संदीप रेड्डी से हुआ प्रकाश राज का झगड़ा, बीच शूटिंग में छोड़ी प्रभास की फिल्म 'स्पिरिट'
प्रभास की आने वाली फिल्म 'स्पिरिट' एक बार फिर सुर्खियों में है। लेकिन इस बार वजह कोई नई अनाउंसमेंट नहीं बल्कि एक और एक्टर का फिल्म छोड़ना है। पहले लीड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण के बाहर होने की खबर आई थीं और अब बताया जा रहा है कि प्रकाश राज भी इस प्रोजेक्ट से अलग हो गए हैं। इससे मेकर्स की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग इस समय हैदराबाद में चल रही थी। इसी दौरान प्रकाश राज और निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। यह विवाद फिल्म की स्क्रिप्ट और एक खास सीन को शूट करने के तरीके से जुड़ा बताया जा रहा है। शुरुआत में यह एक नॉर्मल क्रिएटिव बातचीत थी, लेकिन धीरे-धीरे मामला गंभीर तनाव में बदल गया।
मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि शूटिंग के दौरान कुछ व्यवहार से जुड़ी दिक्कतें भी सामने आईं, जो प्रोडक्शन टीम को पसंद नहीं आईं। इन्हीं कारणों से दोनों पक्षों ने अलग होने का फैसला किया। हालांकि, अब तक इस मुद्दे पर न तो प्रकाश राज और न ही फिल्म के मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक बयान आया है। प्रकाश राज अपने बेबाक अंदाज और खुलकर राय रखने के लिए जाने जाते हैं। फिल्म के ऐलान के समय उनके वॉइसओवर ने दर्शकों के बीच 'स्पिरिट' को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी थी। ऐसे में उनका बाहर होना फिल्म के लिए एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि उनकी जगह कौन सा अभिनेता लिया जाएगा।
'स्पिरिट' को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है, जिसकी एक बड़ी वजह निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा हैं। उन्होंने इससे पहले 'कबीर सिंह' और 'एनिमल' जैसी हिट और विवादित फिल्में बनाई हैं। उनकी फिल्में अपनी अलग स्टाइल और हिंसक प्रस्तुति के लिए जानी जाती हैं। इस फिल्म में प्रभास मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, जबकि तृप्ति डिमरी और विवेक ओबेरॉय भी अहम किरदार निभा रहे हैं। 'स्पिरिट' को दुनियाभर में 5 मार्च 2027 को रिलीज किया जाना है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इन तमाम बदलावों के बाद फिल्म किस दिशा में आगे बढ़ती है।












Click it and Unblock the Notifications