Sanchita Ugale Death केस में नया मोड़, WhatsApp चैट्स ने खोला राज, दोस्त का दावा- फेमस एक्टर ने टॉर्चर किया
Sanchita Ugale Death: टीवी एक्ट्रेस संचिता उगले की मौत के मामले में हर दिन नए खुलासे सामने आ रहे हैं। अब एक नई रिपोर्ट ने इस पूरे मामले को और भी उलझा दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जांच एजेंसियों के हाथ, संचिता और उनके साइकोलॉजिस्ट के बीच हुई कुछ कथित WhatsApp चैट्स लगी हैं, जिनकी बारीकी से पड़ताल की जा रही है। हालांकि इन मैसेजेस की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है लेकिन सामने आई जानकारी ने अभिनेत्री की मानसिक स्थिति को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जांच के बीच सामने आईं संचिता का WhatsApp चैट्स
बताया जा रहा है कि इन WhatsApp चैट्स में दिवंगत एक्ट्रेस संचिता उगले ने अपने भविष्य, करियर और मेंटल हेल्थ को लेकर गहरी चिंताओं का जिक्र किया था। यही वजह है कि अब जांच अधिकारी इन संदेशों को भी केस के जरूरी पहलुओं में शामिल कर रहे हैं।

भविष्य को लेकर डरी हुई थीं संचिता उगले?
-मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कथित चैट्स में संचिता उगले ने अपने साइकोलॉजिस्ट से बातचीत के दौरान बताया था कि वह लगातार डर और असुरक्षा की भावना से जूझ रही थीं। उन्होंने कुछ ऐसे परेशान करने वाले सपनों का भी जिक्र किया था, जो उन्हें मानसिक रूप से बेचैन कर रहे थे।
-बताया जा रहा है कि संचिता को महसूस होने लगा था कि उनके भीतर कुछ ठीक नहीं चल रहा है और इसका असर उनकी प्रोफेशनल लाइफ पर भी पड़ रहा है। कथित तौर पर उन्होंने ये स्वीकार किया था कि वह खुद को पूरी तरह से भटका हुआ महसूस कर रही हैं और कई महीनों से उनकी स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हो रहा था।
साइकोलॉजिस्ट ने दी थी प्रोफेशनल मदद लेने की सलाह
-सामने आई जानकारी के मुताबिक साइकोलॉजिस्ट ने संचिता उगले को नियमित ऑनलाइन काउंसलिंग सेशन शुरू करने की सलाह दी थी। कथित बातचीत में उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि उनकी मानसिक परेशानियों की जड़ तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी और सही ट्रीटमेंट के जरिए स्थिति को बेहतर बनाया जा सकता है।
-इसके साथ ही संचिता को पॉजिटिव सोच बनाए रखने, धैर्य रखने और प्रोफेशनल मदद पर भरोसा करने की सलाह भी दी गई थी। माना जा रहा है कि एक्ट्रेस अपने मानसिक संघर्षों से बाहर निकलने की कोशिश कर रही थीं लेकिन परिस्थितियां लगातार चुनौतीपूर्ण बनी हुई थीं।
पर्सनल लाइफ को लेकर भी सामने आए नए दावे
-इस मामले में एक्ट्रेस इंद्राक्षी ने भी कई अहम दावे किए हैं। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि संचिता पिछले कुछ समय से अपनी पर्सनल लाइफ में भी कई उतार-चढ़ाव का सामना कर रही थीं। इंद्राक्षी के अनुसार संचिता किसी अन्य व्यक्ति को डेट कर रही थीं और शायद उसके साथ लिव इन में भी रह रही थीं।
-इंद्राक्षी ने बताया कि पिछले दो से ढाई महीनों से उनकी संचिता से ज्यादा बातचीत नहीं हुई थी लेकिन उन्हें जानकारी थी कि एक्ट्रेस अपने एक्स बॉयफ्रेंड से जुड़ी कुछ परेशानियों से गुजर रही थीं और मदद भी तलाश रही थीं। इंद्राक्षी ने ये भी दावा किया था कि शो का प्रोडक्शन हाउस इस दौरान संचिता को सहयोग देने की कोशिश कर रहा था।
को-एक्टर उज्जवल शर्मा पर लगे गंभीर आरोप
-संचिता उगले की मौत के मामले में नया विवाद तब खड़ा हुआ जब इंद्राक्षी ने एक्टर उज्ज्वल शर्मा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि उज्ज्वल के व्यवहार का संचिता की मानसिक स्थिति पर नकारात्मक असर पड़ रहा था।
-इंद्राक्षी ने ये भी कहा कि वह उन बयानों से हैरान हैं जिनमें संचिता की निजी जिंदगी और मेंटल हेल्थ को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। उनके मुताबिक संचिता डिप्रेशन में थीं या नहीं, इस पर बिना आधिकारिक जानकारी के निष्कर्ष निकालना सही नहीं होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि संचिता ने एक शो इसलिए छोड़ा था क्योंकि कथित उत्पीड़न के कारण उनकी तबीयत लगातार खराब होती जा रही थी।
शो छोड़ने के पीछे क्या थी असली वजह?
-इंद्राक्षी के मुताबिक एक टीवी शो के प्रसारण के बाद उन्होंने एक कास्टिंग डायरेक्टर का फोन आया था, जो नई फीमेल लीड की तलाश कर रहा था। ये बात उन्हें हैरान करने वाली लगी क्योंकि उस समय शो में मुख्य भूमिका संचिता निभा रही थीं। जब उन्होंने इस बारे में संचिता से बात की, तब कथित तौर पर एक्ट्रेस ने उन्हें अपनी परेशानियों के बारे में बताया था।
-इंद्राक्षी का दावा है कि संचिता ने कहा था कि अपने को-एक्टर उज्जवल शर्मा के गंदे बर्ताव से वह काफी परेशान थीं और इसका असर उनकी सेहत पर पड़ रहा था। वह शो छोड़ना नहीं चाहती थीं लेकिन हालात ऐसे बन गए थे कि उनके लिए काम जारी रखना मुश्किल हो गया था।
पैसों के लेन-देन और धमकी के आरोपों ने बढ़ाई सनसनी
-इंद्राक्षी ने एक और गंभीर दावा करते हुए कहा है कि उज्ज्वल शर्मा ने कथित तौर पर संचिता से पैसे उधार लिए थे। उनका आरोप है कि जब एक्ट्रेस ने अपने पैसे वापस मांगे, तो दोनों के बीच विवाद पैदा हो गया था। इंद्राक्षी ने दावा किया कि उनके पास ऐसी बातचीत के स्क्रीनशॉट मौजूद हैं जिनमें कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया और संचिता को अपमानित किया गया था।
-इतना ही नहीं, इंद्राक्षी ने ये भी आरोप लगाया है कि संचिता को धमकियां तक दी गई थीं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और जांच एजेंसियां मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।
जांच के बीच बढ़ी रहस्य की परतें
-संचिता उगले की मौत की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए दावे और खुलासे सामने आ रहे हैं। कथित WhatsApp चैट्स और मेंटल हेल्थ से जुड़ी जानकारी, निजी रिश्तों पर उठे सवाल और को-एक्टक के साथ विवाद के आरोपों ने इस मामले को और भी संवेदनशील बना दिया है।
-फिलहाल जांच एजेंसियां सभी उपलब्ध सबूतों और बयानों की जांच कर रही हैं। ऐसे में अंतिम निष्कर्ष आने तक किसी भी दावे को पूरी तरह सही मानना जल्दबाजी होगी। सभी की नजर अब जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जो इस रहस्यमयी मामले के कई अनसुलझे सवालों के जवाब दे सकती है।













Click it and Unblock the Notifications