Nana Patekar Family: कहां है नाना पाटेकर की पत्नी? कौन है बेटा? नाना पाटेकर परिवार में किस-किस को छोड़ गए
Nana Patekar Family Tree: हिंदी सिनेमा के बेबाक अभिनेताओं में शुमार नाना पाटेकर का 75 साल की उम्र में निधन हो गया है। 8 अक्टूबर 2026 की सुबह गोवा स्थित उनके आवास पर अचानक तबीयत खराब हुई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने करीब 45 मिनट तक बचाने की कोशिश की, लेकिन सुबह 5:20 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। अपनी कड़क आवाज और अदाकारी से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले नाना पाटेकर अपने पीछे एक भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
नाना पाटेकर अपनी निजी जिंदगी को भी कैमरे और लाइमलाइट से दूर रखते थे। 75 साल की उम्र में उनके निधन के बाद अब उनके परिवार को लेकर भी लोग जानना चाहते हैं। उनकी पत्नी कौन थीं? उनका बेटा मल्हार क्या करता है? नाना के परिवार में और कौन-कौन था? आइए जानें।

नाना पाटेकर का परिवार कैसा था? (Nana Patekar Family)
नाना पाटेकर का असली नाम विश्वनाथ पाटेकर था। उनका जन्म महाराष्ट्र के मुरुड-जंजीरा में एक मराठी परिवार में हुआ था। उनके पिता दिनकर पाटेकर पेंटर थे और छोटे स्तर पर कारोबार से भी जुड़े थे। उनकी मां संजना बाई पाटेकर गृहिणी थीं। बचपन आसान नहीं था। परिवार ने आर्थिक तंगी देखी और कम उम्र में ही नाना ने पिता को खो दिया।
उनकी मां लंबे वक्त तक उनके साथ रहीं। जनवरी 2019 में करीब 99 साल की उम्र में उनका निधन हुआ। नाना के दो भाई भी थे। अशोक पाटेकर और दिलीप पाटेकर ने लाइमलाइट से दूरी बनाए रखी और दूसरे सेलिब्रिटीज के परिवारों की तरह सार्वजनिक चर्चा में ज्यादा नहीं रहे।

कौन हैं पत्नी नीलकांति और क्यों 35 साल से रह रहे थे अलग? (Nana Patekar wife)
नाना पाटेकर ने 1978 में नीलकांति पाटेकर से शादी की थी। नीलकांति खुद भी एक्टिंग और थिएटर से जुड़ी रही हैं। उन्होंने बैंक में अधिकारी के तौर पर काम किया और मराठी थिएटर में भी सक्रिय रहीं। शुरुआती दौर में उन्होंने नाना के करियर को सपोर्ट किया।
हालांकि, वक्त के साथ दोनों अलग-अलग रहने लगे। खास बात यह रही कि दोनों के रिश्ते में कानूनी तौर पर तलाक की बात सामने नहीं आई। नाना ने पुराने इंटरव्यू में अपने रिश्ते को लेकर बताया था कि अलग घरों में रहने के बावजूद दोनों के बीच मुलाकात और सम्मान बना रहा। यानी शादी खत्म नहीं हुई, लेकिन दोनों ने अपनी-अपनी जिंदगी अलग तरीके से जी।

कौन है नाना पाटेकर का बेटा मल्हार? (who is Nana Patekar son Malhar Patekar)
नाना और नीलकांति के बेटे का नाम मल्हार पाटेकर है। मल्हार फिल्ममेकिंग से जुड़े हुए हैं और कैमरे के पीछे काम कर चुके हैं। वह अपने पिता से जुड़े प्रोडक्शन और सामाजिक कामों में भी जुड़े रहे हैं। मल्हार ने राम गोपाल वर्मा की फिल्म 'द अटैक्स ऑफ 26/11' में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया था।
मल्हार अपने पिता द्वारा शुरू की गई 'नाम फाउंडेशन' (Naam Foundation) का कामकाज भी संभालते हैं, जो किसानों और ग्रामीण संकट से पीड़ित लोगों की मदद करती है।
नाना के एक और बेटे की बचपन में हो गई थी मौत
नाना पाटेकर और नीलकांति के दो बेटे थे। बड़े बेटे का नाम दुर्वासा था। उसका बचपन में ही निधन हो गया था। वह करीब ढाई साल का था। बताया गया कि वह जन्म से कुछ शारीरिक दिक्कतों से जूझ रहा था और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते उसकी मौत हो गई। इस घटना ने नाना को गहराई से प्रभावित किया था। वह कई मौकों पर अपने बड़े बेटे को खोने के दर्द के बारे में बात कर चुके थे। कुछ समय बाद मल्हार का जन्म हुआ।
गमन से संकल्प तक: नाना पाटेकर 4 दशकों का सुनहरा करियर
नाना पाटेकर ने 1978 की 'गमन' से फिल्मी करियर शुरू किया। 'अंकुश', 'प्रतिघात', 'सलाम बॉम्बे!' और 'परिंदा' जैसी फिल्मों ने उन्हें अलग पहचान दी। इसके बाद 'प्रहार: द फाइनल अटैक', 'क्रांतिवीर', 'अग्नि साक्षी', 'खामोशी: द म्यूजिकल', 'अब तक छप्पन' और 'वेलकम' जैसी फिल्मों में उनके काम को खूब पसंद किया गया।
'वेलकम' में उदय शेट्टी का किरदार उनकी सबसे लोकप्रिय भूमिकाओं में रहा। उन्होंने 'वेलकम बैक' में भी यही किरदार निभाया। एक्टिंग के अलावा उन्होंने 'प्रहार: द फाइनल अटैक' का निर्देशन भी किया। उन्हें सिनेमा में योगदान के लिए 2013 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया था।
नाना पाटेकर का फिल्मी सफर उनके निधन से पहले तक जारी रहा। वह 'ओ' रोमियो' में शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी के साथ नजर आए। इसके बाद 'सुबेदार' में भी काम किया। इससे पहले 'हाउसफुल 5' और 'वनवास' में उनकी मौजूदगी दिखी। 2026 में उन्होंने प्रकाश झा की राजनीतिक ड्रामा सीरीज 'संकल्प' से OTT पर भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। इस सीरीज में उन्होंने माट साहब यानी कन्हैया लाल का केंद्रीय किरदार निभाया था।


Click it and Unblock the Notifications
