Dhurandhar: 20 साल छोटी एक्ट्रेस सारा अर्जुन के साथ रोमांस करने पर रणवीर ने तोड़ी चुप्पी
Ranveer Singh on Sara Arjun: टीवी और विज्ञापन जगत से अपना सफ़र शुरू करने वाली सारा अर्जुन बचपन से ही कैमरे की दुनिया का हिस्सा रही हैं। पांच साल की उम्र से पहले ही वह सौ से अधिक विज्ञापनों में दिखाई दे चुकी थीं। अब वह रणवीर सिंह स्टारर फिल्म 'धुरंधर' के साथ बड़े पर्दे पर एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती दिखाई देंगी। लेकिन फ़िल्म के सामने आते ही इंटरनेट पर उनकी और रणवीर सिंह की उम्र के अंतर को लेकर नई बहस शुरू हो गई।

एज गैप पर उठे सवाल
बॉलीवुड में लंबे समय से यह आलोचना होती रही है कि बढ़ती उम्र के हीरोज़ के साथ बेहद कम उम्र की अभिनेत्रियों को कास्ट किया जाता है। शाहरुख खान, सलमान खान, अजय देवगन जैसे कई बड़े नामों की फिल्मों में यह पैटर्न देखा गया है। अब इसी चर्चा में रणवीर सिंह का नाम भी शामिल हो गया है। रणवीर जहां 40 साल के हैं, वहीं उनकी सह-कलाकार सारा अर्जुन मात्र 20 वर्ष की हैं। इंटरनेट पर कई यूज़र्स इस 20 साल के एज गैप पर सवाल उठा चुके हैं।
रणवीर सिंह ने किया सारा का बचाव
हाल ही में 'धुरंधर' के ट्रेलर लॉन्च के दौरान रणवीर सिंह से जब इस विवाद पर सवाल किया गया, तो उन्होंने बेहद सकारात्मक अंदाज़ में सारा की प्रतिभा की सराहना की। रणवीर ने कहा, "मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं कि सारा के इस खास सफर का हिस्सा बन पाया हूं। वह जन्मजात प्रतिभा हैं, यह स्क्रीन पर साफ दिखाई देता है।"
उन्होंने आगे कहा कि कुछ कलाकार बचपन से ही असाधारण क्षमता रखते हैं और हॉलीवुड की एक्ट्रेस डकोटा फैनिंग की तरह सारा भी उसी श्रेणी की परफॉर्मर हैं। रणवीर के मुताबिक, सारा ने इस भूमिका के लिए हजारों उम्मीदवारों को पीछे छोड़ते हुए जगह बनाई है।
सारा अर्जुन की प्रतिभा का खुला प्रशंसा-पत्र
रणवीर ने खुले शब्दों में कहा कि सेट पर सारा का आत्मविश्वास और समझ देखकर ऐसा लगा जैसे उन्होंने पहले से पचास फिल्मों में काम किया हो। उन्होंने कहा, "सारा बेहद परिपक्व और तैयार परफॉर्मर हैं। जिन एक्टर्स के साथ मैंने काम किया है, उनमें वह सबसे शानदार में से एक हैं। सच कहूं तो सारा की वजह से ही मैं भी स्क्रीन पर अच्छा दिख रहा हूं।"
कम उम्र में बड़ा अनुभव
सारा अर्जुन ने 2005 में जन्म लेने के बाद बहुत जल्द विज्ञापन उद्योग में कदम रखा। मैगी, LIC और कई बड़े ब्रांड्स के लिए उन्होंने लोकप्रिय कैंपेन्स किए। पांच साल की उम्र में उनकी पहली तमिल फ़िल्म 'दैवा थिरुमगल' रिलीज़ हुई, जिसने उन्हें पहचान दिलाई। इसके बाद वह मणिरत्नम की 'पोन्नियिन सेल्वन' में ऐश्वर्या राय के बचपन का किरदार निभाकर फिर चर्चा में आईं।












Click it and Unblock the Notifications