'क्यों छेड़ रहे हो मुझे', शराब पर Diljit Dosanjh ने दे दी सरकार को चुनौती, कहा- कभी गाना नहीं गाऊंगा
Diljit Dosanjh On Songs About Alcohol: विदेशों में अपने कॉन्सर्ट से लाखों फैंस को अपनी आवाज से 'दीवाना' बनाने वाले पंजाबी सिंगर-एक्टर दिलजीत दोसांझ इन दिनों जमकर सुर्खियों में हैं। दिलजीत देश में अपना कॉन्सर्ट कर रहे हैं, जिसका नाम 'दिल लुमिनाटी' है। हालांकि 15 नवंबर को हैदराबाद में उनके कॉन्सर्ट को लेकर कुछ ऐसा हुआ, जिसके बाद वो लगातार स्टेज पर अपनी भड़ास निकाल रहे हैं।
दरअसल, तेलंगाना सरकार की तरफ से इवेंट के ऑर्गनाइजर्स को नोटिस भेजा गया था, जिसमें शराब, हिंसा और ड्रग्स वाले गाने ना गाने की हिदायत दी गई। इतना ही नहीं दिलजीत के 'पंज तारा' और 'पटियाला पैग' जैसे गानों का खासतौर पर जिक्र किया गया। इसके बाद एक बार फिर दिलजीत ने भरे स्टेज से सरकार पर तंज कसा और शराब को लेकर खुला चैंलेज तक दे डाला।

पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ ने एक बार फिर तेलंगाना सरकार के उन्हें नोटिस दिए जाने की आलोचना की है। गायक ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने काफी कुछ कहा। अहमदाबाद में अपने कॉन्सर्ट के दौरान बोलते हुए उन्होंने यह भी खुलासा किया कि वह शराब नहीं पीते हैं और ना ही वह इसके विज्ञापन करते हैं।
इतना ही नहीं सिंगर ने शराब पर प्रतिबंध लगाने की चुनौती दे दी। उन्होंने कहा कि इससे बहुत ज्यादा रेवेन्यू मिलता है। उन्होंने वादा किया कि अगर ऐसा हुआ तो वह शराब पर गाने गाना बंद कर देंगे।
दिलजीत ने शेयर की 'अच्छी खबर'
वीडियो क्लिप की शुरुआत दिलजीत ने यह कहते हुए की कि उनके पास अच्छी खबर है, कि उन्हें अहमदाबाद में अपने शो के दौरान कोई नोटिस नहीं मिला। उन्होंने कहा कि उनके पास एक और अच्छी खबर है- वह शराब पर कोई गाना नहीं गाएंगे। उन्होंने इसका कारण गुजरात में शराबबंदी को बताया। सिंगर ने बताया कि कैसे उन्होंने अब तक कई भक्ति गीत गाए हैं और पिछले कुछ दिनों में दो और रिलीज किए हैं, लेकिन कोई भी इसके बारे में बात नहीं कर रहा है।
ना शराब पीता और ना ही प्रचार करता
दिलजीत ने यह भी बताया कि बॉलीवुड में शराब पर कई गाने हैं, लेकिन उन्होंने केवल तीन से चार गाने ही गाए हैं। सिंगर ने आगे कहा, "आज भी मैं ऐसे गाने नहीं गाऊंगा। मेरे लिए गानों में बदलाव करना बहुत आसान है। मैं खुद शराब नहीं पीता। मेरे लिए यह बहुत आसान है। लेकिन बॉलीवुड के जो कलाकार हैं, वो शराब का विज्ञापन करते हैं, दिलजीत दोसांझ विज्ञापन नहीं करते। आप मुझे छेड़ो मत। मैं जहां जाता हूं चुप रहता हूं। अपना प्रोग्राम करता हूं, चला जाता हूं। आप क्यों छेड़ रहे हो मुझे।"
दिलजीत ने ड्राई स्टेट्स के बारे में बात की
इसके बाद दिलजीत ने एक मूवमेंट शुरू करने की बात कही। उन्होंने कहा, "जितनी भी स्टेट्स हैं हमारे यहां, अगर वो सारी अपने आप को ड्राई स्टेट घोषित करती है, अगले ही दिन दिलजीत दोसांझ अपनी जिंदगी में कभी शराब पे गाना नहीं गाएंगे। मैं प्राण करता हूं। इसके बाद हंसते हुए उन्होंने कहा कि बहुत बड़ा रेवेन्यू है ये। कोरोना में सब बंद हो गया था, ठेके बंद नहीं हुए थे। क्या बातें कर रहे हो आप? आप युवाओं को फुद्दू नहीं बना सकते।
गुजरात सरकार के फैन दिलजीत
दिलजीत ने खुद को गुजरात सरकार का फैन भी बताया और कहा कि अगर गुजरात वास्तव में शराबबंदी वाला राज्य है तो वे इसका पूरा समर्थन करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वे अमृतसर को भी शराबबंदी वाला शहर बनाना चाहते हैं। क्लिप के अंत में दिलजीत ने कहा कि अगर देशभर में शराब की दुकानें बंद हो जाएं तो वे शराब के बारे में गाने गाना बंद कर देंगे।
दिल-लुमिनाती टूर के बारे में जानिए
अहमदाबाद के बाद दिलजीत 22 नवंबर को अपने दिल-लुमिनाती टूर के तहत लखनऊ में परफॉर्म करेंगे। इसके बाद वह 24 नवंबर को पुणे, 30 नवंबर को कोलकाता, 6 दिसंबर को बेंगलुरु, 8 दिसंबर को इंदौर और 14 दिसंबर को चंडीगढ़ में परफॉर्मेंस देंगे। इसके बाद 29 दिसंबर को गुवाहाटी में म्यूजिक कॉन्सर्ट का पूरा करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications