शादी के बाद पायल रोहतगी ने शेयर किया ये खास वीडियो, पगफेरा की रस्म में सिंपल और खूबसूरत दिखीं एक्ट्रेस
शादी के बाद पायल रोहतगी ने अपनी पगफेरा रस्म का एक वीडियो फैंस के साथ शेयर किया है। वीडियो में पायल पीले रंग के सूट में बेहद सिंपल और सुंदर दिख रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने लाल रंग का चूड़ा भी पहना हुआ है।
मुंबई, 14 जुलाई: पायल रोहतगी और संग्राम सिंह ने मोहब्बत के शहर आगरा में सात फेरे लिए और कपल हमेशा के लिए एक-दूसरे का हो गया। शादी में दोनों के परिवार वाले और करीबी दोस्त ही शामिल हुए। दोनों की शादी जेपी पेलेस में हुई। अब शादी के बाद एक्ट्रेस ने 13 जुलाई को अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जो पायल की पगफेरा रस्म का है। इस वीडियो में नई नवेली दुल्हन पायल बेहद ही खूबसूरत नजर आ रही हैं।
वीडियो को दिया ये कैप्शन
ये वीडियो पायल रोहतगी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर है। इसमें उन्होंने अपनी पगफेरा रस्म की झलक फैंस के साथ साझा की है। वीडियो को कैप्शन देते हुए लिखा, जो होना है वो होगा। हैशटैग पगफेरा।

सिंपल लुक में दिखीं पायल
वीडियो में पायल पीले रंग के सूट में बेहद सिंपल और सुंदर दिख रही थीं। इसके साथ ही उन्होंने लाल रंग का चूड़ा भी पहना हुआ था।

बच्चे की प्लानिंग
मालूम हो कि पिछले दिनों जब अभिनेत्री कंगना रनौत के लॉकअप शो में पायल ने बतौर कैदी शिरकत की थी तो संग्राम सिंह ने अपनी शादी की बात कहकर सबको चौंका दिया था और कहा था कि 'वो इस साल के जुलाई महीने में शादी करेंगे और इस शादी के बाद वो और पायल जल्द से जल्द बच्चे की भी प्लानिंग करेंगे, जिसे सुनकर सब हैरान रह गए थे।'

जल्द ही देंगे खुशखबरी
संग्राम ने कहा था कि 'हम शादी के बाद फैमिली प्लानिंग करेंगे क्योंकि मेरे मां-बाप दोनों काफी बूढ़े हैं, ऐसे में हमने उन्हें जल्द से जल्द दादा-दादी बनाने का फैसला किया है, बाकी तो रब की मर्जी है।' जब संग्राम ने यह सब कहा था तो कुछ लोगों ने इसे पब्लिसिटी स्टंट कहा था लेकिन अब वो लोग तो गलत साबित हो गए और संग्राम ने पायल से शादी रचा ली, तो ये माना जा सकता है कि पायल-संग्राम जल्द ही खुशखबरी भी दे सकते हैं।

2014 में हुई थी सगाई
आपको बता दें कि साल 2014 में पायल और संग्राम ने सगाई की थी। सगाई के बाद पायल ने कहा था कि 'जब से मैं संग्राम से मिली हूं , अपने आप में बहुत शांति महसूस करने लगी हूं। मैं खुश हूं कि मुझे जीवन साथी के रूप में ऐसा शख्स मिला है, जो अपनी बातों का पक्का है। वह बहुत सुलझे हुए हैं और कमाल के इंसान हैं।'
लोकप्रिय कपल्स में शुमार हैं पायल-संग्राम
मालूम हो कि पायल और संग्राम सिंह दोनों ही बिग बॉस के प्रतियोगी रह चुके हैं। पायल रोहतगी बिग बॉस सीजन 2 की प्रतियोगी थीं तो वहीं संग्राम सिंह ने बिग बॉस सीजन 7 में हिस्सा लिया था। दोनों सोशल मीडिया के लोकप्रिय कपल्स में से एक हैं।












Click it and Unblock the Notifications