'...ये जैसे कोई भूत बंगला है', बड़े जहाज में अकेले आर माधवन ने किया सफर, रह गए हैरान
नई दिल्ली, 11 अगस्त: पिछले साल दुनियाभर में फैली कोरोना महामारी की वजह से हालात अब एकदम अलग हो गए हैं। पहले जहां एयरपोर्ट, स्टेशन जैसी जगहों पर लोगों की भीड़ हुआ करती थी, तो वहीं अब सब जगह सन्नाटा पसरा रहता है। हाल ही में बॉलीवुड एक्टर आर. माधवन काम के सिलसिले में दुबई गए थे। इस यात्रा का उन्होंने वीडियो साझा किया है, जिसे देखकर सभी हैरान हैं। (वीडियो-नीचे)

4 वीडियो इंस्टा पर डाले
दुबई में बड़ी संख्या में भारतीय रहते हैं। जिस वजह से सालभर वहां से आने-जाने वाली फ्लाइट्स में बंपर भीड़ रहती है। 26 जुलाई को माधवन भी दुबई गए थे, लेकिन वो हर जगह पर सन्नाटा देख हैरान रह गए। उन्होंने इंस्टाग्राम पर चार वीडियो शेयर किए, जो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

पूरे जहाज में कोई नहीं
पहले वीडियो में माधवन फ्लाइट के अंदर हैं। उन्होंने इकोनॉमी क्लास से वीडियो बनाना शुरू किया, जहां चारों ओर सन्नाटा था। वहां पर माधवन के अलावा कोई दूसरा यात्री नहीं था। इसके बाद वो बिजनेस क्लास में पहुंचे, वहां पर भी एक यात्री नजर नहीं आया। बस पूरे वीडियो में एक एयरहोस्टेज दिखाई दी, जो पीपीई किट पहनकर काम कर रही थी। वहीं तेज आवाज से ही लग रहा कि प्लेन हवा में है।

एयरपोर्ट पर भी कोई नहीं
दूसरे वीडियो में वो एयरपोर्ट पर थे। वहां पर हॉल में उनके अलावा कोई दूसरा शख्स नहीं नजर आया। इसके बाद तीसरे वीडियो में वो चेकइन करने जाते हैं। उस दौरान दो-तीन लोग दिखाई दिए, लेकिन वो सभी कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी लग रहे थे।

भूत बंगले वाली फीलिंग
वहीं चौथे और आखिरी वीडियो में माधवन ने बिजनेस क्लास लाउंज का नजारा दिखाया। वहां पर भी उनके अलावा कोई दूसरा शख्स नहीं था, जबकि आमतौर पर बिजनेस क्लास में भी अच्छी खासी भीड़ रहती है। वीडियो में माधवन ने धीमी आवाज में कहा कि यहां पर तो इतना सन्नाटा है, जैसे लग रहा ये कोई भूत बंगला है। चारों वीडियो को एक साथ पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा कि 26 जुलाई 2021...मजेदार लेकिन दुखद। प्रार्थना है कि ये जल्द से जल्द खत्म हो ताकि हमें अपनों का साथ मिल सके।
ये हैं माधवन के नए प्रोजेक्ट
माधवन ने हाल ही में नेटफ्लिक्स के डिकपल्ड मूवी की शूटिंग पूरी की। इसके बाद वो अमेरिकी पंडित नाम की फिल्म पर काम कर रहे हैं। इसी वजह से उनको कोरोना काल में दुबई जाना पड़ा था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक माधवन की अगली फिल्म 'रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट' जल्द रिलीज होने वाली है। जिसमें भारतीय स्पेस साइंटिस्ट द्वारा मंगल पर पहले ही अटेम्प्ट में पहुंचने की कहानी दिखाई जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications