Dhurandhar Controversy: तय समय पर नहीं रिलीज होगी रणवीर की 'धुरंधर'! दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचा मामला
Dhurandhar Controversy: रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'धुरंधर' 5 दिसंबर को रिलीज होने वाली है, लेकिन इससे पहले ही यह कानूनी विवादों में उलझ गई है। शहीद मेजर मोहित शर्मा के माता-पिता ने फिल्म पर गंभीर आपत्तियां उठाते हुए दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की है और इसकी रिलीज पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

परिवार की आपत्ति: "बिना अनुमति बनी कहानी"
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेजर मोहित शर्मा के परिजनों का कहना है कि 'धुरंधर' की कहानी उनके बेटे के जीवन, उनके गुप्त सैन्य अभियानों और उनकी शहादत से प्रेरित लगती है। उनका आरोप है कि फिल्म निर्माताओं ने न तो भारतीय सेना से अनुमति ली और न ही मेजर शर्मा के परिवार से कोई परामर्श किया। परिवार का कहना है कि मीडिया में लगातार यह दावा किया जा रहा है कि फिल्म मेजर मोहित शर्मा की कहानी से जुड़ी है, जबकि निर्माता इस संबंध में कोई स्पष्ट बयान नहीं दे रहे। इससे परिवार में असहजता और चिंता बढ़ी है।
कई संस्थाओं और निर्माताओं को बनाया गया पक्षकार
दायर की गई याचिका में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, CBFC, ADGPI, निर्देशक एवं सह-निर्माता आदित्य धर, तथा जियो स्टूडियोज को भी पक्षकार बनाया गया है। परिवार ने अदालत से अनुरोध किया है कि फिल्म की रिलीज तभी हो जब पहले एक प्राइवेट स्क्रीनिंग के माध्यम से परिवार को दिखाया जाए। साथ ही उन्होंने कोर्ट से यह व्यवस्था लागू करने की मांग की कि भविष्य में जब भी किसी शहीद के जीवन पर आधारित फिल्म बनाई जाए, तो सेना और संबंधित परिवार से पूर्व अनुमति अनिवार्य रूप से ली जाए।
फिल्म की प्रेरणा को लेकर विवाद
कुछ समय से यह चर्चा थी कि 'धुरंधर' शहीद मेजर मोहित शर्मा के जीवन से प्रेरित है। हालांकि, 26 नवंबर को निर्देशक आदित्य धर ने एक बयान में स्पष्ट किया था कि फिल्म किसी भी वास्तविक सैन्य अधिकारी की जीवन-गाथा पर आधारित नहीं है और यह पूरी तरह काल्पनिक कहानी है। इसके बावजूद, परिवार का मानना है कि फिल्म के प्रचार और मीडिया कवरेज में दिखाई गई बातें उनके बेटे की शहादत का संदर्भ देती हैं, जो तथ्यात्मक रूप से गलत और संवेदनशील है।












Click it and Unblock the Notifications