिता रावल ने बताया- इस वारदात में मुझसे करीब 3.5 लाख रुपए नकद, कुछ सोने के गहने और एक प्लेटिनम की रिंग लूटी गई है। निकिता ने ये भी खुलासा किया है कि कुछ दिनों से उनके घर से लगातार कभी सामान तो कभी 10-15 हजार रुपये चोरी हो रहे थे। निकिता ने बताया- उन लुटेरों ने मेरी 3 लाख 80 हजार रुपये की अंगूठी ले ली है। उन्हें जो कुछ भी नकद मिला, वो अपने साथ ले गए। एक्ट्रेस ने आगे बताया- सबसे पहले मैंने अपने स्टाफ को चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ा था, जिसके बाद उसने हाथापाई शुरू कर दी थी। मैं भाग्यशाली हूं कि मैं बच गई।
पुलिस ने प्रमोद को किया गिरफ्तार
वहीं इस मामले में पुलिस ने बताया है कि इस पूरी वारदात के पीछे घर का नौकर ही शामिल है। प्रमोद नाम के इस आरोपी नौकर को गिरफ्तार कर लिया गया है। आपको बता दें कि मुंबई की रहने वाली निकिता रावल ने साल 2010 में बॉलीवुड फिल्मों में डेब्यू किया था।












Click it and Unblock the Notifications