War 2 Vs Coolie: एडवांस बुकिंग में दिखी रजनीकांत और ऋतिक रोशन में टक्कर, जानिए किसमें कितना दम?
War 2 Vs Coolie Day 1 Advance Booking Update: 14 अगस्त को सिनेमाघरों में इस साल का जबरदस्त क्लैश देखने को मिलेगा। इस दिन लोकेश कनगराज और रजनीकांत की फिल्म 'कुली' रिलीज हो रही है। वहीं, इसी दिन यश राज फिल्म्स (YRF) की स्पाई यूनिवर्स की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'वॉर 2' भी रिलीज हो रही है। इसमें ऋतिक रोशन, जूनियर एनटीआर और कियारा आडवाणी लीड रोल में हैं।
दोनों ही फिल्में इस साल की बड़ी फिल्में हैं। दोनों ही फिल्मों का बज भी जबरदस्त बना हुआ है। इसकी वजह ये है कि कुली और वॉर 2 दोनों में ही बॉलीवुड और साउथ के हीरो का तड़का है। एक में रजनीकांत के साथ आमिर हैं। हालांकि उनका कैमियो है। दूसरी में ऋतिक के साथ जूनियर एनटीआर। इसलिए नॉर्थ से लेकर साउथ में इन फिल्मों को देखने के लिए दर्शक बेताब हैं। भारत के अलावा विदेशों में भी क्रेज बना हुआ है।

अब दोनों ही फिल्मों की एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है। सैकनिल्क की एडवांस बुकिंग आंकड़ों के मुताबिक, कुली ने पहले दिन भारी बढ़त हासिल कर ली है। पूरे भारत में 4.91 लाख टिकटों की बिक्री से 10.26 करोड़ रुपये की प्रभावशाली कमाई हुई है। फिल्म के तमिल वर्जन ने अकेले 4.88 लाख टिकटों के साथ 10 करोड़ रुपये से ज़्यादा की कमाई की है। जो साउथ में रजनीकांत की फैन फॉलोइंग का नतीजा है। हिंदी वर्जन ने लगभग 5 लाख रुपये, जबकि तेलुगु और कन्नड़ वर्जन ने क्रमशः 1.4 लाख रुपये और 42,000 रुपये की कमाई की है।
वहीं, बात करें वॉर 2 की तो इसने अब तक 9295 टिकटों की बिक्री से 34.34 लाख रुपये की कमाई दर्ज की है। हिंदी 2D फॉर्मेट ने 31.3 लाख रुपये की कमाई की है। इसके बाद तमिल और तेलुगु वर्जन ने 1.33 लाख रुपये और 72,180 रुपये की कमाई की है। हिंदी आईमैक्स 2D फॉर्मेट ने केवल 97 टिकटों से 87,360 रुपये की कमाई की है।
हालांकि ये पहले दिन की एडवांस बुकिंग के आंकड़ें हैं। अभी फिल्म रिलीज में 4 दिन बचे हुए हैं। ऐसे में ये नंबर और बढ़ सकते हैं। देखना ये है कि आखिर बाजी दोनों में से मारता कौन है।












Click it and Unblock the Notifications