2026 में होगा साउथ और बॉलीवुड का सबसे बड़ा कोलैबरेशन, सलमान खान पर 1000 करोड़ी फिल्म के मेकर्स लगाएंगे दाव
सलमान खान इन दिनों अपनी अगली बड़ी फिल्म को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने अपनी वॉर ड्रामा फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' की शूटिंग पूरी की है और अब वह एक नए मेगा प्रोजेक्ट की तैयारी में जुट गए हैं। इंडस्ट्री में इस आगामी फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह है, जिसे फिलहाल 'पुष्पा मीट्स सुल्तान' का नाम दिया जा रहा है।

खास बात यह है कि इस फिल्म का निर्देशन मशहूर जोड़ी राज निदिमोरु और कृष्णा डीके, यानी राज एंड डीके, करने वाले हैं। 'द फैमिली मैन' और 'फर्जी' जैसी हिट वेब सीरीज बना चुके राज एंड डीके पहली बार सलमान खान के साथ काम करने जा रहे हैं। यह फिल्म एक बड़े बजट की एक्शन-कॉमेडी बताई जा रही है, जो सलमान की पिछली फिल्मों से काफी अलग होगी।
इस मेगा प्रोजेक्ट को मैत्री मूवी मेकर्स प्रोड्यूस करेंगे, जो साउथ की सुपरहिट 'पुष्पा' फ्रेंचाइज़ के लिए जाने जाते हैं। बताया जा रहा है कि यह फिल्म सलमान के 'सुल्तान' वाले दमदार अवतार और 'पुष्पा' की रॉ थीम का जबरदस्त मेल होगी। इसी वजह से फिल्म को लेकर फैंस और ट्रेड एक्सपर्ट्स के बीच चर्चा तेज हो गई है।
सूत्रों के मुताबिक, सलमान खान को फिल्म का बेसिक आइडिया काफी पसंद आया है। उन्होंने अभी फिल्म की पूरी कहानी नहीं सुनी है, लेकिन वह राज एंड डीके के साथ काम करने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। बताया जा रहा है कि सलमान ने इस प्रोजेक्ट के लिए जुबानी सहमति दे दी है, हालांकि अंतिम फैसला सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही लिया जाएगा।
राज एंड डीके ने सलमान से अगस्त 2026 के बाद की तारीखें भी ब्लॉक कर ली हैं। इंडस्ट्री सूत्रों का कहना है कि इस फिल्म पर आखिरी निर्णय अप्रैल 2026 में लिया जाएगा। अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा, तो यह सलमान खान और मैत्री मूवी मेकर्स की पहली साथ वाली फिल्म होगी।
कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि यह फिल्म कोरियन हिट मूवी 'अ हार्ड डे' का आधिकारिक हिंदी रीमेक हो सकती है। दिलचस्प बात यह है कि यही कहानी साल 2020 में राज एंड डीके ने शाहरुख खान को भी ऑफर की थी, लेकिन तब बात आगे नहीं बढ़ पाई थी। हालांकि, इस पर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं, सलमान खान की 'बैटल ऑफ गलवान' 17 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। लंबे समय से एक बड़ी हिट की तलाश में जुटे सलमान के लिए यह फिल्म बेहद अहम मानी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications