Brahmastra: फिल्म की सफलता से खुश हुए रणबीर कपूर, बताया 'ब्रह्मास्त्र' की 100 करोड़ की कामयाबी का राज
रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की फिल्म ब्रह्मास्त्र को फैंस का खूब प्यार मिल रहा है। अब एक्टर ने फिल्म को मिली सफलता का श्रेय अयान मुखर्जी को दिया।
मुंबई, 12 सितंबर: रणबीर कपूर और आलिया भट्ट स्टारर फिल्म ब्रह्मास्त्र रिलीज होने से पहले ही सुर्खियों में बनी हुई थी। फैंस इस फिल्म के रिलीज होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। 9 सितंबर को फिल्म के रिलीज होते ही फैंस में फिल्म को लेकर अलग ही क्रेज देखने को मिला। यही वजह है कि फिल्म ताबड़तोड़ कमाई कर रही है। फिल्म को मिली सफलता के बाद रणबीर कपूर की खुशी का कोई ठिकाना नहीं है।

फैंस से मिले रणबीर कपूर और अयान मुखर्जी
सोशल मीडिया पर बॉयकॉट ब्रह्मास्त्र ट्रेंड होने के बावजूद फिल्म को फैंस का खूब प्यार मिला। फिल्म में रणबीर और आलिया भट्ट की कैमिस्ट्री ने फैंस का दिल जीता। ऐसे में फिल्म को मिल रही सफलता की खुशी में रणबीर कपूर और फिल्म निर्देशक अयान मुखर्जी ने मुंबई के एक थिएटर का दौरा किया। इस दौरान वह फैंस से मिले और एक्टर ने फिल्म के हिट होने का श्रेय अयान मुखर्जी को दिया।
बताया फिल्म ब्रह्मास्त्र की सक्सेस का राज
रणबीर कपूर और अयान मुखर्जी का ये वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। ये वीडियो इंस्टैंट बॉलीवुड ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। वीडियो में रणबीर कपूर अयान मुखर्जी की तारीफ कर रहे हैं। वह कहते हैं कि, 'हमें जो प्यार मिल रहा है उससे बड़ा ब्रह्मास्त्र और कोई नहीं है। मैं अयान मुखर्जी पर बेहद गर्व महसूस कर रहा हूं। जिसने 10 साल जिस मेहनत, प्यार समर्पण से किया है मैंने अपनी जिंदगी में ऐसा कभी देखा नहीं है'।

फैंस ने दिए ऐसे रिएक्शन
वहीं इस वीडियो पर फैंस भी तरह-तरह के रिएक्शन दे रहे हैं और अयान मुखर्जी की जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट कर लिखा, 'दिल जीत लिया इस फिल्म ने'। वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, 'अयान ने ब्रह्मास्त्र से बहुतों का दिल जीता है और विशेष रूप से रणबीर आप बहुत अच्छे आदमी हैं उम्मीद है कि आप ऐसी फिल्में करेंगे'।

फिल्म ब्रह्मास्त्र ने की रिकॉर्ड तोड़ कमाई
बता दें कि 400 करोड़ के बजट में बनी फिल्म ब्रह्मास्त्र ने रिलीज के पहले दिन 36 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया था। लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब ये फिल्म देश में ही नहीं बल्कि विदेश में भी रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर रही है। फिल्म ने 160 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। अब इसके अलावा फिल्म ने एक नया रिकॉर्ड बनाया है।

ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर की कमाई
फिल्म ब्रह्मास्त्र ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर अपने पहले वीकेंड में लगभग 225 करोड़ का ग्रास कलेक्शन किया है और साथ ही ये फिल्म इस वक्त टॉप फिल्म बन चुकी है। यह पहली बार है जब किसी बॉलीवुड फिल्म ने अंतरराष्ट्रीय चार्ट में पहला स्थान हासिल किया है। ये कहना गलत होगा कि आने वाले समय में ये फिल्म और भी कई रिकॉर्ड तोड़ सकती है।












Click it and Unblock the Notifications