Jailer Trailer: रजनीकांत की फिल्म 'जेलर' का धुंआधार ट्रेलर रिलीज, 66 साल के जैकी श्रॉफ को देख उड़ेंगे होश
Rajinikanth Jailer Trailer Out: साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार रजनीकांत की हर फिल्म लोगों के बीच एक अलग ही ट्रेंड सेट करती है। साउथ में लोग रजनीकांत को इंडस्ट्री के भगवान के रूप में पूजते हैं और ऐसे में अगर उनकी कोई फिल्म आने वाली हो तो फिर तो दर्शकों में जश्न का माहौल होता है। आपको बता दें कि सुपरस्टार रजनीकांत अपनी अपकमिंग फिल्म 'जेलर' से धूम मचाने के लिए तैयार नजर आ रहे हैं। इसी बीच उनकी फिल्म का ट्रेलर भी रिलीज कर दिया गया है जो कि सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है। लोगों को उनकी इस फिल्म का ट्रेलर खूब पसंद आ रहा है।
रजनीकांत की फिल्म 'जेलर' का ट्रेलर रिलीज
फिल्म 'जेलर' में थलाइवा एक्शन अवतार में नजर आने वाले हैं। फिल्म के ट्रेलर ने अभी से लोगों के बीच इस मूवी के रिलीज को लेकर उत्साह बढ़ा दिया है। फिल्म के ट्रेलर में रजनीकांत का नया स्टाइल लोगों को खूब पसंद आ रहा है लेकिन थलाइवा के साथ एक शख्स और भी है जिसने ट्रेलर में धूम मचा रखी है और वो हैं बॉलीवुड एक्टर जैकी श्रॉफ। ट्रेलर में इनकी एक झलक ने ही हंगामा मचा दिया है। कुछ लोगों को तो सुपरस्टार रजनीकांत से ज्यादा जैकी श्रॉफ का स्टाइल पसंद आ रहा है।

फिल्म में नेगेटिव किरदार में नजर आ रहे हैं जैकी श्रॉफ
बॉलीवुड के कई एक्टर्स इस समय साउथ की फिल्मों में नेगेटिव किरदार निभाकर खूब पॉपुलैरिटी हासिल कर रहे हैं। इनमें नील नितिन मुकेश और सोनू सूद का नाम सबसे फेमस है। हालांकि बीते दिनों संजय दत्त ने भी फिल्म 'केजीएफ चैप्टर 2' में 'अधीरा' के नेगेटिव किरदार से लोगों के दिलों में एक अलग जगह बनाई थी। लोगों को उनका रोल खूब पसंद आया था। अब बॉलीवुड एक्टर जैकी श्रॉफ भी रजनीकांत की अपकमिंग फिल्म 'जेलर' से साउथ फिल्म इंडस्ट्री में अपना डेब्यू करने जा रहे हैं। जैकी श्रॉफ ने इस फिल्म में नेगेटिव किरदार निभाया है और उनके पार्ट की शूटिंग राजस्थान में हुई है। देखें ट्रेलर-
जेलर के रोल में रजनीकांत का दमदार एक्शन
फिल्म 'जेलर' में रजनीकांत और जैकी श्रॉफ ने करीब 36 साल बाद एक दूसरे के साथ काम किया है। इससे पहले दोनों ने हिंदी फिल्म 'उत्तर दक्षिण' में एकसाथ काम किया था। फिल्म 'जेलर' में रजनीकांत एक जेलर के किरदार में दिखाई देने वाले हैं। ट्रेलर में देखा जा सकता है कि एक खतरनाक गिरोह रजनीकांत की जेल से अपने सरगना को आजाद कराना चाहता है।
फिल्म में दिखेगा रजनीकांत का खूंखार रूप
वहीं मुथुवेल यानी रजनीकांत एक ईमानदार पुलिस ऑफिसर हैं। फिल्म की कहानी उस ईमानदार जेलर और खतरनाक गिरोह के सरगना के ईर्द-गिर्द ही घूमती है। जेलेर रजनीकांत के इस फिल्म में दो रूप दिखाए गए हैं। एक में तो वह बिल्कुल शांत पारिवारिक व्यक्ति के रूप में दिखाई दे रहे हैं और दूसरी तरफ उनका एक खूंखार रूप भी नजर आ रहा है, जिसका किसी को अंदाजा ही नहीं है।
10 अगस्त को रिलीज होगी फिल्म
फिल्म 'जेलर' में रजनीकांत और जैकी श्रॉफ के अलावा राम्या कृष्णन, तमन्ना भाटिया, शिव राजकुमार, सुनील, योगी बाबू जैसे स्टार्स भी नजर आएंगे। इस फिल्म में राम्या कृष्णन जेलर रजनीकांत की पत्नी बनी हैं। वहीं साउथ के फेमस स्टार मोहनलाल फिल्म में कैमियो करते नजर आएंगे। फिल्म की रिलीज से पहले ही तमन्ना भाटिया का आइटम नंबर 'कावाला' सुपरहिट हो चुका है। आपको बता दें कि ये फिल्म आगामी 10 अगस्त 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।












Click it and Unblock the Notifications