Ramayan पर 'हनुमान' के बेटे का बड़ा बयान, Ranbir Kapoor को दे डाली सलाह, मेकर्स को दी चेतावनी
Ramayan: बॉलीवुड एक्टर विंदू दारा सिंह (Vindu Dara Singh) का 'रामायण' से गहरा नाता रहा है। उनके पिता दारा सिंह (Dara Singh) ने टीवी के मशहूर पौराणिक धारावाहिक 'रामायण' में भगवान राम के परम भक्त हनुमान का यादगार किरदार निभाया था। यही वजह है कि जब भी रामायण पर कोई नया प्रोजेक्ट बनता है तो उनकी राय काफी मायने रखती है।
'रामायण' की झलक पर मिला पॉजिटिव रिएक्शन
डायरेक्टर नितेश तिवारी और प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा की बिग बजट फिल्म 'रामायण' इन दिनों सुर्खियों में छाई हुई है। करीब 4000 करोड़ के भारी-भरकम बजट से बन रही इस फिल्म की पहली झलक ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है।

विंदू दारा सिंह ने 'रामायण' की जमकर की तारीफ
विंदू दारा सिंह ने फिल्म 'रामायण' के टीजर को भव्य और शानदार बताया है, खासतौर पर इसके विजुअल इफेक्ट्स की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा है कि नमित मल्होत्रा इस क्षेत्र में माहिर हैं और फिल्म तकनीकी रूप से काफी मजबूत दिख रही है।
रामानंद सागर की 'रामायण' से तुलना पर दी बड़ी सलाह
हालांकि विंदू दारा सिंह ने साफ कहा कि रामानंद सागर की 'रामायण' आज भी लोगों के दिलों में बसी हुई है और उसे टक्कर देना आसान नहीं है। उन्होंने कहा- अगर नई फिल्म उस क्लासिक रामायण के भाव और प्रस्तुति के करीब पहुंचती है तो ये सुपरहिट साबित हो सकती है लेकिन अगर उसमें जरूरत से ज्यादा बदलाव किए गए, तो दर्शक उसे स्वीकार नहीं करेंगे।
विंदू दारा सिंह ने मेकर्स को दी चेतावनी
विंदू दारा सिंह ने साफ शब्दों में फिल्म 'रामायण' के मेकर्स को चेतावनी दी है कि पौराणिक कथाओं के साथ ज्यादा प्रयोग करना जोखिम भरा हो सकता है। उन्होंने कहा कि अगर किरदारों या कहानी में बहुत ज्यादा बदलाव किया गया, खासतौर पर राक्षसों या असुरों के चित्रण में, तो ये दर्शकों को पसंद नहीं आएगा।
रणबीर कपूर पर जताया भरोसा
प्रभु श्रीराम के किरदार में रणबीर कपूर को लेकर भी विंदू दारा सिंह ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि रणबीर कपूर एक बेहतरीन अभिनेता हैं और अगर उन्होंने एक्टर अरुण गोविल की तरह सादगी और गंभीरता के साथ अभिनय किया तो फिल्म को बड़ी सफलता मिल सकती है।
सोशल मीडिया पर मिक्स्ड रिएक्शन
जहां एक ओर फिल्म 'रामायण' की भव्यता और वीएफएक्स की जमकर तारीफ हो रही है, वहीं कुछ लोग इसकी तुलना 'आदिपुरुष' मूवी से भी कर रहे हैं। यही कारण है कि दर्शकों की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।
परंपरा और आधुनिकता का संतुलन
आपको बता दें कि फिल्म 'रामायण' एक बेहद महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है। विंदू दारा सिंह की सलाह साफ है कि इस फिल्म को बनाने के लिए परंपरा का सम्मान करें, मूल कहानी से छेड़छाड़ न करें और भावनात्मक जुड़ाव बनाए रखें। अगर मेकर्स इन बातों का ध्यान रखते हैं, तो ये फिल्म सिर्फ हिट ही नहीं बल्कि ऐतिहासिक भी बन सकती है।












Click it and Unblock the Notifications