'महिलाओं को गंदे कॉल किए, मां के साथ बदतमीजी की', 63 साल के फेमस एक्टर ने ये क्या किया? क्यों की ऐसी हरकत?
Piyush Mishra: बॉलीवुड के दमदार एक्टर और राइटर पीयूष मिश्रा ने हाल ही में अपने जीवन के उस अंधेरे दौर का खुलासा किया है, जब वह शराब की लत में बुरी तरह जकड़े हुए थे। एक पॉडकास्ट बातचीत में उन्होंने बताया कि शराब की ये लत धीरे-धीरे उनकी सोच और व्यवहार पर हावी हो गई थी।
'शराब सिर्फ शौक नहीं बल्कि जरूरत बन गई थी'
पीयूष मिश्रा ने कहा कि एक समय ऐसा आ गया था जब शराब सिर्फ शौक नहीं बल्कि जरूरत बन गई थी। शरीर खुद उसकी मांग करने लगता था और इंसान चाहकर भी उससे दूर नहीं रह पाता।

शराब की वजह से पर्सनल लाइफ में मचा तूफान
पीयूष मिश्रा ने शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट में अपने शराब की लत को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने माना कि शराब की वजह से उनकी निजी जिंदगी बुरी तरह से प्रभावित हुई थी। उन्होंने स्वीकार किया कि नशे में उन्होंने कई बार ऐसा बर्ताव किया, जिसका उन्हें बाद में गहरा पछतावा हुआ।
'महिलाओं को किए थे अश्लील कॉल'
-पीयूष मिश्रा ने कहा- शराब की लत के चलते मैंने अपनी मां से बदतमीजी की। उन्हें भला-बुरा कहा था। दरअसल मेरी अपनी मां के साथ कुछ दिक्कतें थीं और नशे में मैंने उनसे कई ऐसी बातें कहीं जिनसे उन्हें बहुत दुख पहुंचा था जबकि मुझे ये एहसास हो चुका था कि मुझे उन्हें माफ कर देना चाहिए।
-पीयूष मिश्रा ने आगे कहा- शराब के चलते ही मेरे रिश्तों में तनाव और भावनात्मक उथल-पुथल भी मची थी। सिर्फ इतना ही नहीं मैंने खूब शराब पीकर कुछ महिलाओं से फोन पर गंदी और अश्लील बातें भी की थीं। पीयूष मिश्रा ने बताया कि कई बार उन्हें अगले दिन ये तक याद नहीं रहता था कि उन्होंने क्या कहा या किया।
प्रोफेशनल लाइफ पर भी पड़ा असर
हालांकि पीयूष मिश्रा ने सेट पर कभी शराब नहीं पी लेकिन इस लत का असर उनकी प्रोफेशनल छवि पर जरूर पड़ा। इंडस्ट्री में उन्हें एक मुश्किल इंसान के तौर पर देखा जाने लगा था। उन्हें बार-बार ये साबित करना पड़ता था कि वह बदल चुके हैं, एक प्रक्रिया जो उनके लिए बेहद थकाऊ और चुनौतीपूर्ण रही।
साल 2009 का ब्रेन स्ट्रोक बना टर्निंग प्वाइंट
-आपको बता दें कि पीयूष मिश्रा की जिंदगी में सबसे बड़ा बदलाव साल 2009 में आया था, जब उन्हें ब्रेन स्ट्रोक हुआ था। इस घटना ने उन्हें अपनी हालत की गंभीरता का एहसास कराया था।
-इसके बाद पीयूष मिश्रा ने खुद को सुधारने की दिशा में कदम उठाए और विपश्यना जैसी आध्यात्मिक साधनाओं का सहारा लिया। इससे उन्हें अपनी क्रेविंग्स (Cravings) पर काबू पाने में मदद मिली थी।
क्या एक्टर ने पूरी तरह छोड़ दी शराब?
पीयूष मिश्रा का कहना है कि उन्होंने शराब पूरी तरह नहीं छोड़ी है लेकिन अब वह उस पर काफी हद तक नियंत्रण पा चुके हैं। ये उनके लिए एक लंबी और कठिन यात्रा रही है और इस पर काम अभी भी जारी है।
फिल्मों और थिएटर में पकड़ बरकरार
-जानकारी के अनुसार पीयूष मिश्रा हाल ही में फिल्म 'राहु केतु' में नजर आए थे, जिसमें उन्होंने एक्टर पुलकित सम्राट और वरुण शर्मा के साथ स्क्रीन शेयर किया था।
-इसके अलावा पीयूष मिश्रा ने 'क्रेजी'(2025)मूवी में वॉइस ओवर किया था और फिल्म 'आजाद' (2025) में भी दिखाई दिए थे। फिल्मों के साथ-साथ वह थिएटर और संगीत में भी सक्रिय हैं, जहां उनकी पकड़ आज भी मजबूत बनी हुई है।
जिंदगी पर सही समय पर लें फैसला
पीयूष मिश्रा की ये कहानी सिर्फ एक अभिनेता की नहीं बल्कि उस इंसान की है जिसने अपनी कमजोरियों को स्वीकार किया और उनसे लड़ने की हिम्मत दिखाई। उनका ये सफर बताता है कि लत कितनी खतरनाक हो सकती है लेकिन सही समय पर लिया गया फैसला जिंदगी बदल सकता है।












Click it and Unblock the Notifications