Scam 2010 Teaser Out: सुब्रत रॉय की कहानी लेकर लौटे हंसल मेहता, 'स्कैम 2010' वेब सीरीज का टीजर रिलीज
Scam 2010 Teaser Out: 'स्कैम 1992' और 'स्कैम 2003' की सफलता के बाद हंसल मेहता अपनी चर्चित वेब सीरीज फ्रेंचाइजी का अगला सीजन लेकर आ रहे हैं। इस बार कहानी देश के बड़े कारोबारी समूह सहारा के संस्थापक सुब्रत रॉय की जिंदगी और उनसे जुड़े वित्तीय विवादों पर आधारित होगी। आज यानी 2 नवंबर 2026 (सोमवार) को मेकर्स ने 'स्कैम 2010' का फर्स्ट लुक टीजर जारी कर दिया है। इसमें एक्टर वेब सिद्धार्थ बोडके सुब्रत रॉय के किरदार में नजर आएंगे। सीरीज की रिलीज डेट का भी ऐलान हो गया है और दर्शक इसे जनवरी 2027 में सोनी लिव पर देख सकेंगे।
सुब्रत रॉय के अंदाज में दिखे सिद्धार्थ बोडके
'स्कैम 2010' के टीजर में फ्रेंचाइजी के पुराने सीजन की झलक के साथ नए किरदार की एंट्री दिखाई गई है। शुरुआत में प्रतीक गांधी और गगन देव रियार की झलक देखने को मिलती है, जो 'स्कैम 1992' और 'स्कैम 2003' का हिस्सा थे। इसके बाद कैमरा सिद्धार्थ बोडके पर ठहरता है। शानदार सूट पहने सिद्धार्थ होटल की लॉबी और गलियारों में चलते हुए सुब्रत रॉय के अंदाज में नजर आते हैं।

'रिस्क है तो इश्क है' के बाद नया दमदार डायलॉग
-टीजर में उनका डायलॉग खास ध्यान खींचता है। वो कहते हैं- लोगों को हम पर भरोसा और यकीन है। हम लोगों के लिए एक सहारा हैं और सहारा अभी तक हारा नहीं है। इस एक लाइन के जरिए मेकर्स ने सुब्रत रॉय की छवि, उनके प्रभाव और सहारा समूह से जुड़ी कहानी की झलक पेश की है।
-'स्कैम' फ्रेंचाइजी की पहचान सिर्फ वास्तविक घटनाओं पर आधारित कहानियां ही नहीं बल्कि इसके यादगार डायलॉग भी हैं। साल 2020 में आई 'स्कैम 1992: द हर्षद मेहता स्टोरी' का डायलॉग 'रिस्क है तो इश्क है' खूब लोकप्रिय हुआ था। इसके बाद 2023 में रिलीज हुई 'स्कैम 2003' में गगन देव रियार के किरदार का डायलॉग 'डेयरिंग तो करना पड़ेगा ना डार्लिंग' चर्चा में रहा।
-अब 'स्कैम 2010' के टीजर में सुब्रत रॉय के किरदार का संवाद 'सहारा अभी तक हारा नहीं है', लोगों का ध्यान खींच रहा है। ऐसे में फ्रेंचाइजी के फैंस को इस नए सीजन से भी दमदार कहानी और यादगार डायलॉग की उम्मीद है।
हंसल मेहता कर रहे हैं सीरीज का निर्देशन
-इस नए सीजन की कमान एक बार फिर हंसल मेहता के हाथों में है। वह न सिर्फ इसके निर्माता हैं बल्कि सीरीज का निर्देशन भी कर रहे हैं। 'स्कैम 2010' को बिड़ला स्टूडियोज और अप्लॉज एंटरटेनमेंट ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। इसकी कहानी पत्रकार तमाल बंद्योपाध्याय की किताब 'सहारा: द अनटोल्ड स्टोरी' पर आधारित है।
-सीरीज में सहारा समूह के संस्थापक सुब्रत रॉय की जिंदगी, उनकी कारोबारी यात्रा और उनसे जुड़े वित्तीय विवादों को कहानी का आधार बनाया गया है। हालांकि दर्शकों को ये देखना दिलचस्प होगा कि मेकर्स इस चर्चित कारोबारी शख्सियत के जीवन के अलग-अलग पहलुओं को पर्दे पर किस तरह पेश करते हैं।
सिद्धार्थ बोडके बोले- किरदार को समझना बड़ी चुनौती थी
-सुब्रत रॉय की भूमिका निभा रहे सिद्धार्थ बोडके ने इस प्रोजेक्ट को अपने करियर का बेहद खास और चुनौतीपूर्ण अनुभव बताया है। उनके मुताबिक वह इस किरदार के जरिए सिर्फ सुब्रत रॉय की सार्वजनिक छवि को नहीं बल्कि उसके पीछे मौजूद इंसान को भी समझना चाहते थे।
-सिद्धार्थ ने कहा कि वह जानना चाहते थे कि सुब्रत रॉय को किस चीज से प्रेरणा मिलती थी और उनके बड़े फैसलों के पीछे क्या सोच काम करती थी। इस किरदार के साथ लंबे समय तक काम करने के दौरान उन्हें काफी कुछ सीखने को मिला।
-एक्टर ने ये भी कहा कि हंसल मेहता के साथ काम करना उनके लिए सीखने और आनंद लेने वाला अनुभव रहा है। उन्होंने माना कि 'स्कैम' फ्रेंचाइजी पहले से ही एक बड़ी पहचान बना चुकी है। ऐसे में इस विरासत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी मिलना उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी चुनौती भी है।
कौन हैं सिद्धार्थ बोडके?
-सिद्धार्थ बोडके टेलीविजन और फिल्मों में अपनी पहचान बना चुके अभिनेता हैं। मराठी टीवी शो 'तू अशी जवली रहा' से उन्हें लोकप्रियता मिली थी। इसके बाद उन्होंने हिंदी टेलीविजन की दुनिया में कदम रखा और सीरियल 'गुम है किसी के प्यार में' में जगताप माने का किरदार निभाकर दर्शकों के बीच पहचान बनाई।
-सिद्धार्थ थिएटर से भी जुड़े रहे हैं। फिल्मों की बात करें तो वह अजय देवगन की 'दृश्यम 2' में डेविड ब्रागांजा के रोल में नजर आए थे। इसके अलावा उन्होंने 'जेएनयू: जहांगीर नेशनल यूनिवर्सिटी', शाहिद कपूर की 'देवा' और मराठी फिल्मों 'श्रीदेवी प्रसन्ना', 'पुन्हा शिवाजीराजे भोसले' और 'देवमाणूस' में भी काम किया है।
कब और कहां देख सकेंगे 'स्कैम 2010'?
'स्कैम 2010' का फर्स्ट लुक सामने आने के बाद से ही सीरीज को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। सिद्धार्थ बोडके पहली बार इस फ्रेंचाइजी में मुख्य भूमिका निभाते दिखाई देंगे। हंसल मेहता के निर्देशन और सुब्रत रॉय की चर्चित कहानी के कारण इस सीजन पर दर्शकों की नजरें रहेंगी। मेकर्स के मुताबिक ये सीरीज जनवरी 2027 में सोनी लिव पर रिलीज होगी।


Click it and Unblock the Notifications
