Pankaj Dheer Last Video: आखिरी बार इस शख्स के साथ थे पंकज धीर, मौत से पहले किया था ऐसा काम
Pankaj Dheer Last Video: बीआर चोपड़ा की मशहूर टीवी सीरीज महाभारत में कर्ण का अमर किरदार निभाकर लाखों दिलों में जगह बनाने वाले अभिनेता पंकज धीर अब इस दुनिया में नहीं रहे। लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे पंकज धीर ने 15 अक्टूबर 2025 को अंतिम सांस ली।
कई महीनों से पंकज धीर की तबीयत खराब चल रही थी
बताया जा रहा है कि पिछले कई महीनों से पंकज धीर की तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। हाल ही में उनकी बड़ी सर्जरी भी हुई थी, लेकिन तमाम इलाज और कोशिशों के बावजूद वह जिंदगी की जंग हार गए।

पंकज धीर को दी जा रही श्रद्धांजलि
पंकज धीर के निधन की खबर से टीवी और फिल्म जगत में गहरा शोक फैल गया है। सोशल मीडिया पर उनके फैंस और सहकर्मी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
फराह खान के व्लॉग में आखिरी बार दिखे थे पंकज धीर
-पंकज धीर को आखिरी बार बॉलीवुड की फेमस कोरियोग्राफर और फिल्म मेकर फराह खान के एक व्लॉग में देखा गया था, जो इस साल जनवरी 2025 में यूट्यूब पर अपलोड किया गया था।
-इस वीडियो में पंकज धीर के साथ 'महाभारत' धारावाहिक के अर्जुन बने फिरोज खान और दुर्योधन की भूमिका निभाने वाले पुनीत इस्सर भी मौजूद थे। तीनों कलाकार फराह खान के घर पहुंचे थे, जहां उन्होंने कुक दिलीप के साथ मिलकर खाना बनाया था और बीते दिनों की यादें ताजा की थीं।
-इस व्लॉग में पुनीत इस्सर ने मशहूर 'साग मटन' डिश तैयार की थी, जिसे खाने के लिए पंकज धीर भी खास तौर पर आए थे। उस वीडियो में पंकज धीर बेहद फिट और एनर्जेटिक नजर आ रहे थे।
-पंकज धीर की सफेद दाढ़ी ने भले ही उम्र का एहसास दिलाया हो, लेकिन उनकी मुस्कान और बातचीत में वही पुराना आत्मविश्वास झलक रहा था। किसी ने नहीं सोचा था कि कुछ महीनों बाद वही शख्स इस दुनिया को अलविदा कह देगा।
पंकज धीर ने व्लॉग में जताई थी खास इच्छा
-व्लॉग के दौरान पंकज धीर, पुनीत इस्सर और फिरोज खान के बीच मस्ती और पुरानी यादों की झलक देखने को मिली थी। पंकज धीर ने हंसी-मजाक में बताया था कि एक समय पुनीत इस्सर 50 से 60 पूड़ियां खा जाया करते थे। वीडियो में पंकज धीर ने ये भी कहा था कि लोग भले ही उनका असली नाम न जानते हों, लेकिन कर्ण को हर कोई पहचानता है।
-वीडियो में फराह खान और पुनीत इस्सर एक्टर पंकज धीर को प्यार से 'पिंक्स' कहकर बुला रहे थे। वीडियो के आखिर में पंकज धीर ने बताया कि उन्हें अपने भाई के घर लंच के लिए जाना है, लेकिन उन्होंने जाते-जाते ये इच्छा जताई थी कि पुनीत द्वारा बनाया गया साग-मटन वह दोबारा जरूर चखना चाहेंगे।
बीआर चोपड़ा की 'महाभारत' में कर्ण बने थे पंकज धीर
-पंकज धीर का जाना टीवी और बॉलीवुड, दोनों के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1981 में फिल्म 'पूनम' से की थी, लेकिन उन्हें असली पहचान 1988 में आई बीआर चोपड़ा की 'महाभारत' से मिली थी।
-'कर्ण' का किरदार निभाने के बाद पंकज धीर की पॉपुलैरिटी इतनी बढ़ी कि कई किताबों और पत्रिकाओं में कर्ण की जगह उनकी तस्वीरें छपने लगी थीं। आज भी जब लोग 'महाभारत' की बात करते हैं, तो 'कर्ण' के रूप में पंकज धीर की छवि सबसे पहले याद आती है।
पंकज धीर का फिल्मी और टीवी करियर
-टीवी के अलावा पंकज धीर ने फिल्मों में भी शानदार काम किया था। वह संजय दत्त के साथ 'सड़क', सैफ अली खान के साथ 'आशिक आवारा', सलमान खान के साथ 'तुमको न भूल पाएंगे' और शाहरुख खान के साथ 'बादशाह' जैसी फिल्मों में नजर आए थे।
-टीवी पर पंकज धीर ने 'चंद्रकांता', 'अनहोनी', 'रिश्ते', 'तीन बहुरानियां', 'देवों के देव महादेव', 'ससुराल सिमर का' और 'सावधान इंडिया' जैसे पॉपुलर शोज में काम किया था। उनको आखिरी बार वेब सीरीज 'पॉइजन' में देखा गया था, जहां उनके अभिनय की जमकर तारीफ हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications