नाक की सर्जरी बिगड़ने के बाद प्रियंका चोपड़ा की हो गई थी ऐसी हालत, इतने दिनों बाद मां मधु चोपड़ा ने खोला राज
Priyanka Chopra Nose Surgery: बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक में अपनी एक्टिंग का जलवा बिखेरने वाली एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा अपनी प्रोफेशनल लाइफ के साथ साथ अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी सोशल मीडिया पर छाई रहती हैं। हालांकि प्रियंका चोपड़ा अपने बारे में बोलने से कभी भी हिचकिचाती नहीं हैं। वह सबके सामने कैमरे पर बेझिझक अपनी बातों को रखतीं नजर आती हैं। कुछ समय पहले ही उन्होंने कैमरे पर बताया था कि कैसे उनके रंग के चलते उनके साथ बॉलीवुड में भेदभाव किया गया था। उन्होंने अपनी नाक की खराब सर्जरी को लेकर भी कई बात बताई है लेकिन इस बार उनकी नाक की सर्जरी पर मां मधु चोपड़ा ने एक बड़ा राज खोला है।
मधु चोपड़ा ने खोला सर्जरी का राज
प्रियंका चोपड़ा की मां मधु चोपड़ा ने एक लेटेस्ट इंटरव्यू में अपनी बेटी प्रियंका चोपड़ा की नाक की खराब सर्जरी के बारे में खुलकर बात की है। मधु चोपड़ा ने बताया कि नाक की सर्जरी खराब होने के बाद प्रियंका ने पार्टियों में जाना बंद कर दिया था। हालांकि वह इससे दुखी नहीं हुई थी बल्कि अपने काम पर फोकस करने लगी थी। मधु चोपड़ा ने बताया कि यही चीज उनकी बेटी की सफलता का राज है।

प्रियंका चोपड़ा ने करवाई थी नाक की सर्जरी
आपको बता दें कि प्रियंका चोपड़ा ने मॉडलिंग से अपने करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने साल 2000 में मिस वर्ल्ड का खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद उन्होंने साल 2003 में रिलीज हुई फिल्म 'द हीरो: लव स्टोरी ऑफ ए स्पाई' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। हालांकि इससे पहले ही उन्होंने अपने नाक की सर्जरी करवा ली थी, पर ये सर्जरी खराब हो गई थी, जिसके कारण प्रियंका को कई फिल्मों से निकाल दिया गया था।
प्रियंका चोपड़ा ने हिम्मत नहीं हारी और आगे बढ़ती रहीं
प्रियंका चोपड़ा इस बात से दुखी होकर फिल्म इंडस्ट्री छोड़ना चाहती थीं। लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और खुद को संभाले हुए आगे बढ़ती रहीं। बॉलीवुड हंगामा से बात करते हुए मधु चोपड़ा ने कहा- नाक की खराब सर्जरी के बाद प्रियंका को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। पुराने जमाने में एक खिलौना होता था, जिस पर आप हिट करो तो वह उछलकर ऊपर आता था। प्रियंका भी ऐसी ही है। कोई उसे दबा नहीं सकता।
खराब सर्जरी के चलते पार्टीज में नहीं जाती थीं प्रियंका
मां मधु चोपड़ा ने कहा- खराब सर्जरी के बाद प्रियंका और मजबूती के साथ उभरी। वह गंभीरता से काम करने लगी और उसी पर फोकस करती रही। उसी की बदौलत वह उससे उबर पाई। मैंने उसे इसके अलावा कुछ और करते हुए नहीं देखा। मधु चोपड़ा ने आगे बताया- प्रियंका उस वक्त किसी पार्टी में नहीं जाती थी। वह सिर्फ काम करती रहती थी। वह अपनी लाइनें याद करती और घर पर ही रहती थी।
सर्जरी के चलते डिप्रेशन में चली गई थीं प्रियंका
वहीं फिल्म गदर और गदर 2 के डायरेक्टर अनिल शर्मा ने एक इंटरव्यू में बताया था कि प्रियंका चोपड़ा हॉलीवुड एक्ट्रेस जूलिया रॉबर्ट्स की तरह दिखना चाहती थीं और यही कारण था कि उन्होंने अपने नाक की सर्जरी करा ली थी जो कि सही नहीं हुई थी। वहीं प्रियंका ने खुद बताया था कि नाक की सर्जरी खराब होने के बाद उन्हें बॉलीवुड की तीन फिल्मों से निकाल दिया गया था। इसके बाद वह डिप्रेशन में चली गई थीं।












Click it and Unblock the Notifications