'सोओगे नहीं तो रिप्लेस हो जाओगे', Sanchita Ugale की मौत में नया मोड़, एक्ट्रेस आंचल खुराना के सच ने उड़ाए होश
Sanchita Ugale Death: टीवी एक्ट्रेस संचिता उगले के अचानक निधन ने पूरे एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है। जहां एक ओर एक्ट्रेस के फैंस इस दुखद खबर से उबर नहीं पा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर इंडस्ट्री से जुड़े कलाकार भी इस घटना को लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। इसी बीच टीवी एक्ट्रेस आंचल खुराना ने एक इमोशनल पोस्ट शेयर करते हुए ग्लैमर इंडस्ट्री के पीछे छिपी उन सच्चाइयों को सामने रखा है, जिन पर अक्सर खुलकर बात नहीं होती है।
संचिता की मौत के बाद इंडस्ट्री पर बरसीं आंचल खुराना
आंचल खुराना ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि लोग टीवी की चमक-दमक और ग्लैमर को देखते हैं लेकिन पर्दे के पीछे कलाकार किन परिस्थितियों से गुजरते हैं, इसकी चर्चा बहुत कम होती है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि चैनलों को टीआरपी चाहिए, प्रोड्यूसर्स को मुनाफा चाहिए और दर्शकों को मनोरंजन चाहिए लेकिन शायद ही कोई ये सोचता हो कि कलाकारों पर मानसिक और प्रोफेशनल दबाव कितना अधिक होता है।

'हर छोटी बात पर रिप्लेसमेंट का डर दिखाया जाता है'
-आंचल खुराना ने दावा किया कि इंडस्ट्री में कलाकारों के सामने लगातार असुरक्षा का माहौल बना रहता है। उनके मुताबिक कई बार छोटी-छोटी बातों पर कलाकारों को शो से बाहर कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि अगर कोई अपने आत्मसम्मान से समझौता नहीं करता, किसी बात का विरोध करता है या किसी की शर्तें मानने से इनकार करता है, तो उसे रिप्लेस किए जाने का खतरा बना रहता है।
-आंचल खुराना ने कहा- एक छोटी सी बात पर रिप्लेसमेंट, किसी के साथ सोओगे नहीं तो रिप्लेसमेंट, किसी से बहस कर लोगे तो रिप्लेसमेंट, सेल्फ रिस्पेक्ट बचाओगे तो रिप्लेसमेंट, या फिर तुम्हारे डेज काट देंगे। कभी किसी ने असल में सोचा है कि एक एक्टर पर क्या बीत रही है। आंचल के इस बयान से एक्ट्रेस संचिता उगले की मौत के मामले में नया मोड़ आता नजर आ रहा है।
रिजेक्शन और संघर्ष से भरी होती है कलाकारों की जिंदगी
आंचल खुराना ने बताया कि अधिकांश कलाकार हर दिन ऑडिशन देते हैं और कई बार लगातार रिजेक्शन का सामना करते हैं। बाहर से दिखने वाली सफलता के पीछे अनगिनत असफलताएं और मानसिक संघर्ष छिपे होते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को अक्सर कलाकारों से मजबूत बने रहने की उम्मीद होती है लेकिन कोई ये नहीं बताता कि आखिर इंसान कब तक हर मुश्किल का सामना अकेले करता रहे।
आंचल खुद भी झेल चुकी हैं मुश्किल दौर
आंचल खुराना ने ये भी खुलासा किया कि वह खुद भी तनाव और अवसाद जैसे दौर से गुजर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब सब कुछ खत्म होता हुआ महसूस हो, तब काम और सफलता से ज्यादा जरूरी अपने परिवार और करीबियों का साथ होता है। उन्होंने कलाकारों से अपील की कि किसी भी परिस्थिति में आत्मघाती कदम उठाने के बजाय अपने लोगों से बात करें और मदद लें।
कैमरे के पीछे की सच्चाई अलग होती है
आंचल खुराना के अनुसार कैमरे पर मुस्कुराता हुआ कलाकार हमेशा खुश हो, ये जरूरी नहीं है। कई बार जो चेहरा दर्शकों को स्क्रीन पर हंसता हुआ दिखाई देता है, वह अंदर से गहरे तनाव, अकेलेपन या संघर्ष से जूझ रहा होता है। उन्होंने कहा कि लोगों को कलाकारों की मानसिक स्थिति को लेकर अधिक संवेदनशील होने की जरूरत है।
संचिता उगले की मौत की जांच जारी
-आपको बता दें कि 'कुमकुम भाग्य', 'वागले की दुनिया', 'दिलवाली दूल्हा ले जाएगी' और फिल्म 'छावा' में नजर आ चुकीं संचिता उगले के निधन की खबर ने पूरे टीवी जगत को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अब तक उनके इस कदम के पीछे की वजह को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
-संचिता उगले के निधन के बाद सामने आए आंचल खुराना के बयान ने एक बार फिर मनोरंजन उद्योग में कलाकारों के मानसिक स्वास्थ्य, काम के दबाव और पेशेवर असुरक्षा जैसे मुद्दों को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। ये घटना सिर्फ एक कलाकार की मौत की खबर नहीं बल्कि उस दबावपूर्ण माहौल पर भी सवाल खड़े करती है, जिससे गुजरते हुए कई कलाकार अपनी लड़ाई अकेले लड़ते हैं।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे













Click it and Unblock the Notifications