पलाश मुच्छल का 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी वाला मामला क्या है? आरोपों पर सिंगर ने दी सफाई
पलाश मुच्छल एक बार फिर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। हाल ही में महाराष्ट्र के सांगली जिले में उनके खिलाफ ₹40 लाख की कथित धोखाधड़ी को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है। मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यह खबर तेजी से फैल गई, जिसके बाद अब पलाश मुच्छल ने इन आरोपों पर खुलकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने खुद पर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें निराधार और तथ्यों से परे बताया है।

पलाश मुच्छल ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी के माध्यम से सफाई दी। उन्होंने लिखा कि सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ जो भी बातें फैलाई जा रही हैं, वे पूरी तरह गलत और बेबुनियाद हैं। उनका कहना है कि यह सब उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की मंशा से किया जा रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका कानूनी पक्ष इस मामले को देख रहा है और वे कानून के दायरे में रहकर इस पूरे मामले से निपटेंगे।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, विज्ञान माने नाम के एक व्यक्ति ने सांगली में पलाश मुच्छल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पलाश ने एक फिल्म प्रोजेक्ट में निवेश के नाम पर उनसे ₹40 लाख लिए और बाद में न तो फिल्म पूरी की गई और न ही निवेश की गई रकम लौटाई गई। यह मामला कथित तौर पर फिल्म 'नजरिया' से जुड़ा बताया जा रहा है।
शिकायतकर्ता विज्ञान माने का दावा है कि उनकी मुलाकात पलाश मुच्छल से भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी स्मृति मंधाना के पिता के माध्यम से हुई थी। इसी दौरान पलाश ने उन्हें अपनी आगामी फिल्म में निवेश करने का प्रस्ताव दिया और ओटीटी रिलीज के बाद अच्छा मुनाफा होने का भरोसा दिलाया। विज्ञान के अनुसार, उन्हें यह भी कहा गया था कि फिल्म में उन्हें अभिनय का मौका मिल सकता है।
विज्ञान माने का आरोप है कि दो बार मुलाकात के बाद उन्होंने इस प्रोजेक्ट में कुल ₹40 लाख निवेश किए, लेकिन लंबे समय तक इंतजार के बावजूद न तो फिल्म बनी और न ही उन्हें कोई राशि वापस मिली। उनका यह भी दावा है कि बाद में पलाश ने उनसे संपर्क तोड़ लिया और उनका नंबर ब्लॉक कर दिया, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
गौरतलब है कि पलाश मुच्छल इससे पहले भी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। क्रिकेटर स्मृति मंधाना से उनकी शादी की खबरें खूब चर्चा में थीं, लेकिन नवंबर में प्रस्तावित शादी ऐन वक्त पर टूट गई थी। उस दौरान भी कई तरह के आरोप लगे थे, जिन्हें पलाश ने गलत बताया था।












Click it and Unblock the Notifications