टीवी की फेमस एक्ट्रेस और उसके पति पर लगा किडनैपिंग का आरोप, फिल्म मेकर ने कहा- मेरे लाखों रुपए ले लिए
Puja Banerjee and Kunal Verma: टीवी की मशहूर एक्ट्रेस पूजा बनर्जी और उनके पति कुणाल वर्मा इस समय खबरों में छाए हुए हैं। कपल पर संगीन आरोप लगे हैं। खबर है कि बांग्ला फिल्ममेकर श्याम सुंदर डे ने पूजा बनर्जी और उनके पति कुणाल वर्मा पर अपहरण करने और जबरन पैसा वसूलने का आरोप लगाया है।
फिल्म मेकर श्याम सुंदर डे ने लगाया ऐसा आरोप
फिल्म मेकर श्याम सुंदर डे ने शिकायत में कहा है- एक्ट्रेस पूजा बनर्जी और उनके पति कुणाल वर्मा ने मेरा अपहरण किया, गोवा में हिरासत में रखा और मुझसे लाखों की वसूली भी की। वहीं फिल्म मेकर की पत्नी मालबिका ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और कपल पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

पूजा बनर्जी और पति कुणाल वर्मा पर किडनैपिंग का आरोप
-टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए फिल्म मेकर श्याम सुंदर डे ने खुलासा किया है कि वह गोवा में अपने परिवार के साथ छुट्टी मनान के लिए गए हुए थे। इस दौरान उनका अपहरण कर लिया गया था। उन्होंने कहा- मेरा परिवार लगभग 5 दिनों तक मेरे साथ रहा। वह बच्चे की पढ़ाई के लिए घर लौट गए थे और मैं कुछ बिजनेस के काम से वहीं पर रहा गया था।
-श्याम सुंदर डे ने आरोप लगाया था कि एक काले रंग की जैगुआर ने सड़क पर उनकी गाड़ी को रोक दिया था। उन्होंने बताया था- गाड़ी अचानक से आई और मुझे रुकने पर मजबूर कर दिया। दो आदमी नीचे उतरे, मेरे पास आए और मुझसे बाहर निकलने को कहा, मुझे लगता है कि ये सब सीसीटीवी में होगा।
'मेरे अपहरण के समय पूजा बनर्जी कार में मौजूद थीं'
श्याम सुंदर डे ने कहा- पहले तो मैंने मना कर दिया लेकिन फिर मैंने देखा कि पूजा बनर्जी जो मेरे लिए बहन की तरह हैं, वहां मौजूद थीं। फिल्म मेकर ने कहा- मुझे पहले एक दोस्त के घर ले जाया गया और फिर एक विला में शिफ्ट कर दिया गया। उन्होंने मुझे अपनी कार में बैठाया और मुझे अंबर विला ले गए। शुरू में मुझे पहली मंजिल पर रखा गया, लेकिन क्योंकि ये सड़क के बहुत करीब था और उन्हें डर था कि किसी को पता चल गया तो, इसलिए मुझे ऊपर शिफ्ट कर दिया गया।
'एक्ट्रेस के पति कुणाल वर्मा ने मुझे पीटा था'
फिल्म मेकर ने आगे बताया- कुणाल वर्मा ने मुझे पीटा था और पूजा बनर्जी से विनती करने के बावजूद वह मुझे दूर से देख रही थीं। हर दिन वहां मैंने पूजा और कुणाल को समझाने की कोशिश की, मैंने उन्हें याद दिलाया कि हम परिवार की तरह हैं और उनसे ऐसा करने से मना किया, लेकिन मुझे केवल धमकियां ही मिलीं।
फिल्म मेकर की पत्नी ने सुनाई आपबीती
श्याम सुंदर डे ने कहा- मैंने उससे कहा, तुम्हारा पति मुझे पीट रहा है। दूसरे लोग तुम्हारे सामने मुझे पीट रहे हैं और तुम चुप हो। ये कैसे सही हो सकता है। वहीं एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए श्याम सुंदर डे की पत्नी मालबिका ने अपनी आपबीती बताई है। उन्होंने लिखा है- श्याम का अपहरण कर लिया गया था और उसे 4 दिनों तक एम्बर विला में बंद रखा गया था।
'मेरे पति ने पूजा बनर्जी को 22 लाख रुपए दिए थे'
-पत्नी मालबिका ने अपनी पोस्ट में लिखा- मेरे पति के साथ दुर्व्यवहार किया गया, दबाव में उसका रिकॉर्ड बनाया गया और 64 लाख न देने पर उसे नारकोटिक्स केस में झूठे आरोप में फंसाने की धमकी भी दी गई थी। दबाव में आकर उसने पूजा और कुणाल को 23 लाख रुपए दिए थे, जिसमें कोलकाता में पूजा बनर्जी की असिस्टेंट को पैसों का भुगतान करना और उसके और कुणाल के खातों में RTGS लेनदेन शामिल थे।
-मालबिका ने अपनी पोस्ट में लिखा है- यह घटना सिर्फ एक अपराध नहीं है बल्कि उससे कहीं ज्यादा है। मालबिका ने बैंक ट्रांसफर, व्हाट्सऐप चैट और शिकायत रिपोर्ट और ईमेल सहित सभी दस्तावेज पुलिस को दिए हैं। साथ ही इन सभी सबूतों को सोशल मीडिया पोस्ट पर भी शेयर किया है
-वहीं श्याम सुंदर डे ने कहा है- मैं ये नहीं कह रहा हूं कि उन्होंने जो पैसे मांगे थे, वो अपहरण के लिए थे। हमारे बीच प्रोफेशनल लेन देन होनी थी लेकिन कोई व्यावसायिक नुकसान, कोई बकाया भुगतान इस तरह के पागलपन को सही नहीं ठहरा सकता। अपहरण कभी भी किसी भी मामले को निपटाने का उचित या वैध तरीका नहीं हो सकता।












Click it and Unblock the Notifications