फ्लॉप नहीं 'फेल' हो गई रणबीर कपूर की 'शमशेरा', फिल्म को 50 करोड़ कमाने में छूट रहे हैं पसीने
फिल्म 'शमशेरा' बुरी तरह फ्लॉप हो गई है। 6 दिन में इस फिल्म ने केवल 38.45 करोड़ रुपये की कमाई की है। खबर है कि डायरेक्टर करण मल्होत्रा की फिल्म लोगों को डिजास्टर लग रही है।
मुंबई, 28 जुलाईः बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर पिछले कुछ समय से सुर्खियों में छाए हुए हैं। पत्नी आलिया भट्ट् की प्रेग्नेंसी की खबर के बाद से लोग रणबीर कपूर के बारे में चर्चा कर रहे हैं। इसी बीच गत 22 जुलाई को रणबीर कपूर और संजय दत्त की फिल्म 'शमशेरा' रिलीज हुई थी जिसे लेकर लोगों को ढेर सारी उम्मीदें थीं लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हो सका। फिल्म 'शमशेरा' बुरी तरह फ्लॉप हो गई है। 6 दिन में इस फिल्म ने केवल 38.45 करोड़ रुपये की कमाई की है। खबर है कि डायरेक्टर करण मल्होत्रा की फिल्म लोगों को डिजास्टर लग रही है।

150 करोड़ के बजट में बनी थी 'शमशेरा'
आपको बता दें कि फिल्म 'शमशेरा' का बजट 150 करोड़ रुपये का है। देशभर में यह 4350 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई है लेकिन हालात ये हैं कि तीन दिन बाद ही थिएटर्स खाली दिखने लगे। छठे दिन के बाद हालात ऐसे हो गए कि सिनेमाघरों में फिल्म के शोज कैंसल करने पर विचार किया जाने लगा। फिल्म 'शमशेरा' ने गत बुधवार को देशभर में केवल 2.10 करोड़ रुपये का ही बिजनस किया है।

वीकेंड पर भी नहीं दिखा सकी अपना कमाल
'शमशेरा' एक पीरियड, ड्रामा-एक्शन फिल्म है। पहले दिन इस फिल्म ने 10 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था लेकिन फिल्म की कमाई में पहले वीकेंड में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई। फिल्म ने वीकेंड यानी शनिवार को भी 10 करोड़ और रविवार को 11 करोड़ रुपये का बहुत ही कम कारोबार किया। जबकि पहले सोमवार को फिल्म की कमाई ओपनिंग डे के मुकाबले 71 प्रतिशत तक गिर गई थी। इसके बाद कमाई में गिरावट ही दर्ज की गई।

रणबीर कपूर के करियर को लगा बड़ा झटका
फिल्म 'शमशेरा' के बिजनेस ने बॉक्स ऑफिस के जानकारों को हैरान कर दिया है। आपको बता दें कि रणबीर कपूर फिल्म 'संजू' की रिलीज के 4 साल बाद इस फिल्म से सिनेमाघरों में लौटे थे। फिल्म को लेकर पहले से ही बढ़िया रेस्पॉन्स मिल रहा था, लेकिन 'शमशेरा' को रिलीज के साथ ही घाटा उठाना पड़ा। दर्शकों ने फिल्म को सिरे से खारिज कर दिया। दर्शकों की मानें तो फिल्म की कहानी ने सबको निराश किया है।

दर्शकों को नहीं पसंद आई कहानी
रणबीर कपूर और संजय दत्त के अलावा फिल्म 'शमशेरा' में वाणी कपूर भी मौजूद है। ये फिल्म एक सप्ताह में केवल 40 करोड़ का ही बिजनेस कर पाई है। फिल्म क्रिटिक्स की मानें तो कल यानी 29 जुलाई को फिल्म 'एक विलन रिटर्न्स' के रिलीज होते ही 'शमशेरा' का बिजनेस और अधिक प्रभावित होगा। 'एक विलन रिटर्न्स' के ट्रेलर को भी लोगों का अच्छा रेस्पॉन्स मिला है। साथ ही ये एक सुपरहिट फिल्म का सीक्वल है, ऐसे में अर्जुन कपूर, जॉन अब्राहम, तारा सुतारिया और दिशा पाटनी की इस फिल्म को कम से कम पहले दिन अच्छा रेस्पॉन्स तो जरूर मिलेगा।

50 करोड़ कमाने में भी हो रही है आफत
फिल्म 'शमशेरा' डिजास्टर साबित हुई है। यह पिछले दिनों बॉलीवुड की लगातार फ्लॉप हुई फिल्मों की लिस्ट में शामिल हो गई है। रणबीर कपूर की इस फिल्म के लिए दूसरे सप्ताह सिनेमाघरों में टिक पाना मुश्किल हो गया है। इस फिल्म को 50 करोड़ रुपए कमाने में भी आफत आ रही है।












Click it and Unblock the Notifications