एआर रहमान ने अमित शाह के 'हिंदी' भाषा के बयान के बाद शेयर किया तमिल देवी का पोस्टर, फिर छिड़ी बहस
चेन्नई, 10 अप्रैल: ऑस्कर अवॉर्ड विजेता संगीतकार एआर रहमान ने हाल ही में तमिल भाषा को लेकर एक ट्वीट किया। एआर रहमान का ट्वीट ऐसे वक्त आया है, जब गृहमंत्री अमित शाह ने 'हिंदी' भाषा को लेकर बयान दिया था। वहीं दूसरी तरफ तमिलनाडु की विपक्षी पार्टी अन्नाद्रमुक (AIADMK) ने कहा कि लोग अपनी मर्जी से हिंदी सीख सकते हैं, लेकिन भाषा थोपना स्वीकार नहीं किया जा सकता है।

ट्वीट ने फिर से बहस को छेड़ दिया
दरअसल, हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हिंदी भाषा को लेकर एक बयान दिया था। शाह ने कहा था कि स्थानीय भाषाओं को अंग्रेजी के विकल्प के तौर पर हिंदी को स्वीकार किया जाना चाहिए, जिसके बाद तमिल राजनीतिक दलों ने इस बयान पर अपनी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। अमित शाह के बयान के बाद दक्षिण भारत के दलों ने कड़ी आपत्ति जताई है। इस बीच ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान के तमिल भाषा के ट्वीट ने फिर से बहस को छेड़ दिया।

'तमिल हमारे अधिकारों की मुख्य जड़ है'
संगीतकार और गायक रहमान ने तमिल देवी 'तमिझानंगु' का एक पोस्टर ट्विटर पर पोस्ट किया, जिसमें तमिल राष्ट्रवादी कवि भारतीदासन की कविता की पंक्तियां भी नजर आ रही हैं। तमिल में लिखी पंक्तियों का अर्थ है 'तमिल हमारे अधिकारों की मुख्य जड़ है।' रहमान ने यह पोस्ट ट्विटर और इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। रहमान की ओर से पोस्ट की गई तस्वीर में लाल बैकग्राउंड में सफेद साड़ी पहने एक महिला को दिखाया गया है, जो तमिल भाषी लोगों की भावनाओं और हिंदी थोपने के संदर्भ में प्रतीत होती है।

दो धड़ों में नजर आया सोशल मीडिया
वहीं इस पोस्टर को सोशल मीडिया पर शेयर करने के बाद यूजर्स का ग्रुप दो धड़ों में बंटता नजर आया है। एक समूह जो रहमान की तारीफ करते हुए कह रहा है कि उन्होंने लाल बैकग्राउंड में तस्वीर पोस्ट कर हिंदी का विरोध और तमिल को पूर्ण समर्थन दिया है, तो दूसरी तरफ यूजर्स ने उनकी आलोचना की है। कई लोगों ने तस्वीर पोस्ट करने के उनके इरादे पर सवाल उठाते हुए कहा कि संगीत निर्देशक ने हिंदी फिल्मों में काम कर के पैसा और लोकप्रियता हासिल की और अब वह हिंदी को निशाना बना रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications