Nepal Flood: नेपाल में मची तबाही की 17 साल पहले हो गई थी भविष्यवाणी? हॉलीवुड की इस फिल्म में दिखे खौफनाक सीन्स

Nepal Flood: नेपाल में बुधवार को भोटेकोशी नदी में अचानक आई बाढ़ ने कई इलाकों में भारी तबाही मचा दी। तीन जिलों में आई इस प्राकृतिक आपदा के बाद कई लोगों की मौत की खबर है, जबकि बड़ी संख्या में लोग लापता बताए जा रहे हैं। बाढ़ की भयावहता दिखाने वाले कई वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हैं। इन दृश्यों को देखकर अब लोगों को 2009 में रिलीज हुई हॉलीवुड फिल्म '2012' की याद आ रही है। फिल्म का एक पुराना सीन सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है और यूजर्स नेपाल की मौजूदा स्थिति की तुलना उससे कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ '2012' का सीन
जॉन कुसैक, अमांडा पीट और चिवेटेल एजियोफोर स्टारर '2012' एक आपदा पर आधारित साइंस-फिक्शन फिल्म थी। फिल्म में धरती पर भयानक प्राकृतिक घटनाओं की एक पूरी सीरीज दिखाई गई थी। अब नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन के बाद फिल्म का एक क्लिप इंटरनेट पर वायरल हो रहा है।

Nepal Flood

फिल्म '2012' में दिखाई गई थी भयंकर तबाही

वीडियो को शेयर करते हुए कई यूजर्स का कहना है कि फिल्म में जिस तरह की तबाही दिखाई गई थी, नेपाल में सामने आए कुछ सीन्स उससे काफी मिलते-जुलते नजर आ रहे हैं। एक सोशल मीडिया यूजर ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि ऐसा लग रहा है जैसे फिल्म '2012' में इस तरह की तबाही की पहले ही कल्पना कर ली गई थी।

फिल्म के पोस्टर ने भी खींचा लोगों का ध्यान

-'2012' के वायरल क्लिप के अलावा फिल्म का एक प्रमोशनल पोस्टर भी सोशल मीडिया पर चर्चा में है। पोस्टर में एक बौद्ध भिक्षु पहाड़ की चोटी पर खड़ा नजर आता है, जबकि उसके पीछे विशाल समुद्री लहरें पहाड़ों की ओर बढ़ती दिखाई देती हैं। पोस्टर पर लिखा है- 'हमें चेतावनी दी गई थी।'

-नेपाल में बाढ़ के वीडियो देखकर लोग इस पोस्टर और फिल्म के दृश्यों को मौजूदा हालात से जोड़ रहे हैं। हालांकि, ये महज एक फिल्म की काल्पनिक कहानी और वास्तविक प्राकृतिक आपदा के बीच की तुलना है।

'2012' जैसे लग रहे हैं नेपाल के हालात

-सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे बाढ़ के वीडियो पर कई लोगों ने कमेंट कर नेपाल की स्थिति को फिल्म '2012' से जोड़ दिया। एक यूजर ने लिखा कि नेपाल में दिखाई दे रहे दृश्य बिल्कुल फिल्म के किसी विनाशकारी सीन जैसे लग रहे हैं। वहीं एक अन्य यूजर ने तिब्बत-नेपाल सीमा के पास सामने आए सीसीटीवी फुटेज को बेहद डरावना बताया और इसकी तुलना '2012' और 'द डे आफ्टर टुमॉरो' जैसी आपदा फिल्मों से की।

-एक अन्य पोस्ट में यूजर ने फिल्म के विशाल बाढ़ वाले सीन का जिक्र करते हुए कहा कि नेपाल और तिब्बत के कुछ हिस्सों में जिस तरह पानी का प्रकोप देखने को मिल रहा है, वह फिल्म में दिखाए गए दृश्यों की याद दिलाता है।

फिल्म में दिखाई गई थी भयानक वैश्विक तबाही

-फिल्म '2012' की तो इसमें दुनिया के खत्म होने जैसी स्थिति को काल्पनिक अंदाज में पेश किया गया था। फिल्म की कहानी में बड़े पैमाने पर भूगर्भीय बदलावों के कारण दुनिया के कई हिस्सों में विनाशकारी प्राकृतिक आपदाएं आती हैं। समुद्र का स्तर बढ़ने से विशाल सुनामी उठती है और पानी की ऊंची-ऊंची लहरें हिमालय तक पहुंच जाती हैं।

-फिल्म में तबाही के दौरान ऊंची इमारतों के गिरने, शहरों के डूबने और लोगों के जान बचाने के लिए संघर्ष करने जैसे कई भयावह दृश्य दिखाए गए थे। इसी वजह से नेपाल में आई बाढ़ के वीडियो सामने आने के बाद लोग फिल्म के उन दृश्यों को याद कर रहे हैं।

नेपाल में बाढ़ ने मचाई भारी तबाही

नेपाल में भोटेकोशी नदी में अचानक आई बाढ़ के कारण कई गांव, सड़कें और इमारतें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विदेशी पर्यटकों समेत 400 से ज्यादा लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, राहत और बचाव अभियान जारी रहने के कारण आंकड़ों में बदलाव संभव है।

लोगों को नहीं मिली थी आपदा की पहले से जानकारी

-'द काठमांडू पोस्ट' की रिपोर्ट के मुताबिक, बाढ़ की शुरुआत भोटेकोशी की सहायक नदी ल्हेन्डे के बहाव में अचानक रुकावट आने के बाद हुई। बताया गया कि एक हिमस्खलन की वजह से नदी का रास्ता बाधित हुआ और इसके बाद जमा पानी अचानक तेज बहाव के साथ नीचे की ओर आया। सबसे पहले नेपाल-चीन सीमा के पास रसुवागढ़ी इलाके के तिमुरे क्षेत्र में इसका असर देखने को मिला।

-मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उस समय इलाके में भारी बारिश की कोई स्पष्ट सूचना नहीं थी। ऐसे में स्थानीय लोगों को इस अचानक आई बाढ़ का पहले से अंदाजा नहीं था। लोग रोजमर्रा के काम में व्यस्त थे और देखते ही देखते पानी के तेज बहाव ने इलाके को अपनी चपेट में ले लिया।

क्या सच में '2012' ने कर दी थी भविष्यवाणी?

नेपाल की मौजूदा त्रासदी और फिल्म '2012' के दृश्यों में समानता देखकर सोशल मीडिया पर भले ही लोग इसे फिल्म की 'भविष्यवाणी' बता रहे हों, लेकिन फिल्म एक काल्पनिक साइंस-फिक्शन कहानी थी। वास्तविक प्राकृतिक आपदाओं को किसी फिल्म की भविष्यवाणी से जोड़ने का कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है। वायरल वीडियो ने फिलहाल पुरानी फिल्म के दृश्यों को एक बार फिर चर्चा में जरूर ला दिया है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+