पलाश मुच्छल ने किया स्मृति मंधाना के दोस्त विद्यान माने पर किया मानहानि का केस, जानिए पूरा मामला
सिंगर-कंपोज़र पलाश मुच्छल एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका संगीत नहीं, बल्कि एक बड़ा कानूनी कदम है। पलाश ने अभिनेता-निर्माता विद्यान माने के खिलाफ ₹10 करोड़ का मानहानि का मुकदमा दायर किया है। यह कार्रवाई उन गंभीर आरोपों के जवाब में की गई है, जो माने ने पलाश के निजी जीवन और क्रिकेटर स्मृति मंधाना के साथ उनके टूटे रिश्ते को लेकर सार्वजनिक रूप से लगाए थे।

गौरतलब है कि पिछले साल पलाश मुच्छल और स्मृति मंधाना की शादी की खबरें काफी चर्चा में रहीं। हल्दी, मेहंदी और संगीत जैसी रस्में भी पूरी हो चुकी थीं, लेकिन शादी से ठीक पहले यह रिश्ता टूट गया। इसके बाद सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट्स में पलाश की कथित बेवफाई को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा।
इसी बीच स्मृति मंधाना के पुराने दोस्त और अभिनेता-निर्माता विद्यान माने ने इस मामले में बेहद सनसनीखेज बयान दिए। माने ने आरोप लगाया कि शादी के दिन पलाश को किसी अन्य महिला के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि उस दौरान मौजूद महिला क्रिकेटरों ने गुस्से में पलाश की पिटाई कर दी थी। इतना ही नहीं, माने ने पलाश और उनके परिवार को लेकर भी आपत्तिजनक और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया, जिससे विवाद और गहरा गया।
इन आरोपों को पलाश मुच्छल ने पूरी तरह झूठा और मनगढ़ंत बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से स्पष्ट किया कि ये बयान उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने के इरादे से दिए गए हैं। पलाश ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में जानकारी दी कि उनके वकील श्रेयांश मितारे ने विद्यान माने को ₹10 करोड़ का मानहानि नोटिस भेजा है।
पलाश ने लिखा कि माने द्वारा लगाए गए आरोप न केवल असत्य हैं, बल्कि अत्यंत अपमानजनक भी हैं, जिनका उद्देश्य उनकी सामाजिक छवि, करियर और परिवार की साख को नुकसान पहुंचाना है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि यदि माने ने सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी, तो वे कानूनी लड़ाई को आगे तक ले जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications